Chhapra: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सारण द्वारा गुरुवार को सर्किट हाउस, छपरा में जिला अध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में संविधान हत्या दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताते हुए इसे संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आघात बताया।
वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा लगाए गए आपातकाल के 51 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देश उस दौर को याद कर रहा है, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में देश में आपातकाल लागू किया गया था। उनके अनुसार उस अवधि में नागरिकों के मौलिक अधिकारों पर प्रतिबंध लगाए गए, प्रेस की स्वतंत्रता प्रभावित हुई तथा राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और आम नागरिकों को जेलों में भेजा गया। साथ ही असहमति के स्वर को दबाने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा नेताओं ने लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि उनका साहस, त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करने वालों में तरैया विधायक जनक सिंह, सोनपुर विधायक विनय सिंह, नगर विधायक डॉ. छोटी कुमारी तथा भाजपा जिला अध्यक्ष रणजीत कुमार सिंह शामिल रहे। सभी वक्ताओं ने संविधान हत्या दिवस के महत्व और आपातकाल के ऐतिहासिक संदर्भों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष रामदयाल शर्मा, रमेश प्रसाद, डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महामंत्री विवेक कुमार सिंह, महामंत्री धर्मेंद्र शाह, प्रधान प्रवक्ता प्रकाश रंजन नीकू, अर्धेंदु शेखर, शत्रुघ्न भक्त, अनु सिंह, बलवंत सिंह, कंचन कुशवाहा, सुनीता कुमारी, संस्कार कुमार, रिंकू सिंह, चंदू सिंह, राकेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



















