बजरंग दल पर प्रतिबंध को जनता नहीं करेगी स्वीकार, विहिप का कांग्रेस पर हमला

बजरंग दल पर प्रतिबंध को जनता नहीं करेगी स्वीकार, विहिप का कांग्रेस पर हमला

नई दिल्ली: विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए जारी कांग्रेस के घोषणा पत्र में बजरंग दल पर प्रतिबंध लगाने की बात कहे जाने को लेकर उस पर जमकर प्रहार किया है। विहिप ने कहा है कि वह कांग्रेस के गलत मंसूबों को पूरा नहीं होने देगी। कांग्रेस सिमी और पीएफआई जैसे आतंकी संगठनों को संरक्षण प्रदान करती है। विहिप इसका विरोध करती रही है और यह आगे भी जारी रहेगा।

विहिप के संयुक्त महामंत्री डॉ. सुरेंद्र जैन ने मंगलवार को एक वीडियो वक्तव्य में कहा कि कांग्रेस द्वारा बजरंग दल को गलत तरीके से बदनाम करने की साजिश को देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने घोषणा पत्र को लेकर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर भी सीधा निशाना साधा और कहा कि उन्होंने संसद में सिमी जैसे संगठनों पर प्रतिबंध का विरोध किया था और उनकी पार्टी ने सड़क पर इसके विरोध में प्रदर्शन किया था। इससे कांग्रेस का छिपा एजेंडा सामने आ गया है।

विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने राष्ट्रवादी बनाम देशद्रोही की विचारधारा का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि इतनी दुर्गति होने के बाद भी कांग्रेस को अकल नहीं आ रही है। उन्होंने कांग्रेस पर हिन्दू विरोधी होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस का नाटक बहुत हो चुका और ये घोषणा पत्र ही कांग्रेस के अंत का कारक बनेगा।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में बजरंग दल की तुलना प्रतिबंधित आतंकी संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया से करते हुए उस पर प्रतिबंध लगाने की बात कही गयी है। बजरंग दल विहिप की एक इकाई है। संगठन आज कांग्रेस के घोषणापत्र के मुद्दे पर पार्टी के 24 अकबर रोड स्थित मुख्यालय पर उसके खिलाफ प्रदर्शन भी करेगा।

0Shares
A valid URL was not provided.

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें