Patna: बिहार राज्य में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात् जनसंख्या परिगणना (Population Enumeration) की तैयारियों के क्रम में 18 नवंबर 2026 को बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (BIPARD), फुलवारी शरीफ, पटना में मास्टर प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की सचिव, शिमा त्रिपाठी, तथा निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय-सह-मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी, रंजिता, द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार, राज्य सरकार के जनगणना नोडल विभाग अर्थात् राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा BIPARD, पटना के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम कुल चार बैचों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम एवं द्वितीय बैच का प्रशिक्षण 18 से 21 नवंबर 2026 तक तथा तृतीय एवं चतुर्थ बैच का प्रशिक्षण 23 से 26 नवंबर 2026 तक निर्धारित है। इन बैचों में जनगणना कार्य निदेशालय, बिहार के 52 अधिकारियों तथा राज्य के सभी जिलों से नामित 108 पदाधिकारियों सहित कुल 160 प्रतिभागियों को राष्ट्रीय प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मास्टर प्रशिक्षकों को जनसंख्या परिगणना की प्रक्रिया, निर्धारित दिशा-निर्देशों, कार्यप्रणाली एवं तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ उन्हें व्यावहारिक रूप से दक्ष बनाना है। इस दौरान प्रतिभागियों को जनसंख्या परिगणना (PE) मोबाइल ऐप के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

प्रशिक्षित मास्टर प्रशिक्षकों द्वारा अपने-अपने जिलों में 29 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक फील्ड प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके पश्चात् संबंधित जिलों के फील्ड प्रशिक्षकों द्वारा दिसंबर 2026 के अंतिम सप्ताह से जनवरी 2027 के प्रथम सप्ताह तक प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, ताकि जनसंख्या परिगणना के वास्तविक कार्य के पूर्व सभी संबंधित कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण एवं तकनीकी जानकारी उपलब्ध हो सके।
निदेशक, जनगणना कार्य निदेशालय-सह-मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी, श्रीमती रंजिता ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के प्रत्येक सत्र में पूर्ण सहभागिता सुनिश्चित करने तथा अनुशासन एवं समयबद्धता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने व्यावहारिक अभ्यास में सक्रिय भागीदारी पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रतिभागी प्रशिक्षण के दौरान अपनी सभी शंकाओं का समाधान अवश्य करें, ताकि वे आगे फील्ड प्रशिक्षकों को सरल, स्पष्ट एवं प्रभावी ढंग से प्रशिक्षित कर सकें और जनसंख्या परिगणना का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न हो।

मास्टर प्रशिक्षकों का यह प्रशिक्षण जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के सफल क्रियान्वयन हेतु दक्ष एवं प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे जनसंख्या परिगणना के कार्य को सटीकता, गुणवत्ता, एकरूपता एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न कराने में सहायता मिलेगी।


















