Chhapra: हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के अवसर पर जिला प्रशासन, सारण द्वारा दिनांक 17 दिसंबर से 23 दिसंबर 2026 तक पुस्तक मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस पुस्तक मेले का उद्देश्य पाठकों एवं प्रकाशकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करना, साहित्य एवं पठन-पाठन की अभिरुचि को प्रोत्साहित करना तथा कला एवं संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाना है।
सोनपुर मेला देश-विदेश के पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। इस अवसर पर विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों एवं विदेशों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में पुस्तक मेले के माध्यम से साहित्य, ज्ञान एवं पठन-पाठन की संस्कृति को व्यापक मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला प्रशासन की ओर से सभी प्रतिष्ठित पुस्तक प्रकाशकों, साहित्यकारों, पुस्तक विक्रेताओं एवं संबंधित संस्थानों से इस पुस्तक मेले में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की गई है। प्रकाशकों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी प्रतिष्ठित पुस्तकों एवं प्रकाशनों के साथ मेले में शामिल होकर इसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दें।
पुस्तक मेले में स्टॉल आवंटन के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, शिक्षकों, साहित्य प्रेमियों एवं पुस्तक पाठकों से भी अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पुस्तक मेले में पहुंचकर पुस्तकों का अवलोकन करें, अपनी रुचि के अनुसार पुस्तकें पढ़ें तथा साहित्यिक गतिविधियों में भाग लें।
पुस्तक मेले में सहभागिता एवं अन्य आवश्यक जानकारी के लिए निम्न पदाधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है—
- जावेद इकबाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सारण, छपरा — मोबाइल: 9934712122
- सुमिता कुमारी, निदेशक, राष्ट्रीय नियोजन कार्यक्रम, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, सारण — मोबाइल: 7979934759
इच्छुक प्रकाशकों एवं संस्थाओं से अनुरोध है कि वे अपनी सहभागिता की सहमति 25 नवंबर 2026 तक उपलब्ध करा दें। इसके लिए संस्था/प्रकाशक अपना नाम, पता, संपर्क नंबर एवं ई-मेल विवरण ई-मेल आईडी dpmlesaran.17@gov.in पर अथवा संबंधित पदाधिकारियों के व्हाट्सएप पर उपलब्ध करा सकते हैं।
जिला प्रशासन, सारण द्वारा सभी प्रकाशकों, साहित्यकारों एवं पुस्तक प्रेमियों से इस ज्ञानवर्धक आयोजन में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।



















