Chhapra: गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंगलवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने विभिन्न नदी घाटों पर पहुंचकर गंगा स्नान किया। सुबह से ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में स्नान कर पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कई श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य भी किया। घाटों पर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भी अच्छी-खासी मौजूदगी देखी गई।
हिंदू धर्म में गंगा दशहरा का विशेष महत्व माना जाता है। ज्येष्ठ मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को यह पर्व मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन राजा भगीरथ की तपस्या से प्रसन्न होकर मां गंगा स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरित हुई थीं। गंगा दशहरा के दिन गंगा स्नान और दान-पुण्य करने से पापों का नाश होता है तथा सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है।



















