Chhapra: विश्वप्रसिद्ध हरिहरनाथ क्षेत्र में आयोजित होने वाले सोनपुर मेला-2026 में इस बार खान-पान के शौकीनों को बिहार के पारंपरिक व्यंजनों का अनूठा स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। मेले में एक विशेष फूड कोर्ट विकसित करने की पहल की जा रही है, जहां बिहार के सभी 38 जिलों के विशिष्ट एवं पारंपरिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
जिला पदाधिकारी वैभव श्रीवास्तव के द्वारा इस पहल को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसका उद्देश्य बिहार के अलग-अलग जिलों की खान-पान संबंधी परंपराओं, स्थानीय स्वाद और विशिष्ट खाद्य उत्पादों को एक मंच पर प्रस्तुत करना है।
इस फूड कोर्ट में बिहार की समृद्ध पाक परंपरा और क्षेत्रीय खान-पान की विविधता देखने को मिलेगी। अलग-अलग जिलों के प्रसिद्ध व्यंजनों के माध्यम से आगंतुकों को राज्य की सांस्कृतिक पहचान से भी रूबरू होने का अवसर मिलेगा।
इस पहल से स्थानीय खाद्य उत्पादों को व्यापक पहचान मिलने की उम्मीद है। साथ ही छोटे वेंडरों, खाद्य कारोबारियों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
सोनपुर मेला पहले से ही अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक, व्यापारिक और ऐतिहासिक पहचान के लिए देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। ऐसे में सभी 38 जिलों के पारंपरिक व्यंजनों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की यह पहल मेले के आकर्षण को एक नया आयाम दे सकती है।


















