Chhapra: सारण जिला कबड्डी संघ के तत्वावधान में एक निजी विद्यालय के प्रांगण में 24वीं बिहार राज्य सब-जूनियर बालक कबड्डी चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पांच टीमों सारण, सिवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर एवं वैशाली ने भाग लिया। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का परिचय दिया।
प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन अखिल भारतीय कबड्डी महासंघ के महासचिव रमाकांत सिंह सोलंकी, डॉ सुरेश प्रसाद सिंह, सारण जिला कबड्डी संघ के उपाध्यक्ष विकास सिंह, सचिव पंकज कश्यप, संरक्षक सभापति बैठा, संयुक्त सचिव राकेश सिंह एवं कोषाध्यक्ष कुमार कौशलेंद्र ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सारण एवं मुजफ्फरपुर की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सारण की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 41 अंक अर्जित किए, जबकि मुजफ्फरपुर की टीम 37 अंक ही प्राप्त कर सकी। इस प्रकार सारण की टीम ने 4 अंकों के अंतर से जीत दर्ज कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया, जबकि मुजफ्फरपुर की टीम उपविजेता रही।
प्रतियोगिता के दौरान निर्णायक की महत्वपूर्ण भूमिका प्रमोद कुमार, शिवशंकर कुमार, दीपू कुमार, रितिक भारती, शमशाद, अंजली कुमारी एवं नेहा कुमारी ने निभाई। सभी निर्णायकों ने निष्पक्षता एवं खेल नियमों के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
सारण जिला कबड्डी संघ के कोच रोहित सिंह एवं हिमांशु कुमार ने सारण टीम की शानदार जीत पर खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, लगन, टीम भावना एवं बेहतर प्रदर्शन के कारण यह सफलता प्राप्त हुई है।
सारण जिला कबड्डी संघ ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों, खिलाड़ियों, निर्णायकों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। संघ ने भविष्य में भी कबड्डी खेल एवं जिले की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई।


















