Chhapra: जयप्रकाश महिला महाविद्यालय के प्रांगण में ‘हरियाली महोत्सव’ का आयोजन प्राचार्या डॉ. मंजू कुमारी सिन्हा की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदना से हुआ।

संयोजिका अग्रेजी विभाग की डॉ. चंचल कुमारी ने सभी का स्वागत एवं अभिवादन किया। तत्पश्चात इतिहास विभाग की डॉ. शिखा सिन्हा ने अपने संबोधन में हरियाली महोत्सव के महत्व को बताते हुआ कहा कि तप्ती गर्मी से व्याकुल धरती, पेड़ पौधे और जीव पर वर्षा की बूंदे नव जीवन का संचार करती है। श्रावण मास सृजन, पालन एवं बाढ़ के बाद संहार का भी प्रतीक है।

प्राचार्या डॉ. मंजू कुमारी सिन्हा ने अपने संबोधन में छात्राओं को पेड़ पौधों को लगाने के लिए प्रेरित किया और हरियाली महोत्सव को पूरे उत्साह से मनाने की शुभकामनाएं दी हमेशा सावन जैसे प्रफुल्लित एवं प्रसन्नचित रहने को कहा।

इस महोत्सव में छात्राएं विविध कलात्मक कार्यक्रमों द्वारा प्राकृतिक वैभव के आनंद तत्व को प्रदर्शित किया जिसमें मुख्यतः संस्कृतिक एवं बौधिक कार्यक्रम क्रमशः शिक्षकों के निर्देशन में हुआ। गीत और कजरी विधा: सनोज कुमार एवं डॉ रिंकी कुमारी, नृत्य (लोक एवं सुगम): डॉ. सोनाली सिंह एवं मुग्धा कुमारी पाण्डेय, काव्य पाठ हिन्दी: नम्रता कुमारी, अंग्रेजी: विनीता सिंह एवं चंचल कुमारी उर्दू: डॉ. अलीना अली मलिक, रंगोली: पूनम कुमारी एवं डॉ. कुमारी नीतू सिंह, मेंहदी: डॉ. शबाना परवीन मलिक एवं डॉ.सुप्रिया पाठक, हरित स्वरूप श्रृंगार: डॉ. अर्चना सिन्हा एवं डॉ. रेखा श्रीवास्तव द्वारा कराया गया। हरित स्वरूप श्रृंगार में प्रथम स्थान में निम्मी, द्वितीय में शिखा तृतीय में ख्याति रही। रंगोली में प्रथम स्थान मे सुमन और प्रगति रही।

द्वितीय पुरस्कार के लिए दो समूहों का चयन किया गया था, पहले समूह में करिश्मा, अलका और आंचल थी और द्वितीय समूह में श्वेता रितु और सुनिधि थी। तृतीय पुरस्कार के लिए भी दो समूहों का चयन किया गया पहले समूह में इतिहास विभाग की बच्चियां थी और दूसरे समूह में पूर्णिमा और प्रीति थी।

अन्य छात्राओं को सांत्वना पुरस्कार से प्रोत्साहित किया गया। मेहंदी में प्रथम स्थान जाइना, द्वितीय स्थान तेजी माला और अर्चना कुमारी और तृतीय आंचल को मिला।अंग्रेजी कविता पाठ में प्रथम स्थान मृणाली और द्वितीय स्थान रागिनी को मिला। हिंदी काव्य पाठ में प्रथम स्थान प्रगति और द्वितीय स्थान सुकन्या को मिला। उर्दू शायरी में प्रथम स्थान पायल को मिला। कजरी में प्रथम स्थान प्रिया और उसके समूह को प्राप्त हुआ तथा द्वितीय स्थान अर्चना कुमारी को मिला। नृत्य में प्रथम स्थान शिखा को और द्वितीय स्थान कजरी के समूह तथा तृतीय स्थान फ्यूजन समूह को प्राप्त हुआ।

बर्मिंघम: स्टार भारतीय स्प्रिंटर हिमा दास ने गुरुवार को बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों में पहले दौर की हीट टू में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद महिलाओं की 200 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

दास ने सेमीफाइनल के लिए अपना टिकट बुक करने के लिए 23.42 सेकंड का समय निकाला।

दूसरे नंबर पर जाम्बिया की रोडा नोजोबवु थीं, जिन्होंने 23.85 सेकेंड का समय निकाला। तीसरे स्थान पर युगांडा के जेसेंट न्यामाहुंगे थी, जिन्होंने 24.07 सेकंड के समय के साथ दौड़ पूरी की।

हीट में पांच में से पहले तीन एथलीटों ने सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया
बता दें कि इससे पहले 23 वर्षीय तेजस्विन शंकर ने पुरुषों की ऊंची कूद स्पर्धा में देश का पहला एथलेटिक्स पदक जीता। शंकर ने 2.22 मीटर के जंप के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इसी के साथ वह राष्ट्रमंडल खेलों में हाई जंप में भारत के लिए पदक जीतने वाले पहले एथलीट बन गए।

हरिद्वार (एजेंसी): इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान हमें न केवल तरह-तरह की शिव भक्तों की वेश-भूषा देखने को मिली वरन विभिन्न प्रकार की कांवड़ झांकियां भी देखने को मिलीं। हजारों रुपये से लेकर कराेड़ों रुपये की इन कांवड़ झांकियों में सनातन संस्कृति के प्रति आस्था और सम्मान के साथ भोले के भक्तों में सर्वस्व न्यौछावर करने का त्याग भी देखने को तो मिला। मनभावन और आकर्षक कांवड़ कला की बेहतरीन सजावट ने लोगों को बरबस ही अपनी ओर खींचा।

इस दौरान कोई कांवड़िया पचास किलो, कोई सौ तो कोई डेढ़ किलो की कांवड़ के साथ विशाल,आकर्षक कावंड़ को लाते दिखा। कुछ कांवड़िया तो बड़े-बड़े समूह में भी कावंड़ लेने हरिद्वार पहुंचे और कोई शिव भक्त अपने शरीर पर कील गाड़कर कांवड़ को लाते देखा गया। अब ऐसी ही एक कांवड़ लेकर हरिद्वार से केदारनाथ जा रहा महाराष्ट्र का एक युवक दिखा है। नितेश काम्बले नाम का यह शिव भक्त कीलों से बनी खड़ाऊं पहनकर कांवड़ यात्रा कर रहा है।

नितेश काम्बले पिछले 8 महीनों से कीलों से बनी खड़ाऊं पहनकर कांवड़ यात्रा कर रहे हैं। जब उनसे इसके बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि भोले बाबा को खुश करना ही उनका एकमात्र उद्देश्य है, इसीलिए वह इस कांवड़ यात्रा को कर रहे हैं। उन्होंने बताया वह इस कांवड़ यात्रा के दौरान कुछ नहीं खाएंगे। वे केवल फलाहार और जूस, पानी के सहारे इस कांवड़ यात्रा को करेंगे। इसी तप को और कठिन करने के लिए उन्होंने कीलों से बनी खड़ाऊं को पहना है। नितेश काम्बले का कहना है कि भगवान भोलेनाथ की भक्ति करना उन्हें बचपन से ही पसंद है। इससे पहले भी वह पैदल महाकाल तक यात्रा कर चुके हैं।

नई दिल्ली:  हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजनलाल के बेटे कुलदीप बिश्नोई गुरुवार को यहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की उपस्थिति में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उनके साथ उनकी पत्नी रेणुका भी भाजपा में शामिल हुईं।

दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में मुख्यमंत्री खट्टर ने दोनों को पार्टी की सदस्यता पर्ची और अंगवस्त्र पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री खट्टर ने कहा कि कुलदीप बिश्नोई ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व का समर्थन किया। राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को उनका समर्थन मिला। वे चार बार विधायक और दो बार सांसद रहे हैं। पू्र्व में उनकी पार्टी के साथ भाजपा का गठबंधन भी रहा है। वे बिश्नोई समाज से आते हैं और उनका हमें हरियाणा और राजस्थान में लाभ मिलेगा। उनकी पत्नी व दो बार की विधायक रही रेणुका बिश्नोई भी पार्टी में शामिल हुई हैं।

वहीं कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि भाजपा के साथ उनका पुराना संबंध रहा है। हमारे कई बार मतभेद हुए लेकिन कभी मनभेद नहीं हुआ है। वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीति और मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की पाक साफ छवि से प्रभावित हैं।

कुलदीप बिश्नोई ने कल ही विधायकी से इस्तीफा दिया था। उन्हें कांग्रेस ने जून में पार्टी से निष्कासित किया था।

उल्लेखनीय है कि राज्यसभा में क्रॉस वोटिंग करने के चलते आदमपुर से विधायक रहे बिश्नोई को पिछले महीने कांग्रेस ने पार्टी के सभी पदों से हटा दिया था। कांग्रेस पार्टी से अलग होने के बाद से लगातार बिश्नोई भाजपा से नजदीकी बनाए हुए थे और पार्टी नेताओं से मुलाकात कर रहे थे।

कांग्रेस पार्टी से निष्कासित हरियाणा के नेता कुलदीप बिश्नोई ने 24 जुलाई को भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की थी।

Chhapra: आजादी का अमृत महोत्सव को लेकर एक ओर जहां केंद्र सरकार हर घर तिरंगा अभियान चला रही है, वही दूसरी ओर छपरा जंक्शन पर शान से लहराने वाला तिरंगा हटा दिया गया है.

तिरंगा के लिए लगाया गया पोल खड़ा है, लेकिन विगत कुछ दिनों से तिरंगा इसपर नहीं लगाया गया है.

स्थानीय बुद्धिजीवियों का कहना है कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है. जंक्शन पर लगे तिरंगा को देख कर लोगों में देश के प्रति सम्मान का भाव जागृत होता है. कुछ ऐसे ही उद्देश्य से इसे सरकार ने लगवाया भी था.

मौजूदा समय में सरकार देशभर में हर घर तिरंगा अभियान चला रही है. ऐसे में छपरा जंक्शन पर तिरंगा का केवल पोल खड़ा है और तिरंगा हटा दिए जाने को लोग लापरवाही मान रहे हैं.

लोगों का कहना है कि इसके पूर्व झंडा फट गया था जिसको बदलकर नया लगाया गया लेकिन किन्हीं कारणों से इसे फिर से हटा दिया गया है.

अब देखने वाली बात होगी की कब रेलवे के उच्च पदाधिकारियों की नजर इस मामले पर पड़ती है और तिरंगा को फिर से लगाया जाता है. जिससे की वह शान से लहरा सके.

इस विषय को लेकर लोग अब सोशल मीडिया पर सवाल खड़े कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि आम लोग सरकार के अभियान और प्रधानमंत्री के आह्वान पर अपने घरों पर तिरंगा लगा रहें हैं. वहीँ सरकार ने जहाँ तिरंगा पहले से लगा रखा है उसे हटाना उचित प्रतीत नहीं होता. लोगों ने जल्द से जल्द तिरंगा को लगाने की मांग की हैं. 

बर्मिंघम/नई दिल्ली: भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेल 2022 में छठां दिन भी काफी शानदार रहा। छठे दिन भारतीय एथलीटों ने कुल पांच पदक जीते। जूडो में जहां तूलिका मान ने रजत जीता, वहीं, स्क्वैश में सौरव घोषाल, भारोत्तोलन में लवप्रीत और गुरदीप व ट्रैक एंड फील्ड में तेजस्विन शंकर ने कांस्य पदक जीता। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी बारबडोस को 100 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया

भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह और गुरदीप सिंह ने जीता कांस्य पदक
भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह ने बुधवार को पुरुषों के 109 किग्रा भारोत्तोलन में कांस्य पदक जीता, लवप्रीत ने भारोत्तोलन के 109 किग्रा भार वर्ग के स्नैच राउंड में कुल 163 किग्रा भार उठाया,वहीं, क्लीन एंड जर्क में उन्होंने 192 किग्रा भार के साथ दोनों राउंड मिलाकर कुल 355 किग्रा भार उठाया।

वहीं,गुरदीप सिंह ने 109 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीता। उन्होंने कुल 390 किलो वजन (स्नैच राउंड में 167 और क्लीन एंड जर्क राउंड में 223 किलो) का वजन उठाया।

भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी सौरव घोषाल ने जीता कांस्य पदक
पुरुष एकल स्क्वैश में, सौरव घोषाल ने इंग्लैंड के जेम्स विलस्ट्रॉप को 3-0 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का पहला एकल पदक जीता। सौरव ने 11-6, 11-1,11-4 से विलस्ट्राप को हराया

भारत के हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने जीता कांस्य
भारतीय हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में भारत के पदकों का खाता खोला। पुरुषों के हाई जंप इवेंट के फाइनल में तेजस्विन ने 2.22 मीटर के जंप के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इसी के साथ वह राष्ट्रमंडल खेलों में हाई जंप में भारत के लिए पदक जीतने वाले पहले एथलीट बन गए।

मुक्केबाजी में तीन पदक पक्के
भारत के लिए मुक्केबाजी में भी आज का दिन शानदार रहा, मुक्केबाज निकहत जरीन (50 किग्रा), नीतू गंगस (महिला 48 किग्रा) और हुसाम उद्दीन मोहम्मद (पुरुष 57 किग्रा) ने सेमीफाइनल में प्रवेश करते हुए भारत के तीन और पदक पक्के किया। हालांकि, ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहेन लाइट मिडिल वेट क्वार्टर फाइनल में हार गईं, जबकि आशीष कुमार पुरुषों के लाइट हैवीवेट क्वार्टर फाइनल में हार गए।

सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भारत ने अपने तीसरे ग्रुप मैच में बारबाडोस को 100 रन से हराया। महिला टी20 क्रिकेट में भारत की यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 2018 में मलेशिया को 142 रन से हराया था। भारतीय टीम इस जीत के बाद ग्रुप-ए में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। ऑस्ट्रेलिया पहले पायदान पर काबिज है। वहीं, बारबाडोस और पाकिस्तान की टीम बाहर हो चुकी है।

स्क्वैश में जीता जोशना और हरिंदर पाल की जोड़ी
स्क्वैश में जोशना चिनप्पा और हरिंदर पाल सिंह संधू की जोड़ी ने श्रीलंका की कुरुप और रविंदू की जोड़ी को हरा दिया है। इसके साथ ही भारतीय जोड़ी ने प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

हॉकी में भी भारत का रहा जलवा
हॉकी में, भारतीय महिला टीम ने अपने आखिरी पूल ए मैच में कनाडा पर 3-2 से जीत के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, पुरूष टीम ने कनाडा को 8-0 से रौंदते हुए पूल बी में शीर्ष स्तान हासिल किया।

लॉन बाउल्स में भी प्रदर्शन अच्छा रहा
लॉन बाउल्स के राउंड 2 में, लवली चौबे और नयनमोनी सैकिया की भारतीय महिला जोड़ी ने अपना मैच 23-6 से जीता, जबकि मृदुल बोरगोहेन ने अपने पुरुष एकल मैच में 21-5 से शानदार जीत दर्ज की।

बता दें कि राष्ट्रमंडल खेल 2022 आधे चरण में है और भारत ने अब तक वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है। भारत ने अब तक पांच स्वर्ण सहित कुल 18 पदक जीते हैं।

भारत के पदक विजेता
5 स्वर्णः मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम
6 रजतः संकेत सरगरी, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान
7 कांस्यः गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, गुरदीप सिंह, सौरभ घोषाल, तेजस्विन शंकर।

बर्मिंघम (एजेंसी): बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों-2022 में भारतीय भारोत्तोलकों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारोत्तोलकों ने भारोत्तोलन में भारत को एक और पदक दिला दिया है। भारोत्तोलक गुरदीप सिंह ने पुरुषों के 109 किलोग्राम भारवर्ग में कुल 390 किलो वजन उठाया और कांस्य पदक हासिल किया है। इसी के साथ यह भारत का बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन में 10वां पदक है।

गुरदीप ने स्नैच राउंड में तीन प्रयासों में 167 किलो का वजन उठाया। पहले प्रयास में 167 किग्रा का भार उठाने में असफल रहे। दूसरे प्रयास में उन्होंने 167 किग्रा का भार सफलतापूर्वक उठाया। तीसरे प्रयास में 173 किग्रा का भार उठाने की कोशिश, लेकिन सफल नहीं रहे।

इसके बाद क्लीन एंड जर्क राउंड के पहले प्रयास में गुरदीप 207 किग्रा का भार उठाने में सफल रहे। दूसरे प्रयास में 215 किग्रा का भार उठाने में सफल नहीं हो पाए। तीसरे प्रयास में 223 किग्रा का भार उठाने में सफल रहे। इस तरह कुल 390 किग्रा का कुल भार उठाने के साथ गुरदीप तीसरे स्थान पर रहे और कांस्य पदक अपने नाम किया।

पाकिस्तान के मुहम्मद नूह दस्तगीर बट ने कुल 405 किलो वजन उठाने के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि न्यूजीलैंड के डेविड एंड्रयू ने कुल 394 किलो वजन उठाने के साथ रजत पदक हासिल किया।

गुरुवार का राशिफल

युगाब्ध-5124, विक्रम संवत 2079, राष्ट्रीय शक संवत-1944
सूर्योदय 05.46, सूर्यास्त 06.46, ऋतु – वर्षा

श्रावण शुक्ल पक्ष सप्तमी, गुरुवार, 04 अगस्त 2022 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल।

मेष राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। कार्य विस्तार को लेकर आवश्यक निर्णय ले सकते हैं और नई योजनाओं की शुरुआत कर सकते हैं। कार्यों में अपने प्रयासों से सफल होंगे। सृजनात्मक शक्तियों में वृद्धि होगी। वैचारिक दृढ़ता एवं मानसिक स्थिरता के कारण कार्य सफलता में सरलता होगी। जीवनसाथी का पूर्ण सहयोग मिलेगा। किसी पर्यटन स्थल की सैर से मन अति प्रसन्न रहेगा। स्वजनों से निकटता बढ़ेगी। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

वृषभ राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। व्यापार-धंधा अच्छा चलेगा और लाभ की स्थिति रहेगी। कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी और परिश्रम से कार्यों में सफलता मिलेगी, लेकिन अनावश्यक खर्च अधिक रहने से मन अशांत रह सकता है। क्रोध पर नियंत्रण और वाणी पर संयम रखें। स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतें और बाहर के खाने-पीने से बचें। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। सहकर्मियों से लाभ होगा। मन में नकारात्मक विचार न आने दें।

मिथुन राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। व्यावसायिक क्षेत्र में धनलाभ की स्थिति रहेगी। कारोबार विस्तार की नई योजनाएं शुरू कर सकते हैं। कार्यों में सफलता मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। शारीरिक व मानसिक रूप से स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार के साथ समय सुखपूर्वक बीतेगा। पुराने मित्रों से मुलाकात हो सकती है। किसी लम्बी यात्रा पर जाने का कार्यक्रम बन सकता है। कार्यक्षेत्र में सहयोगियों की मदद मिलेगी। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।

कर्क राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। कारोबार मध्यम रहेगा। कार्यक्षेत्र में छोटी-छोटी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कार्यों की सफलता के लिए कड़ी मेहनत और भागदौड़ अधिक करनी पड़ेगी। मानसिक और शारीरिक रूप से थकान का अनुभव करेंगे। निर्णय लेने में सावदानी बरतें। क्रोध पर नियंत्रण रखें, अन्यथा परिजनों से अनबन हो सकती है। खान-पान का ध्यान रखें और यात्रा पर जाने से बचें। भाषा एवं व्यवहार में मृदुता कायम रखें।

सिंह राशि :- आज का दिन शुभ फलदायी रहेगी। कारोबार में आकस्मिक धनलाभ और नौकरी में तरक्की के योग रहेंगे। आय के स्रोत में बढ़ोतरी हो सकती है। सहयोगियों और मित्रों का पूरा सहयोग रहेगा, जिससे कार्यों में सफलता मिलेगी, जिस मन प्रसन्न रहेगा। परिवार का माहौल आनंदमय रहेगा। मित्रों से हुई मुलाकात लाभदायक सिद्ध होगी। शारीरिक एवं मानसिक आरोग्य अच्छा रहेगा। परिजनों के साथ किसी सुंदर पर्यटन स्थल पर जाने का आयोजन हो सकता है।

कन्या राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। दृढ़ मनोबल एवं आत्मविश्वास से हर कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होगा। व्यवसाय के क्षेत्र में आपकी प्रतिभा बढ़ सकती है। पदोन्नति की संभावना है। पिता की संपत्ति से लाभ होगा। कला एवं खेल-कूद में निपुण व्यक्तियों को अपनी प्रतिभा दर्शाने का मौका मिलेगा। सरकार के साथ धन का व्यवहार सफल रहेगा। जमीन या मकान के दस्तावेजी कार्यों के लिए समय योग्य है। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। सेहत का ध्यान रखें।

