Chhapra: ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिलाधिकारी-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार ने बुधवार को सदर प्रखंड के समीप स्थित ईवीएम वेयरहाउस का संयुक्त मासिक निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने मशीनों के सुरक्षित भंडारण से लेकर परिसर की निगरानी तक की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान इन्वेंट्री रजिस्टर की जांच की गई तथा वेयरहाउस में उपलब्ध ईवीएम मशीनों के स्टॉक का मिलान किया गया। साथ ही प्रवेश नियंत्रण, भंडारण व्यवस्था और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
डीएम वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि वेयरहाउस में फिलहाल रेडी-टू-यूज ईवीएम रखी गई हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी मशीनों को निर्धारित मानकों के अनुसार सीलबंद रखते हुए डबल लॉक सिस्टम के तहत सुरक्षित रखने का जायजा लिया।
एसएसपी रोशन कुमार ने सीसीटीवी कैमरों, कंट्रोल रूम से निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था चौबीसों घंटे सक्रिय रहे और प्रत्येक गतिविधि का नियमित ब्योरा लॉग बुक में दर्ज किया जाए।
दोनों अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी।
इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद एकबाल, जिला अग्निशमन पदाधिकारी रणधीर यादव, भाजपा के विस संयोजक सत्यानन्द सिंह, लोजपा (रा) के जिला उपाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह, सीपीआईएम के अखिलेश कुमार, बीएसपी के मुख्य जोन पदाधिकारी मनोज राम समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।


















