Chhapra/Sonpur: विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में पशु मेला अपने पारंपरिक एवं आकर्षक स्वरूप में पूरी भव्यता के साथ संचालित हो रहा है। मेले में विभिन्न प्रजातियों के पशु-पक्षियों की उपस्थिति के साथ उनकी खरीद-बिक्री भी जारी है। पशुपालकों, व्यापारियों एवं पशु प्रेमियों की मेले में अच्छी भागीदारी देखने को मिल रही है।
पशुपालन विभाग द्वारा जारी दिनांक 25 नवंबर 2026 के दैनिक प्रतिवेदन के अनुसार मेले में कुल 1,585 घोड़ों की उपस्थिति दर्ज की गई है। घोड़ों की कुल बिक्री 327 हुई है, जिसमें 25 नवंबर को 133 घोड़ों की बिक्री शामिल है। घोड़ों का अधिकतम मूल्य 1,85,000 रुपये तथा न्यूनतम मूल्य 85,000 रुपये दर्ज किया गया है।
इसी प्रकार मेले में विभिन्न श्रेणियों के 15 गायों, 07 बैलों एवं 05 भैंसों की उपस्थिति दर्ज की गई है। बकरी एवं भेड़ की कुल उपस्थिति 372 रही, जबकि इनकी कुल बिक्री 177 दर्ज की गई है। 25 नवंबर को 86 बकरी एवं भेड़ की बिक्री हुई। इनका अधिकतम मूल्य 37,000 रुपये तथा न्यूनतम मूल्य 3,500 रुपये दर्ज किया गया है। मेले में 156 कुत्तों की उपस्थिति भी दर्ज की गई है।
पशुओं के स्वास्थ्य एवं उपचार की समुचित व्यवस्था
पशुपालन विभाग द्वारा मेले में पशुओं के स्वास्थ्य एवं उपचार के लिए चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। प्रतिवेदन के अनुसार 25 नवंबर को 07 पशुओं का उपचार किया गया, जबकि अब तक कुल 35 पशुओं का उपचार किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त सोनपुर, सारण स्थित शिविर के माध्यम से 25 नवंबर को 49 तथा अब तक कुल 132 पशुओं को चिकित्सा संबंधी सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस प्रकार चिकित्सा संबंधी दोनों व्यवस्थाओं के माध्यम से अब तक कुल 167 सेवाएं दर्ज की गई हैं।
जिला प्रशासन एवं पशुपालन विभाग द्वारा मेले में आने वाले पशुपालकों, व्यापारियों एवं पशु प्रेमियों की सुविधा तथा पशुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला अपनी ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पशु व्यापार की विशिष्ट पहचान के कारण देश-विदेश के लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।


















