Chhapra: लोक आस्था और सूर्योपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को व्रतियों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान छपरा सहित पूरे सारण जिले के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धा और भक्ति का जनसैलाब उमड़ पड़ा। पारंपरिक छठ गीतों, दीपों की रोशनी और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
व्रती परिवार के सदस्यों के साथ पारंपरिक पूजन सामग्री से सजे दउरा और सूप लेकर घाटों पर पहुंचे। जल में खड़े होकर व्रतियों ने अस्त होते सूर्य को दूध और पवित्र जल से अर्घ्य दिया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य और मंगलकामना की प्रार्थना की।
घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच छठी मैया के गीत गूंजते रहे। इस महापर्व में सामाजिक समरसता, पारिवारिक एकजुटता और लोक संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।


















