एशियन खेल: महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में पलक ने रिकॉर्ड स्कोर के साथ जीता स्वर्ण, ईशा को रजत

एशियन खेल: महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में पलक ने रिकॉर्ड स्कोर के साथ जीता स्वर्ण, ईशा को रजत

हांगझू, 29 सितंबर (हि.स.)। एशियाई खेलों में शुक्रवार को 17 वर्षीय पलक ने 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को आठवां स्वर्ण पदक दिलाया, जबकि उनकी हमवतन ईशा ने रजत पदक जीता। इसी के साथ उन्होंने इन खेलों में अपना चौथा पदक जीता।

पलक, जिन्होंने जकार्ता एशियाड के बाद ही शूटिंग शुरू की थी, ने 242.1 के नए एशियाई खेलों के रिकॉर्ड स्कोर के साथ स्वर्ण पर निशाना साधा और अपने प्रदर्शन से सभी को चौंका दिया।

वहीं, ईशा ने 239.7 के स्कोर के साथ रजत पदक जीता। यह एशियाई खेलों में उनका चौथा पदक था, इससे पहले उन्होंने दो टीम पदक (10 मीटर एयर पिस्टल में रजत, 25 मीटर पिस्टल में स्वर्ण) और 25 मीटर पिस्टल में व्यक्तिगत रजत पदक जीता था।

इससे पहले, स्वप्निल कुसल, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर और अखिल श्योराण की पुरुष तिकड़ी ने शुक्रवार को 50 मीटर राइफल पुरुषों की 3पी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था।

1769 अंकों के साथ टीम इंडिया ने गोल्ड पर कब्ज़ा जमाया, जबकि चीन (1763) और कोरिया गणराज्य (1748) ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक जीते।

इससे पहले, ईशा सिंह, पलक और दिव्या सुब्बाराजू की निशानेबाजी तिकड़ी ने निशानेबाजी में देश का अजेय अभियान जारी रखा और शुक्रवार को चल रहे एशियाई खेलों में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल पिस्टल टीम फाइनल में रजत पदक हासिल किया।

कुल 1731 अंकों के साथ, भारत स्वर्ण पदक से केवल पांच अंक पीछे रहते हुए रजत पदक हासिल करने में सफल रहा, जिसे चीन ने 1736 अंकों के साथ जीता। चीनी ताइपे ने 1723 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

इससे पहले गुरुवार को सरबजोत सिंह, शिव नरवाल और अर्जुन सिंह चीमा ने यहां हांग्जो एशियाई खेलों में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल टीम में भारत के लिए एक और स्वर्ण पदक जीता।

मैच-अप में सरबजोत सिंह ने वापसी करते हुए व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल के लिए पांचवें स्थान पर क्वालीफाई किया। अर्जुन सिंह चीमा ने 8वें स्थान पर फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। शिवा नरवाल 14वें स्थान पर रहकर व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालीफाई करने में असफल रहे, लेकिन भारतीय टीम का संयुक्त स्कोर स्वर्ण के लिए चीन को एक अंक से मात देने के लिए पर्याप्त था।

1734 अंकों के साथ भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता, चीन 1733 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा और वियतनाम ने 1730 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

बता दें कि भारतीय निशानेबाज अब तक एशियाई खेलों में छह स्वर्ण सहित 17 पदक जीत चुके हैं। वहीं पदक तालिका में भारत 30 पदकों के साथ अब चौथे स्थान पर आ गया है, जिसमें 8 स्वर्ण, 11 रजत और 11 कांस्य पदक शामिल हैं।

0Shares
A valid URL was not provided.

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें