सारण, 24 नवंबर (हि.स.)। रिविलगंज कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर सरयू नदी के तट पर आयोजित होने वाले गोदना-सेमरिया नहान मेले में श्रद्धा, भक्ति और लोक संस्कृति का संगम देखने को मिल रहा है। ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालु पवित्र सरयू में आस्था की डुबकी लगाने और दीपदान करने के लिए घाटों पर उमड़ पड़े हैं। मेले का सबसे बड़ा आकर्षण सदियों पुरानी कोसी भराई की परंपरा और मन्नत पूरी होने पर कराए जाने वाला पारंपरिक नृत्य (लौंडा नाच) है, जो पूरे माहौल को भक्तिमय कर देता है।
सरयू तट पर रात में दीयों और गन्ने के मंडपों के बीच महिलाओं की भीड़ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कोसी भरती नजर आई। श्रद्धालुओं के अनुसार, घर में संतान प्राप्ति, विवाह या किसी विशेष मन्नत के पूरा होने पर कार्तिक पूर्णिमा के दिन सरयू किनारे कोसी भरने और साड़ी के आंचल पर नर्तक को नचवाने की लोक परंपरा है।
घाट पर पूजा-अर्चना करने पहुंचीं श्रद्धालु रेणु सिंह ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर स्नान और कोसी भराई का विशेष महत्व है। शादी-ब्याह या संतान सुख की मन्नत पूरी होने पर परिवार के लोग आस्था के साथ आंचल पर नृत्य करवाते हैं। इसे स्थानीय भाषा में आंचल पर नचवाना कहा जाता है, जिसे बेहद शुभ माना जाता है।
मेले में पारंपरिक वेशभूषा और श्रृंगार में सजे लोक कलाकार ढोलक और झाल की थाप पर नृत्य प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं की मन्नतों को पूरा करने में सहभागी बन रहे हैं। सिमरिया से आईं कलाकार काजल ने बताया कि वह बचपन से इस परंपरा से जुड़ी हुई हैं। उनके अनुसार, यहां श्रद्धालु अपनी मनोकामना पूर्ण होने की खुशी में स्वेच्छा से नृत्य करवाते हैं और नेग के रूप में 10, 20, 50 या 100 रुपये भेंट करते हैं। लोगों का विश्वास है कि इस अनुष्ठान से उनकी हर मुराद पूरी होती है।
मेले की भव्यता को देखते हुए प्रशासन द्वारा घाटों पर बैरिकेडिंग, प्रकाश और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक लोकगीतों, ढोल-नगाड़ों की गूंज और श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच गोदना-सेमरिया मेला एक बार फिर समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अटूट लोक आस्था की जीवंत कर रहा है।


















