गरखा, जलालपुर और दहियावां में अग्निशमन एवं बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण
Chhapra: दुर्गापूजा के मद्देनजर अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अग्निशमन विभाग एवं बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने गरखा, जलालपुर और दहियावां क्षेत्र में स्थापित पूजा पंडालों का निरीक्षण किया। इस दौरान पंडालों में अग्नि सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं, विद्युत संयोजन तथा संभावित जोखिमों का जायजा लिया गया।
निरीक्षण में जिला अग्निशमन पदाधिकारी मंजीत सिंह, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी सदर सूरज कुमार एवं विद्युत कनीय अभियंता बीरेन्द्र कुमार शामिल रहे। टीम ने पंडाल आयोजकों को सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा विद्युत व्यवस्था में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए।
आयोजकों को अग्निशमन यंत्र चलाने का प्रशिक्षण
निरीक्षण के दौरान पंडाल आयोजकों और स्वयंसेवकों को आग लगने की स्थिति में तत्काल बचाव एवं नियंत्रण के उपायों की जानकारी दी गई। अग्निशमन कर्मियों ने मौके पर अग्निशमन यंत्र के उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया।
जिला अग्निशमन पदाधिकारी मंजीत सिंह ने आयोजकों को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल अग्निशमन यंत्र का सही तरीके से इस्तेमाल कर आग को प्रारंभिक स्तर पर नियंत्रित करने का प्रयास किया जाए।
अग्निशमन विभाग ने पंडालों में अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनके सही स्थान पर रखे जाने तथा आपात स्थिति में निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही विद्युत विभाग की टीम ने पंडालों में बिजली के तारों और विद्युत संयोजन की जांच करते हुए सुरक्षित विद्युत व्यवस्था बनाए रखने की सलाह दी।



















