पटना: जदयू के प्रदेश कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद आज पत्रकारों से बात करते हुए परिवहन मंत्री शीला मंडल ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार परिवहन विभाग जल्द ही स्क्रैप पाॅलिसी ला रहा है। पुरानी गाड़ियों से प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ता है, दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि स्क्रैप पाॅलिसी से रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा। राज्य सरकार ने 15 वर्ष पुरानी गाड़ियों को सड़क पर से हटाने की समय सीमा 15 जून तक बढ़ा दी है। उन्होंने कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम की चर्चा करते हुए कहा कि एक सप्ताह पूर्व इस सिस्टम को शुरू करने वाला पटना देश का चौथा स्थान बन गया है। गाड़ी किस रूट पर और किस स्पीड से चल रही है तथा दुर्घटना होते ही सारी जानकारी कंट्रोल रूम को तत्काल मिलती रहती है। हम पूरे प्रदेश में सीएनजी बसें चलाने का प्रयास कर रहे हैं।
जनसुनवाई कार्यक्रम में राज्य के कोने-कोने से आए कार्यकर्ताओं और आम लोगों की समस्याओं को दोनों मंत्रियों ने सुना और उसका त्वरित निराकरण किया। मंत्री द्वय ने समस्याओं के निवारण के लिए पदाधिकारियों को दिशा निर्देश भी दिया।
कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय उपाध्यक्ष डाॅ. नवीन आर्य चन्द्रवंशी, मुख्यालय महासचिव, अरुण कुमार सिंह एवं मुख्यालय सचिव वासुदेव कुशवाहा उपस्थित रहे।