डोरीगंज : जितिया पर्व के अवसर पर शनिवार को दरियावगंज घाट स्थित आरा-छपरा पुल के नीचे स्नान करने के दौरान दो बच्चियां गहरे पानी में डूब गईं।
हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। डूबी बच्चियों की पहचान चंदन राय की 13 वर्षीय पुत्री आरती तथा सुनील राय की 10 वर्षीय पुत्री सोनाक्षी के रूप में हुई है। दोनों एक ही परिवार की बताई जा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घाट पर जुट गए और बच्चियों की तलाश शुरू कर दी। समाचार प्रेषण तक डोरीगंज थानाध्यक्ष राजशेखर तथा मुखिया प्रतिनिधि राजेश्वर चौधरी घटनास्थल पर मौजूद थे। स्थानीय लोगों की मदद से नदी में बच्चियों की तलाश कराई जा रही थी।
स्थानीय लोगों एवं मुखिया प्रतिनिधि राजेश्वर चौधरी ने घाट पर पर्व के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने की बात कही। उनका कहना था कि पूर्व में ही सुरक्षा इंतजाम किए जाने की मांग की गई थी।
वहीं, स्थानीय स्तर पर अधिकारियों द्वारा घाट के दूसरे क्षेत्र का हवाला दिए जाने की बात भी सामने आई है। घटना के बाद घाट पर मौजूद लोगों में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई।
समाचार प्रेषण तक दोनों बच्चियों का कोई सुराग नहीं मिल सका था और तलाश जारी थी।


















