भारतीय जूनियर महिला टीम ने जीता एशिया कप का खिताब, हॉकी इंडिया ने की पुरस्कार की घोषणा

भारतीय जूनियर महिला टीम ने जीता एशिया कप का खिताब, हॉकी इंडिया ने की पुरस्कार की घोषणा

नई दिल्ली, 11 जून (हि.स.)। भारतीय जूनियर महिला हाॅकी टीम ने इतिहास रच दिया है। टीम ने पहली बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। जापान के काकामीगहारा में खेले गए महिला जूनियर एशिया कप 2023 के फाइनल मुकाबले में रविवार को महिला टीम ने 4 बार की चैंपियन साउथ कोरिया को 2-1 से हरा दिया। भारत के लिए अन्नू (22वें मिनट) और नीलम (41वें मिनट) ने गोल किया। वहीं विपक्षी टीम की ओर से एकमात्र गोल सियोन पार्क (25वें मिनट) ने किया। इसी के साथ भारतीय टीम ने चिली में खेले जाने वाले एफआईएच महिला जूनियर विश्व कप 2023 में अपना स्थान पक्का किया।

फाइनल मुकाबले की बात करें तो खेल के पहले 20 मिनट में कोई गोल नहीं हुआ। 22वें मिनट में भारत की अन्नू ने गोल करके टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। हालांकि भारतीय टीम की बढ़त ज्यादा देर तक नहीं रही। 25वें मिनट पर कोरिया के लिए सियोन पार्क ने गोल करके स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया।

दूसरे हॉफ में 41वें मिनट में नीलम ने गोल करके भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। खेल समाप्त होने तक भारत 2-1 से आगे रहा और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसी साथ महिला टीम एशिया चैंपियन बन गई। यह टूर्नामेंट का 8वां सीजन है। भारत खिताब जीतने वाला तीसरा देश है। साउथ कोरिया ने सबसे अधिक 4 बार, चीन ने 3 बार टूर्नामेंट पर कब्जा किया है। इस बार यह टूर्नामेंट 3 से 11 जून तक खेला गया।

खिलाड़ियों को पुरस्कार देने की घोषणा

एशिया कप जीतने पर हॉकी इंडिया कार्यकारी बोर्ड ने प्रत्येक खिलाड़ी के लिए दो लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। वहीं सहयोगी स्टाफ को प्रशंसा के प्रतीक के रूप में एक लाख रुपये मिलेंगे। हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने भारतीय जूनियर महिला टीम को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी।

एक बयान में टिर्की ने कहा कि हम बेहद गर्व से भरे हुए हैं। भारतीय जूनियर महिला टीम ने अपना पहला जूनियर एशिया कप जीत लिया है। प्रतिभा और दृढ़ संकल्प का उनका असाधारण प्रदर्शन वास्तव में आशाजनक रहा है। इस जीत ने उनकी स्थिति को मजबूत किया है। मुझे विश्वास है कि यह इस साल के अंत में होने वाले जूनियर विश्व कप में उनकी आगामी चुनौती के लिए एक मजबूत नींव के रूप में काम करेगा।

उन्होंने कहा कि उनकी उत्कृष्ट उपलब्धि को पहचानने के लिए हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार से सम्मानित करने का फैसला किया है। मैं टीम और समर्पित सपोर्ट स्टाफ को देश का नाम रोशन करने में उनके अटूट प्रयासों के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने बयान में कहा कि प्रत्येक मैच में टीम ने लगातार उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। जूनियर एशिया कप में टीम की निरंतर जीत दर्शाती है कि भारत में हॉकी का भविष्य सुरक्षित हाथों में है। भारतीय टीम को अपना पहला महिला जूनियर एशिया कप जीतने में मदद करने के लिए टीम और समर्पित सपोर्ट स्टाफ को उनके अटूट प्रयासों के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।

0Shares
A valid URL was not provided.

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें