Chhapra: बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री शैलेन्द्र ने मशरक क्षेत्र में निर्माणाधीन राम जानकी पथ का भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित एजेंसी को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
राम जानकी पथ, अयोध्या से जनकपुर तक संपर्क स्थापित करने वाली बहुप्रतीक्षित सड़क परियोजना है, जिसका निर्माण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना के तहत किया जा रहा है। यह सड़क भगवान श्रीराम की जन्मस्थली अयोध्या को माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर से जोड़ने की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कहा कि यह ग्रीनफील्ड सड़क परियोजना केवल विकास की दृष्टि से ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि सनातन आस्था के प्रमुख केंद्रों को जोड़ने का भी कार्य करेगी। उन्होंने बताया कि बिहार में चल रही सड़क परियोजनाओं को गति देने को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री और राज्य सरकार के स्तर पर लगातार चर्चा एवं प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि इस परियोजना का लगभग 20 किलोमीटर हिस्सा सारण (छपरा) जिले से होकर गुजर रहा है, जो मशरक एवं राजापट्टी क्षेत्र को जोड़ता है। वर्तमान में सिवान से मशरख के बीच निर्माण कार्य जारी है, जबकि अगले चरण में मशरक से मुजफ्फरपुर के चकिया तक सड़क निर्माण शुरू किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के बीच संपर्क और मजबूत होगा तथा लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। परियोजना का निर्माण मेघा इंजीनियरिंग एंड रोडवेज प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने निर्माण कार्य की वर्तमान गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित एजेंसी को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।



















