पटना: बिहार के मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण,पश्चिम चंपारण और समस्तीपुर के आसपास जिले में रविवार की सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। सुबह 7: 58 मिनट से लेकर 8: 01 के बीच भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए।इसका केंद्र नेपाल का काठमांडू बताया जा रहा है।

नेपाल के काठमांडू से 170 किलोमीटर दक्षिण पूर्व क्षेत्र में 5.5 तीव्रता से आए भूकंप के झटकों का सबसे ज्यादा असर बिहार के पूर्वी चम्पारण में देखने को मिला। यहां पांच सेकंड तक कंपन हुआ। हालांकि भूकंप की तीव्रता बहुत कम होने के कारण कुछ लोग तो इसको महसूस ही नहीं कर सके। कुछ जब तक इसे समझ पाते झटके आने बंद हो चुके थे।

हालांकि जैसे ही लोगों को यह साफ हो गया कि भूकंप है वे डर गए और बाहर आ गए। इस झटके ने लोगों के मन में वर्ष 2015 की याद ताजा कर दी। जब भूकंप ने नेपाल में कहर ढा दिया था। अप्रैल 2015 में नेपाल में भयंकर भूकंप आया था। इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.8 मापी गई थी। उसकी तुलना में आज का भूकंप काफी कमजोर कहा जा सकता है। भूकंप की तीव्रता का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि बिहार के बहुत से सीमावर्ती जिलों में भी उस भूकंप की वजह से नुकसान हुआ था। जहां तक नेपाल में हुए नुकसान की बात है तो कहा जा रहा है कि उसकी वजह से करीब 9000 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें 22 हजार के आसपास के लोग जख्मी हो गए थे।

पटना: जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सितंबर तक के लिए 55 जोड़ी विमानों की समय सारणी एयरपोर्ट प्रबंधन ने जारी कर दी है। जारी किये गये नये समय सारणी के अनुसार 24 सितंबर तक के लिए पटना एयरपोर्ट से 55 जोड़ी यानी 110 विमानों का टाइम जारी किया गया है।

पटना एयरपोर्ट से पहली फ्लाइट स्पाइसजेट की होगी। सुबह 7.35 बजे गुवाहटी से आने के बाद 7.55 बजे अमृतसर रवाना होगी। इससे पहले पटना एयरपोर्ट पर पहली फ्लाइट पुणे से आने वाली इंडिगो की सुबह 5.20 बजे थी। दिल्ली के लिए पटना से पहली फ्लाइट गो एयर की सुबह 8:15 बजे है। पहले भी यही समय था। पटना से आखिरी विमान गुवाहाटी के लिए रात 10.15 बजे है।

रात की बेंगलुरू-पटना-पुणे फ्लाइट को 25 सितंबर तक के लिए रद्द कर दिया गया है। रात में दिल्ली जाने वाली इंडिगो और पटना से टेकऑफ करने वाली शमसाबाद पटना-राम्राबाद फ्लाइट को भी 25 सितंबर तक कैंसिल किया गया है।

खास बात यह है कि 12 जुलाई से देवघर एयरपोर्ट से विमानों का ऑपरेशन शुरू हो गया है लेकिन पटना से एक भी विमान नहीं दिया गया है। पहले आखिरी विमान रात 1:40 बजे शम्साबाद के लिए था। दिल्ली का आखिरी विमान रात 9.50 बजे है, जबकि पहले 10:20 बजे था।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में आजादी की 75वीं वर्षगांठ और आजादी के अमृत महोत्सव का जिक्र किया। देश के महान क्रांतिकारियों को याद करते हुए उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लें। उन्होंने कहा कि तिरंगा अभियान के तहत हम तिरंगे को अपना सोशल मीडिया प्रोफाइल भी बना सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने ‘मन की बात’ की 91वीं कड़ी को संबोधित करते हुए कहा कि खुशी की बात है कि आजादी का अमृत महोत्सव एक जन आंदोलन का रूप ले रहा है। जीवन के सभी क्षेत्रों और समाज के हर वर्ग के लोग देश भर में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत 13 से 15 अगस्त तक एक विशेष ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। लोग इस अभियान का हिस्सा बनकर 13 से 15 अगस्त तक अपने घर पर तिरंगा जरूर फहराएं । तिरंगा हमें जोड़ता है। हमें देश के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित करता है। 2 अगस्त से 15 अगस्त तक हम सभी अपनी सोशल मीडिया प्रोफाइल पिक्चर में तिरंगा लगा सकते हैं।

तिरंगे के इतिहास का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि 2 अगस्त का तिरंगे से विशेष संबंध है। इसी दिन पिंगली वेंकैया जी की जयंती होती है। उन्होंने हमारे राष्ट्रीय ध्वज को रूपरेखा तैयार की थी। वे उन्हें आदरपूर्वक श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। साथ ही महान क्रांतिकारी मैडम कामा को भी याद करते हैं जिन्होंने तिरंगे को आकार देने में बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई ।

युगाब्ध-5124, विक्रम संवत 2079, राष्ट्रीय शक संवत-1944
सूर्योदय 05.44, सूर्यास्त 06.48, ऋतु – वर्षा

श्रावण शुक्ल पक्ष तृतीया, रविवार, 31 जुलाई 2022 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल।

मेष राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। व्यावसायिक क्षेत्र में भी लाभ होगा। शेयर और प्रॉपर्टी में निवेश लाभदायक रहेगा। पारिवारिक जीवन में सुख-शांति छाई रहेगी। विवाहोत्सुकों को योग्य साथी मिलने की संभावना है। किसी मनोहर स्थल पर प्रवास हो सकता है। पुराने मित्रों से मुलाकात होगी, जो लाभदायक रहेगी। धार्मिक कार्यों के पीछे धन का खर्च अधिक होगा। आय की अपेक्षा खर्च की मात्रा अधिक होगी। सेहत का ध्यान रखने की आवश्यकता है।

वृषभ राशि :- आज का दिन लाभदायी है। कायक्षेत्र में अच्छा माहौल रहेगा और व्यापार-व्यवसाय में अपेक्षित सफलता मिलने की संभावना रहेगी। आकस्मिक धनलाभ से आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। धार्मिक कार्यों में रुचि ले सकते हैं। आनंद-प्रमोद और मनोरंजक प्रवृत्तियां दिनभर चलती रहेंगी। घर की साज-सजावट में नयापन लाएंगे। वाहन-सुख भी मिलेगा। सामाजिक प्रसंग में कहीं बाहर जाने का प्रसंग उपस्थित होगा। रमणीय स्थान पर प्रवास का आनंद ले सकेंगे।

मिथुन राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। व्यापार को विकसित करने की ओर अधिक ध्यान देंगे। नई योजनाएं और विचारधारा की नवीनता से व्यापार प्रगति की दिशा में अग्रसर होने लगेगा। फिर भी कार्य में सफलता मिलने में विलंब हो सकता है। मध्याह्न के बाद व्यापार के अनुकूल वातावरण सर्जित होगा। इसी कार्य के लिए कहीं बाहर जाने की संभावनाएं भी उपस्थित हो सकती हैं। पदोन्नति के योग हैं। आपकी कार्यपद्धति से उच्च अधिकारी भी आप पर प्रसन्न रहेंगे। पिता और बड़ों से लाभ की आशा है।

कर्क राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। खान-पान पर विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है। नकारात्मक विचारों को मन से निकाल देने पर हताशा से उबर पाएंगे। अनैतिक और अप्रमाणिक कार्य विपत्ति में डाल सकता है, इसलिए संभव हो तो उससे दूर रहें। आकस्मिक प्रवास का योग है। मध्याह्न के बाद अच्छी समय अच्छा बीतेगा। लेखन या साहित्यिक प्रवृत्ति में विशेष रुची रहेगी। व्यापार में विकास होने से नई योजनाएं भी अमल में आएंगी। वाद-विवाद से बचें।

सिंह राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। किसी के साथ भावनात्मक संबंध से बंध सकते हैं और उस संबंध में आज कुछ अधिक भावनाशील रहेंगे। आनंद-प्रमोद तथा मनोरंजक प्रवृत्ति से मन प्रफुल्लित रहेगा। इस प्रवृत्ति में मित्रों का सहकार मिलने से मनोरंजन का आनंद दुगुना हो जाएगा। मध्याह्न के बाद स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें। क्रोध पर संयम रखें। वाणी उग्र न हो जाए, इसका भी ध्यान रखें। नए कार्य को प्रारंभ करने के लिए समय अच्छा नहीं है।

कन्या राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। कारोबार अच्छा चलेगा और आर्थिक लाभ होगा। व्यापार के विस्तार की नई योजनाएं शुरू कर सकते हैं, जिनमें सफलता मिलेगी। धन प्राप्ति का प्रबल योग है। नौकरी में पदोन्नति हो सकती है और आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी। परिवार के साथ अच्छा समय बीतेगा। अच्छे वस्त्र और अच्छे खान-पान से मन प्रफुल्लित रहेगा। मनोरंजक प्रवृत्ति से मन प्रफुल्लित रहेगा। छोटे प्रवास या पर्यटन पर जा सकते हैं। सेहत का ध्यान रखें।

तुला राशि :- आज का दिन शुभ फलदायी रहेगी। कारोबार में समय अनुकूल रहेगा और आर्थिक लाभ की स्थिति बनेगी। व्यापार में विकास होने से मन में आनंद छाया रहेगा। वस्त्राभूषणों की खरीदी आपके लिए रोमांचक और आनंददायी रहेगी। कला के प्रति आपकी अभिरुची विशेष रहेगी। घर की साज-सजावट में नयापन लाएंगे। वाहन-सुख भी मिलेगा। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा और परिजनों का भरपूर सहयोग मिलेगा। खान-पान में संयम रखें।

वृश्चिक राशि :- आज का दिन आपके लिए मध्यम फलदायी रहेगा। कारोबार में छोटी-छोटी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। संपत्ति सम्बंधित दस्तावेजों को लेकर सावधानी रखना होगा। सोच-समझकर और किसी की सलाह लेकर किया गया निवेश लाभदायक रहेगा। क्रोध पर नियंत्रण रखें, अन्यथा परिवार में कलह होने की संभावना रहेगी। दाम्पत्य जीवन खुशहाल रहेगा। स्वास्थ्य को लेकर चिंतित हो सकते हैं। विद्यार्थियों के लिए समय अनुकूल है।

धनु राशि :- आज का दिन व्यवसायियों के लिए अनुकूल है। कारोबार अच्छा चलेगा और आर्थिक स्थिति मजबूत रहेगी। हालांकि, कार्यभार की अधिकता रहेगी, जिससे मानसिक और शारीरिक रूप से थकान का अनुभव होगा। गृहस्थ जीवन में उलझे हुए प्रश्नों का निराकरण मिलेगा और संपत्ति से जुड़े कार्यों का भी रास्ता निकलेगा। भाई-बहनों के साथ सम्बंधों में प्रेम बना रहेगा। मध्याह्न के बाद कार्य में प्रतिकूलताओं में वृद्धि होगी। परिवारजनों के साथ मतभेद रह सकता है।

मकर राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। वाणी पर संयम रखने से अन्य लोगों के साथ मनमुटाव के प्रसंगों को टाल सकेंगे। आध्यात्मिक विचार और प्रवृत्तियों में दिनभर मन लगा रहेगा। फिर भी विद्यार्थियों के पढऩे-लिखने में एकाग्रता रखनी पड़ेगी। मध्याह्न के बाद चिंताओं के निवारण करने के उपाय मिलने से मानसिक शांति का अनुभव होगा। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थता बनी रहेगी। प्रतिस्पर्धा की इच्छाएं फलीभूत नहीं हो पाएंगी।

कुम्भ राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। व्यावसायिक क्षेत्र में अनुकूल वातावरण मिलने के योग बन रहे हैं। आज का प्रत्येक कार्य बिना विघ्न के संपन्न होगा। गृहस्थ जीवन में उग्र वातावरण बना रहेगा। आध्यात्मिक प्रवृत्ति में रुचि रहेगी। कार्यालय में आपका प्रभाव बना रहेगा। मध्याह्न के बाद आपके मन पर नकारात्मक विचारों का आक्रमण होने से मन में हताशा रहेगी। घर के कार्यों के पीछे धन का खर्च होने की संभावना है। पूंजी-निवेश हेतु शेयर बाजार आपके लिए अनुकूल रहेगा।

मीन राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। कारोबार मध्यम रहेगा और कार्यभार की अधिकता रहेगी, कठिन परिश्रम से कार्य फसल होंगे। धार्मिक कार्यों में भाग लेंगे तथा धार्मिक यात्रा पर भी जा सकते हैं, जिसमें अधिक धन खर्च होने की संभावना रहेगी। कोर्ट-कचहरी के कार्य सफल होंगे। पुण्य कार्य के पीछे धन का व्यय होगा। ईश्वर की आराधना आपके मन को शांति प्रदान करेगी। मध्याह्न के बाद आपके प्रत्येक कार्य सरलतापूर्वक संपन्न होंगे। गृहस्थ जीवन अच्छा रहेगा। शारीरिक स्वास्थ्य भी बना रहेगा।

किशनगंज: लाल खून का काला कारोबार करने वाले गिरोह का सदर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। एसपी डॉ इनामुल हक मेंगनु के निर्देश पर सदर थानाध्यक्ष अमर प्रसाद सिंह की अगुवाई में बिहार पुलिस के तेज तर्रार और जांबाज एएसआई संजय कुमार यादव ने खून का कारोबार करने वाले तीन धंधेबाजो को रंगेहाथ धर दबोचा है।

एएसआई संजय कुमार यादव बीते तीन दिनों से इन धंधेबाजों के पीछे लगे हुए थे जिसके बाद शुक्रवार 12 बजे रात्रि को शहर के उत्तरपाली स्थित बेथल मिशन स्कूल के निकट से मुख्य सरगना बाबर को गिरफ्तार किया गया और उसके निशानदेही पर पश्चिमपाली एसबीआई के निकट से रुस्तम नाम के युवक को गिरफ्तार किया गया। तीसरे युवक की गिरफ्तारी चूड़ीपट्टी से हुई है। ये सभी नशेड़ियों के शरीर से खून निकालते थे। मिली जानकारी के मुताबिक नशेड़ियों को 250 एमएल ब्लड के बदले दो से तीन हजार रुपए दिया जाता था और उसी खून को ये शातिर धंधेबाज 25 से 30 हजार रुपये में बेचते थे।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक इनका नेटवर्क बंगाल, नेपाल और बंगलादेश तक फैला हुआ था।

बर्मिंघम/ नई दिल्ली: राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारत के लिए दूसरा दिन काफी शानदार रहा। भारतीय भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने बर्मिंघम में इस साल के राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का पहला स्वर्ण पदक जीता। चानू ने 49 किग्रा क्लीन एंड जर्क स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।

राष्ट्रमंडल खेल 2022: मीराबाई चानू ने रचा इतिहास, भारत को दिलाया पहला स्वर्ण पदक

राष्ट्रमंडल खेल 2022: भारोत्तोलक संकेत सरगर ने भारत को दिलाया पहला पदक

इससे पहले भारोत्तोलक संकेत सरगर ने 55 किग्रा पुरुष फाइनल में रजत पदक जीता। सरगर ने क्लीन एंड जर्क के अपने पहले प्रयास में 135 किलो वजन उठाया और फाइनल में अपने दूसरे और तीसरे प्रयास में 139 किलो का वजन उठाया।

भारोत्तोलक गुरुराजा पुजारी ने पुरुषों के 61 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता। गुरुराजा कुल 269 किग्रा भार उठाकर तीसरे स्थान पर रहे।

सरगर की जीत के बाद, भारत ने बैडमिंटन मिश्रित टीम स्पर्धा में श्रीलंका को 5-0 से हराया। दूसरी ओर, भारत ने लॉन बाउल्स के पुरुष ट्रिपल इवेंट में माल्टा के साथ 16-16 से ड्रा खेला।

इसके अलावा भारतीय मुक्केबाज मोहम्मद हसमुद्दीन ने बर्मिंघम में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के राउंड ऑफ 32 में साउथ अफ्रीका के अजमोले दयेयी को एकतरफा अंदाज में हरा दिया। हसमुद्दीन अब राउंड ऑफ 16 में पहुंच गए हैं। हसमुद्दीन ने मेंस फेदरवेट (54-57 किग्रा) में अजमोले दयेयी को 5-0 से करारी मात दी। भारतीय मुक्केबाज ने अपने तीनों राउंड के मुकाबले आसानी से जीत लिए। गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाले हसमुद्दीन सर्वसम्मति से विजेता चुने गए।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी, खेलमंत्री अनुराग ठाकुर सहित पूरा देश दे रहा पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई

राष्ट्रमंडल खेल 2022 में भारतीय खिलाड़ियों का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी लगातार समर्थन कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने स्वर्ण जीतने पर मीराबाई चानू को बधाई देते हुए ट्वीट किया, “असाधारण मीराबाई चानू ने भारत को एक बार फिर गौरवान्वित किया! हर भारतीय इस बात से खुश है कि उन्होंने बर्मिंघम खेलों में स्वर्ण पदक जीता और एक नया राष्ट्रमंडल रिकॉर्ड बनाया। उनकी सफलता कई भारतीयों को प्रेरित करती है, विशेषकर नवोदित एथलीटों को।”

पीएम ने कांस्य पदक विजेता पी. गुरुराजा और रजत पदक विजेता संकेत सरगर को भी पदक जीतने पर बधाई दी।

प्रधानमंत्री के अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर सहित कई बड़े नेता और भारतीय खेल जगत ने भी पदक विजेताओं को बधाई दी।

गौरतलब है कि आज बाद में, भारतीय महिला हॉकी टीम पूल ए में वेल्स के खिलाफ भिड़ेगी, जबकि लवलीना बोरगोहेन भी 66 किग्रा भार वर्ग में एरियन निकोलसन के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। मिश्रित टीम बैडमिंटन में भारतीय दल ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा।

बर्मिंघम: भारतीय स्टार महिला भारोत्तोलक मीराबाई चानू ने इतिहास रचते हुए राष्ट्रमंडल खेल 2022 के महिलाओं के 49 किग्रा वर्ग में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया। चानू ने अपने पहले क्लीन एंड जर्क प्रयास में 109 किग्रा की सफल लिफ्ट के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने कुल 201 किग्रा (स्नैच में 88 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 113 किग्रा) का भार उठाया।

चानू क्लीन एंड जर्क दौर में अपने तीसरे प्रयास में 115 किग्रा भार उठाने में विफल रही। बहरहाल टीम इंडिया को बर्मिंघम में पहला स्वर्ण पदक मिला।

चानू ने इससे पहले 49 किग्रा वर्ग के स्नैच दौर में अपने दूसरे प्रयास में 88 किग्रा की सफल लिफ्ट के साथ अपना नया व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ और राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। यह एक नया राष्ट्रमंडल रिकॉर्ड भी है। हालांकि इसके बाद वह अपने तीसरे स्नैच प्रयास में 90 किग्रा भार उठाने में विफल रही।

मॉरीशस की मारिया हैनिट्रा ने कुल 172 किग्रा ( स्नैच में 76 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 96 किग्रा) भार के साथ रजत पदक जीता वहीं, कनाडा की हन्नाह कामिंस्की ने कुल 171 किग्रा ( स्नैच में 74 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 97 किग्रा) वजन के साथ कांस्य पदक जीता

बता दें कि मीराबाई ने गोल्डकोस्ट में हुए 2018 के राष्ट्रमंडल खेल में भी स्वर्ण पदक जीता था। बता दें कि राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का ये तीसरा पदक है। तीनों ही पदक भारोत्तोलन में आए हैं। इससे पहले संकेत सरगर ने रजत और गुरूराजा पुजारी ने कांस्य पदक जीता था।

उपन्यास और कहानियों की विशिष्ट परंपरा विकसित कर कई पीढ़ियों को प्रभावित करने वाले मुंशी प्रेमचंद ने हिंदी साहित्य में यथार्थवादी परंपरा की नींव रखी। उनके लेखन ने हिंदी साहित्य को नया अर्थ और आयाम दिया। इन्हीं विशिष्टताओं की वजह से उनका साहित्य ऐसा दस्तावेज है, जिसके बिना हिंदी साहित्य की विकास यात्रा को लेकर किया गया हर अध्ययन अधूरा है। 1918-1936 का कालखंड प्रेमचंद युग के नाम से जाना जाता है।

मुंशी प्रेमचंद का जन्म 31 जुलाई 1880 को वाराणसी के लमही गांव में हुआ। उनका वास्तविक नाम धनपत राय श्रीवास्तव था। शुरू में एक लंबे समय तक वे नवाब राय के नाम से उर्दू में लेखन करते थे। 1909 में कहानी संग्रह सोज़े वतन की प्रतियां ब्रिटिश सरकार ने जब्त कर ली तो उर्दू अखबार ज़माना के संपादक मुंशी दया नारायण निगम ने ब्रिटिश सरकार के कोप से बचने के लिए उन्हें प्रेमचंद नाम सुझाया। यह उन्हें ऐसा पसंद आया कि वे आजीवन इसी नाम से लेखन करते रहे। मशहूर उपन्यासकार शरदचंद्र चटोपाध्याय ने उन्हें उपन्यास सम्राट का नाम दिया था। हिंदी और उर्दू में समान रूप से लोकप्रिय रहे उपन्यासकार, कहानीकार और सम्पादक प्रेमचंद ने साहित्य के जरिये अपने समय पर प्रतिरोध के स्वर और सामाजिक चेतना की छाप छोड़ी।

प्रेमचंद के साहित्य का केंद्रीय बिंदु आमजन और उससे जुड़ा पक्ष है। फंतासी की दुनिया से निकलकर प्रेमचंद का साहित्य यथार्थवाद की धरातल पर गरीबी, छूआछूत, जातिभेद, दहेज प्रथा, सांप्रदायिकता, भ्रष्टाचार जैसे जरूरी सवालों से जूझता है। नेपथ्य में स्वतंत्रता आंदोलन और समाज सुधार आंदोलनों की अनुगूंज भी है।

उनकी साहित्यिक कृतियों में गोदान, गबन, रंगभूमि, कर्मभूमि, सेवासदन जैसे लगभग डेढ़ दर्जन उपन्यास हैं। कफन, पंच परमेश्वर, पूस की रात, बड़े घर की बेटी आदि तीन सौ से अधिक कहानियां हैं। उन्होंने नाटक और निबंध भी बड़ी संख्या में लिखे। उन्होंने हिंदी साहित्यिक पत्रिका हंस का संपादन व प्रकाशन किया। महाजनी सभ्यता उनका अंतिम निबंध, कफन अंतिम कहानी, गोदान अंतिम उपन्यास और मंगलसूत्र अंतिम अपूर्ण उपन्यास माना जाता है।

Chhapra: जीवन में आगे बढ़ने लिए अनुशासन जरूरी है। अनुशासित बच्चे ही सफल होते हैं। आप स्वयं भाग्य के निर्माता हैं। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की अहम भूमिका है। यह बातें शनिवार को शहर के एच आर इंपीरियल पब्लिक स्कूल में आयोजित अवार्ड सेरिमनी कार्यक्रम में हथुआ महाराजा मृगेंद्र प्रताप शाही ने बच्चों को पुरस्कृत करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि इंपीरियल स्कूल का अतीत व वर्तमान हमेशा से गौरवशाली रहा है। छात्र-छात्राओं को पूरे मनोयोग के साथ पढ़ाई करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे संस्थान के साथ-साथ सारण को भी गौरवान्वित होने का अवसर मिलेगा। महाराजा ने विद्यालय के चतुर्दिक विकास के लिए प्राचार्य नीरज कुमार के प्रयासों की सराहना करते हुए पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आगे भी इसी तरह सफलता का अभियान जारी रहे।

