Chhapra: ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पुरातात्विक महत्व वाले चिरांद में आगामी 29 जून को ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाली गंगा महाआरती एवं गंगा बचाओ संकल्प समारोह की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।
आयोजन को सफल बनाने के लिए आयोजित बैठक में परिषद के सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक की अध्यक्षता परिषद के संस्थापक सदस्य हरिद्वार सिंह ने की।
इस अवसर पर परिषद के सचिव एवं गंगा समग्र उत्तर बिहार के सह संयोजक श्रीराम तिवारी ने गंगा संरक्षण विषय पर सम्बोधित करते हुए कहा कि गंगा केवल एक नदी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आस्था और सभ्यता की जीवनधारा है। उन्होंने गंगा की स्वच्छता और संरक्षण के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए सभी लोगों से संकल्प लेने का आह्वान किया।
बैठक में बताया गया कि समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों से संत, महामंडलेश्वर, शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। साथ ही बिहार के मुख्यमंत्री के भी कार्यक्रम में आने की प्रबल संभावना जताई गई। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है।
बैठक में तारकेश्वर सिंह, राजकिशोर प्रसाद चौरसिया, बिनोद सिंह, हरेश्वर सिंह, उदय चौधरी, बीपीन बिहारी रमन, हेमंत कुमार सिंह, राकेश कुमार सिंह, चंदन कुमार, राशेश्वर सिंह, लोकेश कुमार शुक्ला, विकास मिश्रा, ललन भक्त, अमृत सागर, सोनू कुमार, सुभाष महतो, हरिमोहन कुमार, हरेन्द्र भगत, जी. विजय, मोहन पासवान, सुशील कुमार पाण्डेय, डॉ. गुंजेश कुमार उपाध्याय, रमाशंकर कुमार, मुकेश कुमार सिंह समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।





















