Chhapra: जन सुराज के सूत्रधार व बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने सारण में विधान परिषद चुनाव को लेकर आयोजित शिक्षक संवाद में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के जन सुराज प्रत्याशी आफाक अहमद के साथ शामिल हुए और उनके लिए वोट की अपील की।
प्रशांत किशोर ने कहा कि आप चाहे किसी भी कैटेगरी के शिक्षक हैं, लोकसभा चुनाव से पहले 7वां वेतनमान दिलाने की जिम्मेदारी प्रशांत किशोर की है। हर हाल में 7वां वेतनमान दिलाकर रहेंगे। गुरुजी लोगों को सम्मान और वेतनमान दिलाने के लिए चाहे धरने पर बैठना पड़े, आमरण अनशन करना पड़े, मुख्यमंत्री आवास का घेराव करना पड़े, जो कुछ भी करना पड़े, वो करेंगे।
उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र से जन सुराज के सभी विधायक और सांसद जीते हैं, अगर उसी क्षेत्र का पूरा समाज एक होकर BJP-JDU के उम्मीदवार को हरा देता है, तो सरकार को शिक्षकों के सम्मान पर ध्यान देना पड़ेगा। NDA के हारने से सरकार के मन में डर पैदा होगा और उसी डर के माध्यम से हम आंदोलन खड़ा करेंगे, उसी से 7वां वेतनमान मिलेगा।
मौके पर सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी आफाक अहमद, राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ, जिला अध्यक्ष आनंद मोहन सिंह, महासचिव मुन्ना भवानी, क्षेत्रीय प्रभारी ललित तिवारी, प्रदेश युवा उपाध्यक्ष अजीत सिंह और जिला युवा अध्यक्ष नवनीत यादव समेत लोग उपस्थित थे।


















