Chhapra: मांझी थाना पुलिस ने शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान अंतरजिला शराब तस्करी का खुलासा करते हुए 276 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो चारपहिया वाहनों को जब्त करते हुए आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करी में शामिल लोग बोलबम के परिधान की आड़ में शराब का परिवहन कर रहे थे।
वरीय पुलिस अधीक्षकविनीत कुमार के निर्देशन में शराब के विरुद्ध हो रही छापेमारी अभियान के क्रम में 15 अगस्त 2026 को मांझी थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के रास्ते दो चारपहिया वाहनों से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-2 के नेतृत्व में मांझी थाना पुलिस की टीम ने बलिया मोड़ के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदेह के आधार पर दो चारपहिया वाहनों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से कुल 276 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया कि शराब का परिवहन बोलबम के परिधान की आड़ में किया जा रहा था। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों वाहनों के चालकों समेत कुल आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में मांझी थाना कांड संख्या 408/26 दर्ज करते हुए बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2016 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपितों में संजय कुमार सिंह, पिता चंद्रशेखर सिंह, मुरीचारों, थाना अंगारघाट, जिला समस्तीपुर, दिलीप कुमार, पिता अरुण कुमार सिंह, अहमदपुर, थाना सरायरंजन, जिला समस्तीपुर, रितेश राय, पिता शिवप्रसाद राय, भगवानपुर देशुआ, थाना उजियारपुर, जिला समस्तीपुर, सत्येन्द्र सिंह, पिता कृष्णनंदन सिंह, डिहरी, थाना शेखपुरा, जिला शेखपुरा, कृष्णनम कुमार, पिता जयशंकर सिंह, भगवानपुर देशुआ, थाना उजियारपुर, जिला समस्तीपुर, रितिक कुमार, पिता सुधीर कुमार सिंह, भगवानपुर देशुआ, थाना उजियारपुर, जिला समस्तीपुर, विशाल कुमार, पिता विजय कुमार साही, बीरपुर, थाना काटो, जिला मुजफ्फरपुर, बुलबुल, पिता स्वर्गीय प्रेमशंकर शर्मा, बीरपुर, थाना काटो, जिला मुजफ्फरपुर शामिल हैं।



