प्राचार्य ने महाराजा का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आशीर्वाद से ही स्कूल ने एकेडमिक क्षेत्र में बेहतर मुकाम हासिल किया है। स्कूल के 14 बच्चों ने इंटरनेशनल ओलंपियाड क्विज में सफलता हासिल की है। इसके अलावा एक छात्र एक छात्र का इंटरनेशनल रैंक 10 प्राप्त हुआ है। दो विद्यार्थियों ने आईआईटी में भी अपनी सफलता का परचम लहराया है और सीबीएसई की परीक्षा में 22 बच्चों ने 90 फीसदी से से अधिक अंक प्राप्त किया है। दसवीं की परीक्षा में स्नेहा कुमारी ने 98.02 फीसदी अंक लाकर जिला टॉपर का खिताब अपने नाम की है। विद्यालय की सफलता का पूरा श्रेय महाराजा को देते हुए प्राचार्य ने कहा कि उनके मार्गदर्शन में ही यह सब कुछ संभव हुआ है।

अवॉर्ड सेरेमनी में आयुष कुमार सोनी, रौनक श्रीवास्तव, अयुष कुमार, अरूप कुमार, आदित्य राय पाराशर, सनी उज्जैन, साकेत, अनुराग कुमार, दृष्टि कुमारी, अपराजित अभी, आर्यन राज, रोहन कुमार, अदिति गुप्ता, दीक्षा कुमारी व सकिब को महाराजा ने पुरस्कृत व उत्साहवर्धन किया ।महाराजा के हाथों पुरस्कृत होने पर बाद छात्र छात्राओं की खुशी का ठिकाना नहीं था।

धन्यवाद ज्ञापन बालमुकुंद मिश्रा ने किया ।इससे पहले विद्यालय परिसर में महाराजा के पहुंचने पर छात्र-छात्राओं, प्राचार्य व शिक्षकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

Chhapra: नियोजित शिक्षकों के एक समूह ने सारण जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के चुनाव को लेकर शहर में रहने वाले प्रत्येक मतदाता के पास सम्पर्क कर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील की।

नियोजित शिक्षकों ने अपील की कि इस बार की लड़ाई आर-पार की लड़ाई है, अगर इस बार नियोजित शिक्षक एकजुट नहीं हुए तो ऐसा मौका बार-बार भविष्य में नहीं आने वाला है। नियोजित शिक्षकों ने स्पष्ट रूप से बताया कि सारण जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला स्तरीय चुनाव में कुल मतदाता 249 है. जिसमें 210 मतदाता नियोजित शिक्षक है और यह सभी नियोजित मतदाता सुजीत कुमार के पैनल के समर्थित उम्मीदवार को अपना मतदान निश्चित रूप से करे. क्योंकि सारण जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व में नियमित शिक्षकों का जो कार्यकाल रहा निश्चित रूप से नियोजित शिक्षकों के हक हुकूक की लड़ाई नहीं लड़ी गई.  आने वाला समय अगर नियोजित शिक्षक खुद आगे आकर लड़ाई नहीं लड़ेंगे तो निश्चित रूप से उन्हें अपनी मांगों का उचित मंच प्राप्त नहीं होगा और वह अपनी लड़ाई मजबूती से सरकार के पास नहीं लड़ सकते हैं. इसलिए तमाम मतदाताओं से अपील की गई कि अभी नहीं तो कभी नहीं के तर्ज पर हम सभी एकजुट हो और अपनी चट्टानी एकता दिखाते हुए सारण जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के चुनाव में अपनी सहभागिता लेते हुए एक मिसाल कायम करें. पूरे बिहार को यह संदेश दे कि सारण जिला माध्यमिक शिक्षक संघ निश्चित रूप से नियोजित शिक्षकों का है और आने वाला भविष्य नियोजित शिक्षकों का है.