तुला राशि :- आज का आपका दिन बहुत शुभ है। कार्यक्षेत्र में आशानुकूल सफलता मिलेगी, जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। आकस्मिक धनलाभ के योग रहेंगे। धार्मिक कार्य एवं यात्रा के लिए समय बिल्कुल अनुकूल है। मित्रों एवं सम्बंधियों से हुई मुलाकात के कारण आनंद होगा। मित्रों से लाभ होगा। विदेश यात्रा के अवसर मिलेंगे। स्नेहीजनों के समाचार मिलने से आनंद होगा। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा।

वृश्चिक राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। आज के दिन आपको अपनी वाणी पर संयम रखना होगा। इसके साथ ही आपको सरकार विरोधी प्रवृत्तियों, क्रोध एवं कामवृत्तियों से परे रहने की आवश्यकता है। अन्यथा मुसीबत में पड़ सकते हैं। नए संबंध अनिष्टकारक हो सकते हैं। आर्थिक संकट आ सकता है। ऐसे समय में ईश्वर की आराधना एवं आध्यात्मिकता आपके मन को शांति प्रदान कर सकती है। परिवार में कलह हो सकती है। सेहत का ध्यान रखें।

धनु राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। व्यापार-धंधा मध्यम रहेगा। सामान्य दैनिक कार्यों को भुलाकर आनंद-प्रमोद में खोए रह सकते हैं। इसलिए कार्यक्षेत्र में छोटी-छोटी परेशानियां आ सकती हैं। सावधानी बरतें और सभी कार्य मन लगाकर करें। किसी मनोरंजन स्थल या पर्यटनस्थल पर जाने से मन अति प्रसन्न होगा। सामाजिक कार्यों में भाग लेने से सम्मान की प्राप्ति होगी। मित्रों व स्वजनों के साथ घूमना-फिरना आनंदप्रद हो सकता है।

मकर राशि :- आज का दिन हर्षोल्लास का रहेगा। परिवार में आनंद का वातावरण रहेगा, जिससे आपका मन प्रफुल्लित रहेगा। शारीरिक स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। व्यवसाय के लिए भी दिन लाभदायी रहेगा। सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा और आर्थिक लाभ होगा। पुराने मित्रों से मुलाकात होगी, जो लाभदायक रहेगी। धर्म-कर्म के कार्यों के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भाग लेंगे, जिससे समाज में प्रतिष्ठा बढ़ेगी। विद्यार्थियों के लिए समय बिलकुल अनुकूल रहेगा।

कुम्भ राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। कारोबार अच्छा चलेगा, लेकिन भागदौड़ की अधिकता रहेगी। कार्यभार बढऩे से थकान का अनुभव कर सकते हैं। निर्णय लेने की क्षमता का अभाव और मन के चिंताग्रस्त होने से असमंजस की स्थिति रहेगी। स्वास्थ्य को लेकर सावधानी रखें। उच्च अधिकारियों की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है। संतानों के साथ मतभेद होने की संभावना है व उनके आरोग्य की चिंता भी रहेगी। प्रतिस्पर्धियों के साथ विवाद में फंसने से बचना होगा।

मीन राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी और परिश्रम से कार्यों में सफलता मिलेगी, जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, लेकिन अनावश्यक खर्च भी अधिक होगा। मन बहुत संवेदनशील रहेगा एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ्य रहेंगे। विद्योपार्जन करने वालों को विद्या प्राप्ति में सफलता मिलेगी। जमीन-मकान या वाहन आदि के दस्तावेजी कार्यों के दौरान खास सावधान रहें। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। खान-पान का ध्यान रखें।

निर्देशन, अभिनय और गायन में अभिनव प्रयोग करने वाले चुलबुले और हरदिल अजीज फनकार किशोर कुमार का जन्म 04 अगस्त 1929 को खंडवा (मध्य प्रदेश) में हुआ था। उन्हें हिन्दी सिनेमा में तमाम तरह के किरदारों को बखूबी निभाने के लिए भी जाना जाता है। उनके गायन की शैली और कॉमेडी को लोग आज भी याद करते हैं।

देश की पहली कॉमेडी फिल्म ‘चलती का नाम गाड़ी’ में किशोर कुमार ने अपने दोनों भाइयों अशोक कुमार और अनूप कुमार के साथ हास्य अभिनय के ऐसे आयाम स्थापित किए, जो आज भी मील का पत्थर हैं। हास्य फिल्मों की बात हो तो इस फिल्म को बेहतरीन फिल्मों में शुमार किया जाता है।

