बिहार की जनता ने सभी 40 लोकसभा सीटें भाजपा-राजग गठबंधन को देने का मन बनाया : अमित शाह

बिहार की जनता ने सभी 40 लोकसभा सीटें भाजपा-राजग गठबंधन को देने का मन बनाया : अमित शाह

पटना, 16 सितम्बर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि बिहार की जनता ने 2024 के लोकसभा चुनाव में सभी 40 सीटें भाजपा-राजग गठबंधन को देने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि बिहार में जनता अराजकता और माफिया राज से त्रस्त है। लालू-नीतीश की सरकार ने फतवा जारी किया था कि रक्षाबंधन, जन्माष्टमी को छुट्टी नहीं होगी। जनता ने उनको ठिकाने लगा दिया।

अमित शाह शनिवार दोपहर बिहार में मधुबनी जिले के झंझारपुर शहर में एक जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिहार में लालू और नीतीश की सरकार चल रही है। बिहार में गोलीबारी, लूट, अपहरण, पत्रकार-दलितों की हत्या के किस्से बढ़ रहे हैं। ये जो स्वार्थी गठबंधन बना है, वो बिहार को फिर से जंगलराज की दिशा में ले जाने वाला है। लालू सक्रिय और नीतीश निष्क्रिय हो गए हैं। अब आप समझ सकते हैं कि बिहार कैसा चल रहा है।

अमित शाह ने कहा कि आप लोगों ने नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया। उन्होंने कई काम किए। जब हमारा चंद्रयान चंद्रमा पर उतरा तो सभी का मन आनंद से भर गया। जी-20 में हमारे देश का पीएम दुनियाभर के राष्ट्राध्यक्ष के बीच में हथौड़ा लेकर अफ्रीकन यूनियन को शामिल करता है। जी-20 ने गरीब, युवा, किसान सबके लिए अनेक मौके खोलने का काम किया। गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेसियों ने, गठबंधन वालों ने इतने साल राम मंदिर नहीं बनवाया। अब जब बन रहा है तो इनके पेट में दर्द हो रहा है। दस साल तक यूपीए सरकार में लालू यादव रहे। बिहार को सिर्फ दो लाख करोड़ रुपये दिए। मोदी सरकार में बिहार को नौ साल में पांच लाख करोड़ रुपये दिए।

अमित शाह ने कहा कि नीतीश कुमार यूपीए से डर गए हैं। लालू यादव ने अरबों-खरबों का भ्रष्टाचार किया और नीतीश उनके साथ जाकर बैठे हैं। नीतीश कुमार यूपीए के नाम से साथ नहीं आ सकते। इसलिए आईएनडीआईए के नाम से आ रहे हैं। इस अलायंस के कुछ लोग रामचरितमानस का अपमान कर रहे हैं। जदयू और राजद का मेल तेल और पानी जैसा है। ये कभी एक नहीं हो सकते।

अमित शाह ने कहा कि मधुबनी पेंटिंग का दुनिया में जलवा है। मैं सीता मैया की भूमि पर आया हूं। यहीं से उन्होंने देश-दुनिया को बताया कि पतिव्रता धर्म क्या होता है। यह जननायक कर्पूरी ठाकुर जैसे कई वीरों की भूमि है। इसी धरती ने पेंटिंग से न केवल मिथिलांचल, बल्कि भारत सहित पूरी दुनिया में पहचान दिलाई।

0Shares
A valid URL was not provided.

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें