नई दिल्ली, 17 मार्च (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने अपने शताब्दी वर्ष में सांगठनिक कार्य विस्तार में और तेजी लाने के उद्देश्य से पांच के बजाय इस बार छह सह सरकार्यवाह बनाए हैं। महाराष्ट्र के नागपुर में तीन दिवसीय अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक के अंतिम दिन रविवार को यह निर्णय लिया गया।
संघ के प्रचार विभाग के मुताबिक दत्तात्रेय होसबाले लगातार दूसरी बार अगले तीन वर्षों के लिए सरकार्यवाह के पद पर चुने गए हैं। इसी के साथ उन्होंने अपने सहयोगी के तौर पर नई अखिल भारतीय कार्यकारिणी में इस बार छह सह सरकार्यवाह नियुक्त किए हैं। निवर्तमान कार्यकारिणी में पांच सह सरकार्यवाह थे, जिसमें से चार को नई कार्यकारिणी में भी बरकरार रखा गया है। इसी के साथ दो नए सह सरकार्यवाह नियुक्त किए गए हैं।
जिन दो नए पदाधिकारियों को सह सरकार्यवाह का दायित्व सौंपा गया है उनमें अखिल भारतीय सह प्रचार प्रमुख आलोक कुमार और पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक अतुल लिमये शामिल हैं। बाकी चार सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल, मुकुंद, अरुण कुमार और रामदत्त चक्रधर पिछली कार्यकारिणी में भी थे। निवर्तमान कार्यकारिणी में सह सरकार्यवाह रहे डॉ. मनमोहन वैद्य को अखिल भारतीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया है।