किशोर कुमार का असली नाम आभास कुमार गांगुली था। धनी परिवार में जन्मे किशोर कुमार का बचपन से एक ही सपना था। वह अपने बड़े भाई अशोक कुमार से ज्यादा पैसा कमाना चाहते थे। किशोर चार भाई-बहनों अशोक कुमार, सती देवी, अनूप कुमार में सबसे छोटे थे।

70 और 80 के दशक में किशोर कुमार सबसे महंगे सिंगर थे। खासकर राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन के लिए उनकी आवाज बेहद पसंद की जाती थी। राजेश खन्ना को सुपरस्टार बनाने में किशोर का बड़ा योगदान माना जाता है। हिंदी सिनेमा में कई गायक आए और गए लेकिन किशोर कुमार की आवाज का जादू आज भी बरकरार है। उनका निधन 13 अक्टूबर 1987 में हुआ था।

पटना: नेपाल में लगातार हो रही वर्षा के कारण बिहार की नदियां उफान पर हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने बिहार में अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है। बुधवार को पूरे बिहार में बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। हल्की आंधी के साथ बिजली के चमकने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पूरे बिहार में दो प्रकार के मौसम का पूर्वानुमान लगाया है। पहला मूसलाधार बारिश के साथ बिजली चमकने और बादल के गरजने वाले जिले। इन जिलों में सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज हैं। दूसरा मध्यम दर्जे की बारिश के साथ बिजली चमकने और बादल गरजने वाले जिले। इसमें पटना, दरभंगा, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत बिहार के 34 जिले हैं। पूरे बिहार में मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिन में 3 बजे से 4 बजे और रात को 9 बजे के बाद रात भर बारिश होने की संभावना है।

पिछले दो दिनों से बिहार के कुछ जिलों में मूसलाधार बारिश तो कुछ जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। कोसी, गंडक और बागमती नदियां खतरे के निशान से ऊपर हैं। पटना में भी गंगा का जल-स्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग हाई अलर्ट पर है।

कोसी नदी पानी सुपौल और सहरसा के निचले इलाकों में घुसा ा
कोसी नदी में जल-स्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसलिए सुपौल के वीरपुर बराज के 56 में से 35 फाटक खोल दिये गये हैं। बराज से 2 लाख 29 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है। तटबंध पर पानी का भारी दबाव है। इससे सुपौल और सहरसा के निचले इलाकों में घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। सुपौल के किशनपुर प्रखंड में दुबियाही मौजहा मुख्य सड़क टूट गई है। निर्मली प्रखंड में 200 एकड़ क्षेत्र में धान की फसल डूब गई है। सुपौल में पश्चिमी कोसी तटबंध के रिटायर बांध का स्पर ध्वस्त हो गया है।

कटिहार के कई गांव में महानंदा नदी का पानी घुसा
सीमांचल इलाके में महानंदा नदी भी कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। कटिहार के आजमनगर के आधा दर्जन से अधिक गांवों में महानंदा का पानी घुस गया है। कनकई और परमान नदियों के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि हो रही है।

वाल्मीकिनगर के गंडक बराज से छोड़ा गया पानी, गाेपालगंज के कई गांव डूबे
गंडक नदी में पानी के भारी दबाव से बाल्मीकिनगर बराज पर मंडराते खतरा को देखते हुए उसके सभी 36 फाटक खोल दिए गए हैं। बाल्मीकिनगर बराज से लगाातर तीन लाख क्यूसेक से अधिक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है। देर रात यह 3.17 लाख क्यूसेक हो गया था। इससे गाेपालगंज में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। सदर व मांझा प्रखंडों के कई गांव डूब गए हैं। दोनों प्रखंडों के कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। पतराहा छरकी, मसान थाना छरकी व ग्रामीण तटबंध पर नदी का भारी दबाव है। बाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (वीटीआर) में भी गंडक का पानी घुसने के कारण जंगली जानवर रिहायशी इलाकों में घुस रहे हैं। पश्चिम चंपारण के गौनाहा में कटहा नदी पर बना पुल दो भागों में बंट जाने से दो गांवों का संपर्क कट गया है।

पटना, भागलपुर और मुंगेर में गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी
पटना के गांधी घाट में गंगा खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है। सोन और पुनपुन नदियां भी उफान पर हैं।गंगा नदी के जलस्तर में भी लगातार बढ़ोतरी होती दिख रही है। भागलपुर के कहलगांव में गंगा खतरे के निशान से महज 31 सेंटीमीटर नीचे है। मुंगेर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 2.83 मीटर नीचे है। तेज कटाव के कारण तीन दर्जन से ज्यादा गांव खतरे में हैं। हालांकि, जल संसाधन विभाग अलर्ट है।

Chhapra : छपरा रेलवे जंक्शन पर आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने ट्रेनों में सघन जांच की करवाई की. जिसमें पूर्वाचल एक्सप्रेस के एसी कोच से एक लावारिस बैग में अंग्रेजी शराब बरामद हुई. जिसकी कीमत लगभग नौ हजार रुपये बताई जा रही है। इसमे मुख्य रूप से आठ बोतल अंग्रेजी शराब और पांच टेट्रा पैक शामिल है.

75वे आजादी महोत्सव को लेकर जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था बढाई गई है, इसीको लेकर ट्रेनों में सुरक्षा के मद्देनजर जाँच टीम लगाई गई है. चेकिंग के दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेस जो सीमार्वती उतर प्रदेश के बलिया होकर आती है, उसी ट्रेन एसी कोच में लावारिस बैग पाया गया, जिसे खोल कर चेक किया गया, प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि इस दौरान तस्कर भागने या छिपने में सफल रहा.

लखनऊ (एजेंसी): उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार साइबर अपराध को लेकर लोगों को जागरूक करती रहती है। इसी क्रम में एक बार फिर साइबर अपराध से जुड़ी अहम जानकारी साझा करते हुए इससे सतर्क रहने को कहा है।

अपर पुलिसमहानिदेक कानून एवं व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि साइबर क्राइम सेल से यह जानकारी हुई है कि साइबर अपराधियों ने अब ठगी का नया तरीका तलाशा है। वे लोग अब ऑनलाइन प्रतिष्ठित कंपनियों के लिंक भेज रहे हैं। जिसका प्रयाेग वायरस, मैलवेयर डाउनलोड करने के लिए या धोखाधड़ी के आशय से उनकी व्यक्तिगत और संवेदनशील जानकारी चुराने के लिए किया जा रहा है।

अपराधी व्हाट्सएप के माध्यम से प्रसिद्ध वेबसाइट जैसे फ्लिपकार्ट, अमेजन आदि के खास अवसर पर अपने ग्राहकों को उपहार दिये जाने का लिंक प्राप्त करा रहे हैं। महंगे गिफ्ट आईफोन देने की बात कहकर यह लिंक को खोलने को कहते हैं। बताए गए ऑप्शन पर तीसरी बार क्लिक करने पर आईफोन या अन्य उपहार जीतने की बधाई मिलती है। इसके बाद यह कहा जाता है कि यह गिफ्ट क्लेम तभी हो पाएगा जब इस लिंक को आप अपने जानने वालों को व्हाट्सएप या अन्य किसी माध्यम से शेयर करते हैं। इस तरह के लिंक के माध्यम से सिर्फ उस व्यक्ति का डेटा चोरी कर लिया जाता है, जिसे स्कैमर्स इकट्ठा कर डार्क वेब पर बेचते हैं, जो आपके विरुद्ध ठगी करने मे भविष्य में प्रयोग किया जा सकता है।

अगर ऐसा लिंक किसी के पास आता है तो उसे बिल्कुल न छुएं। यदि आपने किसी प्रसिद्ध कंपनी का गिफ्ट लिंक ओपन कर लिया है तो यह अवश्य जांचे कि वह लिंक आपको उस कम्पनी की अधिकृत वेबसाइट पर ले गया है या फिर किसी मिलते जुलते नाम की वेबसाइट ओपन हुई है। यदि आपको यह दिखता है कि यह लिंक अधिकृत वेबसाइट का नहीं है तो उस लिंक को अपने किसी भी ग्रुप या कॉन्टेक्ट को कदापि फारवर्ड न करें। किसी भी प्रसिद्ध कम्पनी के गिफ्ट देने वाले लिंक की सत्यता उस कम्पनी की अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से किया जाना चाहिए। उस कंपनी की अधिकृत वेबसाइट पर ऐसा कोई अनाउंसमेंट है या नहीं इसकी जानकारी अवश्य करनी चाहिये।