Chhapra: जिला पदाधिकारी सारण की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति एवं स्पेशल सेल एस डब्लू एम रूल 2026 की बैठक उनके कक्ष में आयोजित थी।सबसे पहले संबंधित विषय पर प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। समीक्षा के बाद आगे ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा स्वच्छता कर्मी जो वीसी से जुड़े थे उनके यहां डंप साइट की पहचान, उसके लिए एनओसी जारी किए जाने के संबंध में सभी बीडीओ एवं सीओ को संयुक्त रूप से कार्रवाई कर रिपोर्ट करने को कहा गया।ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के संदर्भ में सरकार की नई गाइडलाइन 4- वे सेग्रीगेशन, बल्क वेस्ट जनरेटर की पहचान एवं पंजीकरण हेतु डंप साइट की साफ सफाई तथा इसके प्रचार प्रसार के संबंध में बाकायदा काम करने को कहा गया।
साफ सफाई से जुड़े पंचायत स्तरीय कर्मियों को वन पोषक बनाए जाने हेतु भी जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिए ताकि उनके जिम्मे साफ सफाई के अलावा पौधा रोपण का भी कार्य रहेगा तो उस मद की भी राशि उन्हें मिल जाएगी जिससे उन्हें भी प्रोत्साहन मिलेगा।
जिला पदाधिकारी ने 15वीं वित्त आयोग टाइड फंड की राशि से पंचायत स्तर पर स्वच्छता पर्यवेक्षकों / स्वच्छता कर्मियों को पारिश्रमिक भुगतान,स्वच्छता किट एवं ई-रिक्शा तथा पी रिक्शा की मरम्मती के संबंध में भी निर्देश दिए कि जीपीडीपी में ₹200000 तक की राशि रखते हुए उससे भुगतान कराया जाए। आगे जिले में शौचालयों के निर्माण -रखरखाव आदि की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने महादलित परिवार के घरों में शौचालय निर्माण का जायजा लिया और इस दिशा में गति पूर्वक कार्य और तत्पश्चात् शौचालयों के लिए तत्काल भुगतान के भी निर्देश दिए ताकि आमजन में एक स्वस्थ संदेश प्रसारित हो और जन जागरूकता बढे।
आगे सामुदायिक स्वच्छता परिसर भी क्रियाशील करने के संबंध में सामान्य निर्देशों के अतिरिक्त उन्होंने बाजार जैसे स्थानों पर इसकी क्रियाशीलता तथा इसे सुलभ इंटरनेशनल जैसी संस्थाओं से संचालित करवाने के संबंध में कार्य करने के निर्देश दिए।
ग्राम पंचायत को पीएच ईडी द्वारा दिए गए अग्रिम राशि के समायोजन हेतु जिला पंचायती राज पदाधिकारी को निदेशित किया गया कि वह मुखिया को नोटिस निर्गत कर इसकी रिपोर्ट तैयार करें।
आगे गोबरधन योजना जलालपुर प्रखंड के कोमन पंचायत में जो कि नवल एग्रो एजेंसी रांची द्वारा कराया जा रहा है इस काम में विलंब के संदर्भ में जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त को निर्देशित किया कि इसकी समीक्षा कर कार्य की गति बढ़ाएं।
जिला पदाधिकारी ने बैठक के दौरान अच्छा कार्य करने वाले जनप्रतिनिधि स्वच्छता से जुड़े कर्मियों को इंसेंटिव देकर सम्मानित किए जाने की पहल हेतु भी निदेशित किया साथ ही इससे जुड़े सभी कर्मियों की सहज जानकारी के लिए उप विकास आयुक्त को निदेशित किया कि इस संदर्भ में नोटिस निर्गत से लेकर विधि संगत कार्रवाई तक का प्रारूप जिला स्तर पर तैयार कर सभी को प्रेषित करें.



















