संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, गश्त, वाहन जांच और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए गए निर्देश
Chhapra: आगामी स्वतंत्रता दिवस के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं गरिमामय आयोजन को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने संयुक्त समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले की विधि-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और विभिन्न तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), सभी संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के प्रत्येक पहलू का संयुक्त आकलन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों एवं ध्वजारोहण स्थलों की सुरक्षा मजबूत रखने, नियमित गश्ती एवं प्रभावी वाहन जांच अभियान चलाने तथा असामाजिक एवं संदिग्ध तत्वों पर कड़ी निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, त्वरित सूचना आदान-प्रदान सुनिश्चित करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्वतंत्रता दिवस-2026 का आयोजन जिले में पूरी सुरक्षा, शांति, सौहार्द और गरिमा के साथ संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है।


















