सनातन धर्म और रामचरितमानस पर अपमानजनक टिप्पणी कर घिरे स्टालिन और चंद्रशेखर

सनातन धर्म और रामचरितमानस पर अपमानजनक टिप्पणी कर घिरे स्टालिन और चंद्रशेखर

नई दिल्ली, 16 सितंबर (हि.स.)। सनातन धर्म और रामचरित मानस को लेकर तमिलनाडु और बिहार के मंत्री की टिप्पणी से उठे विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया हुई है। इस पर जहां कई केंद्रीय मंत्रियों ने इन बयानवीरों की आलोचना की है, वहीं बिहार के ही मंत्रियों ने वहां के शिक्षामंत्री चंद्रशेखर से इस मुद्दे पर किनारा कर लिया है।

केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने सनातन धर्म पर टिप्पणी करने वाले तमिलनाडु के मंत्री उदयनिधि स्टालिन की आलोचना करते हुए कहा कि आप किसी के धर्म पर कैसे बयान दे सकते हैं? उन पर न्यायालय में मुकदमा चलना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि क्या दूसरे धर्म के बारे में वे इस प्रकार का बयान देंगे, क्या इतनी हिम्मत है?

शनिवार को लखनऊ दौरे पर रहे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सनातन पर उठे विवाद काे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म वसुधैव कुटुंबकम का संदेश देने वाला धर्म है। यह धर्म जाति, पंथ और मजहब से ऊपर उठकर संपूर्ण विश्व को अपना परिवार कहने वाला धर्म है। इसका न कोई आदि है न कोई अंत है। दुनिया की कोई ताकत सनातन धर्म को समाप्त नहीं कर सकती। इस पर विवाद दुर्भाग्यपूर्ण है।

बिहार दौरे पर आए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि हर दिन सनातन विरोधी बयान आने लगे हैं। जब ऐसे बयान आते हैं तो हमारा प्रश्न होता है कि इस पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया क्या है? कांग्रेस या तो इस पर प्रतिक्रिया नहीं देती है या इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बताती है। अगर भारत के 80 प्रतिशत लोगों के विश्वास, परंपरा पर प्रहार होता है और कांग्रेस उस पर प्रतिक्रिया नहीं देती तो यह साफ है कि इसके पीछे कांग्रेस ही है।

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सनातन ही सिखाता है सबके साथ भाईचारा। सनातन ही सिखाता है लोकतांत्रिक व्यवस्था में रहकर काम करना। यह किसी दूसरे धर्म में नहीं सिखाया जाता। किसी भी दूसरे धर्म के खिलाफ बोलें तो सड़के बंद कर दी जाती हैं, घर जला दिए जाते हैं। राजनीतिक मकसद से सनातन को गाली देना बंद कर देना चाहिए। सनातन जिस दिन समाप्त होगा, उस दिन इस देश का अस्तित्व भी नहीं रहेगा। किसी ने कहा कि मुकदमा दर्ज होना चाहिए तो किसी ने कहा जनता जवाब देगी।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में कहा है कि सनातन धर्म का अपमान किया गया और डेंगू और मलेरिया कहा गया। यह बात इंडी गठबंधन को समझना होगा कि उन्होंने हमारी आस्था को ठेस पहुंचाई है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर द्वारा रामचरितमानस पर की गई टिप्पणी पर अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि इस तरह की बयानबाजी गलत है। उन्होंने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अपमानजनक टिप्पणी करने वाले सूबे के शिक्षामंत्री चंद्रशेखर की मंत्रिमंडल से छुट्टी कर देनी चाहिए। इससे पूरे बिहार और खासकर शिक्षा विभाग का माहौल खराब होता है। उन्होंने कहा कि हमारी सलाह है कि मुख्यमंत्री ऐसे व्यक्ति को शिक्षा विभाग से हटा दें और किसी योग्य व्यक्ति को शिक्षा मंत्री बनाएं।

केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कहा मैं चंद्रशेखर से कहना चाहता हूं कि एक अच्छा गुरु रख लें, उनसे रामायण की प्रत्येक पंक्ति अध्ययन करें। प्रत्येक शब्द के भाव को जानें और फिर रामायण-महाभारत पर टिप्पणी करें। उन्होंने कहा कि इस इस तरह का बयान उनकी बीमार मानसिकता का परिचायक है। यह तुष्टीकरण का परिचायक है। उन्होंने कहा कि साइनाइड महाभारत और रामायण नहीं हैं। साइनाइड तुष्टीकरण, भ्रष्टाचार और अपराधियों को शरण देने वाली सरकारें हैं।

उधर, अब बिहार के शिक्षा मंत्री के बयान से बिहार के दूसरे मंत्रियों ने ही किनारा कर लिया है। बिहार के मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि हम सब को कोशिश करनी चाहिए कि हमारी बातों से किसी भी धर्म को ठेस नहीं पहुंचे।

बिहार के मंत्री तेज प्रताप ने कहा कि इस तरह के बयान को वे गंभीरता से नहीं लेते।

बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने अपने सहयोगी मंत्री की टिप्पणी से उपजे असंतोष पर डैमेज कंट्रोल करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि हम लोग संविधान में विश्वास रखते हैं और संविधान में सभी धर्मों का सम्मान है। हम हमेशा लोगों की भावनाओं का सम्मान करते हैं। मंत्री को अपने विभागों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। नकारात्मक बातों पर चर्चा नहीं होनी चाहिए बल्कि सकारात्मक बातों पर चर्चा होनी चाहिए। उन्हें ये सब बातें नहीं करनी चाहिए।

0Shares
A valid URL was not provided.

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें