Chhapra: शारदीय नवरात्र के साथ शहर में दुर्गापूजा की रौनक देखते ही बन रही है। शहर के विभिन्न पूजा पंडालों में परंपराओं के अनुरूप मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जा रही है।
इसी क्रम में भगवान बाजार स्थित वर्ष 1942 में स्थापित श्री दुर्गा मंदिर समिति के पूजा पंडाल में षष्ठी तिथि और मूल नक्षत्र के अनुसार विधि-विधान के साथ मां दुर्गा का पट खोल दिया गया।
शहनाई और ढोल और माँ की जयकारों के साथ पट खुला। मां के कपाट खुलते ही पूजा पंडाल सहित आसपास का पूरा इलाका जयकारों से गूंज उठा। माता के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान बाजार पहुंचे। श्रद्धालुओं में मां दुर्गा के अलौकिक स्वरूप के दर्शन और पूजा-अर्चना को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद गुप्ता ने बताया कि षष्ठी तिथि को यहां परंपरागत रूप से विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जाती है और इसी दिन माता का पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोला जाता है। पट खुलने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए मां के दर्शन का सिलसिला शुरू हो गया।
पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने तथा भक्तों को सुगम तरीके से दर्शन कराने की व्यवस्था की गई है। पूजा पंडाल में मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना लगातार जारी है।



















