रूस-यूक्रेन संघर्ष के मुद्दे पर विपक्ष सरकार के पक्ष से सहमत: राहुल गांधी

रूस-यूक्रेन संघर्ष के मुद्दे पर विपक्ष सरकार के पक्ष से सहमत: राहुल गांधी

बेल्जियम, 08 सितम्बर (हि.स.)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेश यात्रा पर हैं। यहां एक पत्रकार वार्ता में राहुल ने कहा कि विपक्षी दल, रूस और यूक्रेन संघर्ष के मुद्दे पर भारत सरकार के पक्ष को सही मानते हैं। भारत एक बड़ा देश है और उसे अपनी प्राथमिकताओं पर अन्य देशों के साथ संबंध बनाने का हक है।

तेल खरीद से जुड़े एक प्रश्न का उत्तर देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि भारत के रूस के साथ बेहतर संबंध हैं। विपक्ष का इस मामले पर सरकार के साथ कोई मतभेद नहीं है। राहुल से पूछा गया था कि भारत पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों के बावजूद रूस से तेल खरीद कर रहा है।

चीन के मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा कि भारत को उत्पादन के क्षेत्र में चीन का विकल्प बनना होगा। इस दिशा में प्रयास किए जाने की जरूरत है। चीन अपने नागरिकों को समृद्धि दे रहा है लेकिन उन्हें राजनीतिक आजादी नहीं है। भारत देश में उत्पादन को बढ़ा कर लोगों को आर्थिक और राजनीतिक दोनों तरह की आजादी दे सकता है। इस संबंध में भारत और यूरोप का सहयोग काफी कुछ मदद कर सकता है।

राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को जी20 रात्रिभोज में आमंत्रित नहीं किए जाने के प्रश्न पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की 60 प्रतिशत आबादी को महत्व नहीं देती है।

कश्मीर के मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी राज्य का विकास चाहती है और चाहती है कि वहां शांति रहे। कश्मीर और देश के हर व्यक्ति को अपनी बात रखने का अवसर मिले। कांग्रेस कार्यसमिति भी इस संबंध में अनुच्छेद 370 पर प्रस्ताव पारित कर चुकी है।

इसके अलावा भारत बनाम इंडिया की बहस पर राहुल गांधी ने कहा कि यह केवल बांटने की कोशिश है। संविधान में स्पष्ट तौर पर लिखा है इंडिया जो कि भारत है। यह अपने आप में काफी है।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी वर्तमान में यूरोप की यात्रा पर हैं। वे इस दौरान भारतीय समुदाय के लोगों और यूरोपीय नेताओं से मिलेंगे।

0Shares
A valid URL was not provided.

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें