Chhapra/Rivilganj: बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने सारण जिले के रिविलगंज प्रखंड अंतर्गत गोदना स्थित पावन गौतम ऋषि मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए तथा विधिवत पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर स्थानीय विधायक छोटी कुमारी ने पर्यटन मंत्री का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने श्रीनाथ बाबा का स्मृति-चिह्न भेंट कर मंत्री को सम्मानित किया।

मंदिर परिसर में धार्मिक श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण के बीच मंत्री ने पूजा-अर्चना की। उनके आगमन को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखा गया।
गोदना स्थित गौतम ऋषि मंदिर धार्मिक एवं आध्यात्मिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। ऐसे धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का पर्यटन की दृष्टि से विकास होने से क्षेत्र की पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने के साथ ही स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

















