इतिहास के पन्नों मेंः 9 दिसंबर

इतिहास के पन्नों मेंः 9 दिसंबर

स्वर्णिम सफर की शुरुआतः 9 दिसंबर 1946 को संविधान सभा की पहली बैठक हुई। संविधान सभागृह (आज संसद भवन सेंट्रल हॉल) में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सच्चिदानंद सिन्हा ने की। सभा को संबोधित करने वाले प्रथम वक्ता थे- जेबी कृपलानी। अलग राष्ट्र की मांग करते हुए मुस्लिम लीग ने इस बैठक का बहिष्कार कर दिया था।

दरअसल, दूसरा विश्वयुद्ध खत्म होने के बाद 1945 में ब्रिटेन की सरकार ने भारत संबंधी अपनी नयी नीति की घोषणा करते हुए संविधान निर्माण के लिए कमेटी बनाने का फैसला किया। भारत की आजादी के सवाल को लेकर संभावनाएं तलाशने के लिए ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एटली ने कैबिनेट मंत्री लॉरेंस, क्रिप्स, एलेक्जेंडर को भारत भेजा। इसे ही कैबिनेट मिशन के नाम से जाना जाता है।

1 दिसंबर 1946 को संविधान सभा का गठन पूरा हो गया। जिसके सदस्य देश के विभिन्न राज्यों की सभाओं के निर्वाचित सदस्य बनाए गए। डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. भीमराव अंबेडकर, सरदार वल्लभ भाई पटेल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी, जवाहरलाल नेहरू, मौलाना अबुल कलाम आजाद जैसे नेता इस सभा के प्रमुख सदस्य थे। सच्चिदानंद सिन्हा इस सभा के पहले सभापति बने किंतु बाद में डॉ. राजेंद्र प्रसाद को सभापति निर्वाचित किया गया। संविधान निर्माण का कार्य तेजी से पूरा करने के लिए 22 समितियां बनायी गयीं, जिनमें 8 समितियां प्रमुख थीं।

15 अगस्त 1947 को देश की स्वतंत्रता के बाद यह संविधान सभा पूरी तरह प्रभुता संपन्न हो गयी। आजादी का नया सवेरा आते ही संविधान सभा के सदस्य ही प्रथम संसद के सदस्य बने। संविधान सभा ने 2 वर्ष 11 माह और 18 दिन की कुल 114 बैठकों में अपना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया। 26 जनवरी 1950 को संपूर्ण भारतीय संविधान लागू किया गया।

अन्य अहम घटनाएंः

1484ः महान संत कवि सूरदास का जन्म।

1761ः शिवाजी की पुत्री ताराबाई का पुणे में निधन।

1913ः भारत की प्रथम महिला फोटो पत्रकार होमाई व्यारावाला का जन्म।

1926ः हिंदी साहित्यकार और वरिष्ठ पत्रकार रघुवीर सहाय का जन्म।

1942ः दूसरे विश्वयुद्ध के दौरान चीन में निःस्वार्थ सेवा करते हुए जान देने वाले भारतीय डॉक्टर द्वारकानाथ कोटणीस का निधन।

1946 – कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का जन्म।

1983ः आजाद हिंद फौज के प्रमुख अधिकारी रहे शाहनवाज खान का निधन।

2007ः प्रगतिशील काव्यधारा के प्रमुख कवि त्रिलोचन शास्त्री का निधन।

2009ः जाने-माने तबला वादक उस्ताद हनीफ मोहम्मद खां का निधन।

2020ः प्रख्यात कवि मंगलेश डबराल का निधन।

0Shares
Prev 1 of 242 Next
Prev 1 of 242 Next

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें