मुंबईः केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की सुरक्षा में भारी चूक

मुंबईः केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की सुरक्षा में भारी चूक

कड़ी सुरक्षा के बावजूद गृहमंत्री के करीब पहुंचने वाला शख्स गिरफ्तार
खुद को एक सांसद का निजी सचिव बताकर आंखों में धूल झोंक रहा था

मुंबई: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मुंबई दौरे में उनकी सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला प्रकाश में आया है। मुंबई दौरे में एक शख्स खुद को एक सांसद का निजी सचिव होने का दावा कर कई घंटों तक अमित शाह के इर्द-गिर्द घूमता रहा। लेकिन मंत्रालय के अधिकारियों को शक होने पर उस शख्स को मुंबई पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मुंबई पुलिस ने संदिग्ध शख्स से गहन पूछताछ के बाद बुधवार को गिरफ्तार किया है। आरोपित का नाम हेमंत पवार है और यह धुलिया जिले का निवासी है। पुलिस हेमंत पवार से पूछताछ कर रही है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह चार और पांच अगस्त को मुंबई दौरे पर थे। इस बीच, उन्होंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुंबई में उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। उसके बाद उन्होंने बांद्रा के आशीष शेलार के गणेशोत्सव मंडल में और लालबाग के राजा गणेशोत्सव मंडल में जाकर भगवान गणेश के दर्शन किए थे। उनकी सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। मुंबई पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने भी शाह की सुरक्षा के लिए सावधानी बरती।

हालांकि इस बीच केंद्रीय गृहमंत्री के इर्द-गिर्द एक शख्स घूम रहा था। उसने सुरक्षा एजेंसियों से कहा था कि वह आंध्र प्रदेश के एक सांसद का निजी सचिव है। मंत्रालय के एक अधिकारी को इस शख्स पर शक हुआ और उन्होंने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी। इसके बाद मुंबई पुलिस ने उस व्यक्ति को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की।

सूत्रों ने बताया कि आरोपित का नाम हेमंत पवार है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि यह सुरक्षा में कोई चूक नहीं है। यह मुंबई पुलिस की ही सतर्कता थी कि उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया और आरोपित की जांच जारी है।

सूत्रों के अनुसार पूछताछ में पता चला है कि आरोपित हेमंत पवार ने सुरक्षा एजेंसियों को गुमराह करने के लिए केंद्रीय गृह विभाग का सुरक्षा अधिकारी होने का भी दावा किया था। उसने एक रिबन के साथ गृह मंत्रालय नाम का नीले रंग का आई-कार्ड पहनकर सरकारी अधिकारी होने का नाटक किया था। इस बात की भी जांच चल रही है कि हेमंत पवार की मंशा क्या थी।

0Shares
Prev 1 of 236 Next
Prev 1 of 236 Next

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें