नई दिल्ली, 14 अक्टूबर (हि.स.)। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का जारी है। हालांकि, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनियों और एचडीएफसी बैंक के शेयर की बिकवाली से सेंसेक्स और निफ्टी सपाट कारोबार कर रहे हैं।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 32.96 अंक की गिरावट के साथ 73,000.82 अंक पर रहा, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 32.65 अंक टूटकर 22,688.75 अंक पर रहा। हालांकि, बाद में दोनों प्रमुख सूचकांकों ने शुरुआती गिरावट की भरपाई कर ली।
फिलहाल, बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 14.82 अंक यानी 0.020 फीसदी की बढ़त के साथ 73,048.60 अंक पर ट्रेंड कर रहा है। वहीं, निफ्टी 3.60 अंक यानी 0.016 फीसदी की गिरावट के साथ 22,718.35 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक, इंफोसिस, कोटक महिंद्रा बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टेक महिंद्रा, मारुति और एचडीएफसी बैंक के शेयर सबसे अधिक चढ़े। वहीं, सन फार्मा, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड और इटर्नल के शेयर में गिरावट रही।
इसके अलावा एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में कारोबार कर रहे हैं। वहीं, रुपया शुरुआती कारोबार में 44 पैसे मजबूत होकर 94.92 प्रति डॉलर पर पहुंच गया है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को बीएसई का सेंसेक्स 1,109.10 अंक यानी 1.54 फीसदी की तेजी के साथ 73,033.78 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, एनएसई का निफ्टी भी 358.60 अंक यानी 1.60 फीसदी चढ़कर 22,721.95 पर बंद हुआ था। यह दो महीने से अधिक समय में इसकी सबसे अच्छी एकल-दिवसीय वापसी थी।



















