⚡
Breaking News

जी. कृष्णैया हत्याकांड: आनंद मोहन की रिहाई का आदेश सुप्रीम कोर्ट ने किया रद्द, एक महीने में सरेंडर करने का निर्देश

3 Min Read

New Delhi: बिहार के चर्चित जी. कृष्णैया हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व सांसद आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई से जुड़े आदेश को रद्द कर दिया है। अदालत ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया है। इस फैसले के साथ ही बिहार सरकार की उस नीति पर भी सवाल उठे हैं, जिसके तहत सरकारी सेवक की हत्या के दोषी को समयपूर्व रिहाई का पात्र बनाया गया था।

SHAILFORD
विज्ञापन

2023 की रिहाई नीति पर उठाए सवाल

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बिहार सरकार ने 10 अप्रैल 2023 को जेल नियमावली में संशोधन करते हुए ड्यूटी पर तैनात लोक सेवक की हत्या के दोषियों को समयपूर्व रिहाई से प्रतिबंधित करने वाले प्रावधान को हटा दिया था। राज्य सरकार इस बदलाव के पीछे कोई उचित और तार्किक सार्वजनिक उद्देश्य साबित नहीं कर सकी। अदालत ने संशोधित नीति को मनमाना और संविधान के अनुच्छेद 14 के विरुद्ध माना।

अदालत ने 10 अप्रैल 2023 की अधिसूचना और आनंद मोहन की समयपूर्व रिहाई से संबंधित आदेश को निरस्त कर दिया।

DOON
विज्ञापन

एक महीने में करना होगा आत्मसमर्पण

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आनंद मोहन को आदेश की तारीख से एक महीने के भीतर संबंधित जेल प्राधिकार के समक्ष आत्मसमर्पण करना होगा। ऐसा नहीं करने पर सक्षम प्राधिकारी कानून के अनुसार उन्हें हिरासत में लेने की कार्रवाई करेगा।

Tanishq Chhapra
विज्ञापन

हालांकि, अदालत ने बिहार सरकार को कानून के अनुरूप नए सिरे से समयपूर्व रिहाई की प्रक्रिया शुरू करने की छूट दी है। इसके लिए जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया को अपना पक्ष रखने और आपत्ति दर्ज कराने का उचित अवसर देना अनिवार्य होगा। उनकी दलीलों पर अन्य प्रासंगिक तथ्यों के साथ विचार करना होगा।

SOLANKI SCHOOL
विज्ञापन

1994 में हुई थी जिलाधिकारी की हत्या

यह मामला 5 दिसंबर 1994 का है। उस समय गोपालगंज के जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की मुजफ्फरपुर में एक भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। घटना के समय वे अपने वाहन से गुजर रहे थे। बताया जाता है कि उनका वाहन गैंगस्टर छोटन शुक्ला की शवयात्रा के दौरान वहां पहुंचा था।

इस मामले में आनंद मोहन को दोषी ठहराया गया था। निचली अदालत ने वर्ष 2007 में उन्हें मृत्युदंड सुनाया था, जिसे पटना उच्च न्यायालय ने वर्ष 2008 में आजीवन कारावास में बदल दिया। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने भी आजीवन कारावास की सजा को बरकरार रखा था।

बिहार सरकार की जेल नियमावली में संशोधन के बाद आनंद मोहन को अप्रैल 2023 में समयपूर्व रिहाई मिल गई थी। इस फैसले को चुनौती देते हुए जी. कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी।

हमारे सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करें -

bhawani tiles
विज्ञापन
Share This Article
chhapratoday.com सारण जिले से संचालित सबसे पहली और लोकप्रिय न्यूज़ वेबसाइट है। वर्ष 2012 से यह अपने पाठकों/दर्शकों तक हर दिन सबसे पहले छपरा, सारण से लेकर देश, विदेश के ब्रेकिंग न्यूज़, लोकल घटनाएं, रेलवे टाइमिंग अपडेट, सरकारी योजनाएं, स्कूल-कॉलेज जानकारी, ट्रेंडिंग वीडियो, संस्कृति, त्यौहार और शहर के विकास से जुड़े हर अपडेट करती आ रही है। हर खबर, सबसे पहले, सबसे सटीक और विश्वसनीयता के साथ केवल chhapratoday.com पर पढ़ें।
ब्रेकिंग न्यूज़ अलर्ट छपरा की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाएं
WhatsApp जॉइन करें जॉइन करें ✕