Chhapra: बिहार विधान परिषद के 03-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को निर्धारित मतदान एवं 27 अक्टूबर 2026 को निर्धारित मतगणना को सुव्यवस्थित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आयुक्त कार्यालय, सारण प्रमंडल, छपरा में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है।
इस संबंध में निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त, सारण प्रमंडल, छपरा द्वारा आवश्यक आदेश निर्गत किया गया है।
निर्गत आदेश के अनुसार नियंत्रण कक्ष के माध्यम से निर्वाचन क्षेत्र में मतदान एवं मतगणना से संबंधित गतिविधियों की निगरानी, प्राप्त सूचनाओं एवं शिकायतों का संधारण तथा उनके निष्पादन की स्थिति पर नजर रखी जाएगी। इसके लिए पदाधिकारियों एवं कर्मियों की चार पालियों में प्रतिनियुक्ति की गई है। नियंत्रण कक्ष मतदान कार्य की समाप्ति एवं पोस्टल बैलेट बॉक्स जमा होने तक निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप कार्यशील रहेगा।
नियंत्रण कक्ष के प्रमुख दायित्वों में जिला एवं प्रखंड स्तर पर गठित नियंत्रण कक्षों से नियमित संपर्क स्थापित करना, मतदान कर्मियों के आगमन, निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता तथा मतदान की प्रगति से संबंधित सूचनाएं प्राप्त करना शामिल है। मतदान के दिन प्रत्येक दो घंटे पर मतदान प्रतिशत की जानकारी संकलित कर निर्धारित प्राधिकार को भेजी जाएगी। साथ ही, निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित शिकायतों एवं प्राप्त सूचनाओं का निर्धारित प्रारूप में संधारण किया जाएगा।
निर्वाचन के दौरान विधि-व्यवस्था की स्थिति पर सतत निगरानी रखते हुए किसी भी महत्वपूर्ण घटना की सूचना संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल उपलब्ध कराने तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। मतदान एवं मतगणना से संबंधित प्रतिवेदनों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर संकलित कर संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों को भेजने की व्यवस्था भी की गई है।
निर्वाची पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नियंत्रण कक्ष के कार्यों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा निर्वाचन संबंधी सूचनाओं का समय पर आदान-प्रदान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक निर्वाचन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुचारू एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके।



