इस अवसर पर सुजीत कुमार, उत्तम कुमार, सुनील कुमार, मनोज यादव, ज्योति भूषण सिंह, डॉ रामेंद्र प्रसाद ,रविंद्र यादव, जितेंद्र राम, प्रेम प्रकाश कुमार, धनंजय तिवारी, आशुतोष मिश्रा, पंकज कुमार, रौशन कर्ण, अनिल कुमार आदि शिक्षक संपर्क अभियान में उपस्थित थे.

इंटर प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण होने वाली 1059 अल्पसंख्यक (मुस्लिम) छात्राओं को मिलेंगे 15 हजार

छपरा: जिला पदाधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (उच्चतर माध्यमिक) से वर्ष -2022 इंटर में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण अल्पसंख्यक मुस्लिम के छात्राओं को 15000 रुपया प्रति छात्रा की दर से मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक प्रोत्साहन योजना के तहत भुगतान किया जाएगा.

वर्ष 2022 में जिला में इंटर में प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण कुल 1059 छात्राओं की सूची विभाग से प्राप्त हुई है. इस संबंध में भुगतान हेतु आवंटन भी प्राप्त हो गया है राशि का अंतरण सी एफ एम एस के माध्यम से छात्राओं के आधार संबंध बैंक खाता में जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी सारण छपरा के द्वारा किया जाएगा.

इस संबंध में जिला पदाधिकारी के द्वारा जिला शिक्षा पदाधिकारी सारण को आदेश दिया गया है कि वे अपने स्तर से सूची में सलंग्न संबंधित विद्यालयों/ महाविद्यालयों को छात्राओं की सूची के अनुसार आधार कार्ड, अंक-पत्र, प्रवेश- पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र, मोबाइल नंबर, आधार संबंध पासबुक की सत्यापित छाया प्रति जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय में एक पक्ष के अंदर जमा करने का निर्देश दें. ताकि ससमय राशि का भुगतान किया जा सके.

छपरा सोनपुर मेमू ट्रेन का परिचालन 1 अगस्त से

Chhapra: रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गाड़ी संख्या 05245/05246 सोनपुर-छपरा-सोनपुर मेमू डेली पैसेंजर स्पेशल का परिचालन सोनपुर एवं छपरा से दिनांक 01.08.2022 से पुनर्बहाल किया जा रहा है.

गाड़ी संख्या 05245 सोनपुर-छपरा मेमू पैसेंजर स्पेशल दिनांक 01.08.2022 से प्रतिदिन सोनपुर से 15:30 बजे प्रस्थान कर परमानन्दपुर से 15:40 बजे,नयागाँव से 15:46 बजे, शीतलपुर से 15:54 बजे, डिंडीगुल से 16:01 बजे,अवतार नगर से 16:09 बजे,बड़ागोपाल से 16:21 बजे, डुमरीजुआरा से 16:27 बजे, गोलटेंनगंज से 16:55 बजे,छपरा कचहरी से 17:15 बजे छुटकर 17:30 बजे छपरा जं पहुंचेगी.

वापसी यात्रा में गाड़ी संख्या 05246 छपरा-सोनपुर मेमू पैसेंजर स्पेशल दिनांक 01.08.2022 से प्रतिदिन छपरा से 17.50 बजे प्रस्थान कर छपरा कचहरी से 17:58 बजे, गोलटेंनगंज से 18:15 बजे, डुमरीजुआरा से 18:21 बजे, बड़ागोपाल से 18:27 बजे, अवतार नगर से 18:38 बजे, दिघवारा से 18:50 बजे, शीतलपुर से 18:56 बजे, नयागाँव से 19:03 बजे, परमानन्दपुर से 19:13 बजे छुटकर 20:50 बजे सोनपुर पहुंचेगी ।