⚡
Breaking News

कार्तिक पूर्णिमा पर मध्य रात्रि में बाबा हरिहरनाथ का हुआ शाही स्नान

4 Min Read

सारण, 24 नवंबर (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बीती मध्य रात्रि ठीक 12 बजकर 15 मिनट पर बाबा हरिहरनाथ का उप विग्रह पारंपरिक गाजे-बाजे और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ नारायणी गंडक नदी में दिव्य शाही स्नान के लिए मंदिर परिसर से बाहर निकला। जैसे ही सवा बारह बजे मंदिर के कपाट से बाबा का उप विग्रह बाहर आया, पूरा परिसर हर-हर महादेव और जय बाबा हरिहरनाथ के जयघोष से गूंज उठा। शोभायात्रा के आगे-आगे ढोल-नगाड़े, शंख और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि वातावरण को भक्तिमय बना रही थी।

SHAILFORD
विज्ञापन

मंदिर के मुख्य पुजारियों और आचार्यों की टोली द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच, विधि-विधान से बाबा को सिर पर धारण कर नारायणी नदी के काली घाट की ओर ले जाया गया। इस दिव्य स्नान के दर्शन हेतु हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। इस क्षण के साक्षी बनने के लिए रात साढ़े ग्यारह बजे से ही जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और वरीय पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार मंदिर परिसर से लेकर काली घाट तक भगवान के उप विग्रह की यात्रा और दिव्य स्नान में शामिल हुए। स्नान एवं विशेष पूजा-अर्चना में मुख्य यजमान बाबू झूनझून सिंह सपरिवार सम्मिलित हुए।

संपूर्ण अनुष्ठान और शोभायात्रा के दौरान बाबा हरिहरनाथ मंदिर न्यास समिति के सचिव विजय कुमार सिंह लल्ला मध्य रात्रि से ही स्वयं उपस्थित रहे और उनकी देखरेख में सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संपन्न कराया गया। परंपरा के अनुसार बाबा हरिहरनाथ के उप विग्रह के दिव्य स्नान, विशेष श्रृंगार और आरती के बाद श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बाबा हरिहरनाथ मंदिर के पट खोल दिए गए। जहां मध्य रात्रि में ही श्रद्धालु स्नान कर बाबा हरिहरनाथ पर जलाभिषेक करने के लिए कतार में लग गए थे और शाही पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने पूरी श्रद्धा के साथ बाबा का जलाभिषेक शुरू कर दिया।

DOON
विज्ञापन

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान हरि विष्णु और भगवान हर शिव के इस पावन मिलन क्षेत्र में स्नान करने से समस्त पापों का नाश होता है और मोक्ष की प्राप्ति होती है। हरिहर क्षेत्र के प्रसिद्ध कथा के अनुसार भगवान विष्णु के भक्त गजराज (हाथी) और ग्राह (मगरमच्छ) की पौराणिक कथा है। पुराणों के अनुसार पूर्व जन्म में ग्राह एक गंधर्व था, जिसे ऋषि के शाप से मगरमच्छ की योनि (जन्म) प्राप्त हुई थी, जबकि गजराज एक धर्मात्मा राजा थे, जिन्हें शापवश हाथी का रूप मिला था।

Tanishq Chhapra
विज्ञापन

एक दिन जब गजराज संगम के नारायणी नदी में जलक्रीड़ा और स्नान के लिए उतरे, तभी ग्राह ने उनके पैर को अपने जबड़े में जकड़ लिया। वर्षों तक चले इस भीषण संघर्ष में जब गजराज की समस्त शारीरिक शक्ति क्षीण होने लगी और प्राण संकट में आ गए, तब उन्होंने पूर्ण समर्पण और निर्मल भाव से भगवान विष्णु का स्मरण किया। मान्यता है कि अपने भक्त की पुकार सुनकर भगवान विष्णु स्वयं सुदर्शन चक्र के साथ प्रकट हुए और उन्होंने ग्राह का उद्धार कर गजराज को बंधनमुक्त किया।

SOLANKI SCHOOL
विज्ञापन

जिस स्थान पर यह दिव्य लीला घटित हुई, वही क्षेत्र आगे चलकर हरिहर क्षेत्र सोनपुर के रूप में विख्यात हुआ। यहाँ हरि भगवान विष्णु और हरभगवान शिव के एकाकार स्वरूप का वास माना जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार भगवान शिव और विष्णु के इस समन्वय ने इस भूमि को अद्वितीय आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान की है, जिससे यहाँ किया गया स्नान और पूजन सहस्र अश्वमेघ यज्ञों के समान फलदायी माना जाता है।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

bhawani tiles
विज्ञापन
Share This Article
Follow:
chhapratoday.com सारण जिले से संचालित सबसे पहली और लोकप्रिय न्यूज़ वेबसाइट है। वर्ष 2012 से यह अपने पाठकों/दर्शकों तक हर दिन सबसे पहले छपरा, सारण से लेकर देश, विदेश के ब्रेकिंग न्यूज़, लोकल घटनाएं, रेलवे टाइमिंग अपडेट, सरकारी योजनाएं, स्कूल-कॉलेज जानकारी, ट्रेंडिंग वीडियो, संस्कृति, त्यौहार और शहर के विकास से जुड़े हर अपडेट करती आ रही है। हर खबर, सबसे पहले, सबसे सटीक और विश्वसनीयता के साथ केवल chhapratoday.com पर पढ़ें।भौगोलिक संदर्भ
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें ✕