इतिहास के पन्नों में 6 अप्रैल

आधुनिक ओलंपिक खेलों की शुरुआत आज के दिन ही हुई। 06 अप्रैल के एतिहासिक दस्तावेजों में कई दूसरी अहम घटनाएं भी दर्ज हैं, जिनमें सबसे प्रमुख है- नमक कानून भंग करने पर महात्मा गांधी की गिरफ्तारी।
आधुनिक ओलंपिक खेलों की शुरुआतः ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेना और उसमें कामयाबी की दास्तां लिखना, हर खिलाड़ी का सपना होता है। दूसरे तमाम खेल आयोजनों के मुकाबले ओलंपिक खेल को दुनिया भर में सबसे ऊंचा मुकाम हासिल है। इस लिहाज से 06 अप्रैल का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। छह अप्रैल 1896 में आधुनिक ओलंपिक खेलों की शुरुआत यूनान की राजधानी एथेंस में हुई थी। सुविधाओं की कमी और आयोजन की मेजबानी संबंधी समस्या के साथ इसमें खिलाड़ियों की कम भागीदारी हो पायी। एथेंस ओलंपिक खेलों में सिर्फ 14 देशों के तकरीबन 200 खिलाड़ियों ने 43 खेल मुकाबलों में हिस्सा लिया। हालांकि आगे चलकर ओलंपिक खेल सबसे बड़े आयोजन के रूप में तब्दील होता गया।
 
भाजपा की स्थापनाः 06 अप्रैल 1980 को भारतीय जनता पार्टी की नींव रखी गयी। श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित भारतीय जनसंघ से इस पार्टी का जन्म हुआ। 1977 में जनसंघ का कई अन्य दलों में विलय होकर जनता पार्टी बनी। 1980 में जनता पार्टी को भंग कर भारतीय जनता पार्टी की आधारशिला रखी गयी। अटल बिहारी वाजपेयी इस पार्टी के पहले अध्यक्ष बने जो 1980-1986 तक इस पद पर रहे। वाजपेयी 1996 में इस पार्टी की तरफ से पहले प्रधानमंत्री भी बने। पार्टी ने हालिया वर्षों में चुनावी कामयाबी का नया इतिहास रचा लेकिन शुरुआती वर्षों में पार्टी को मायूसी भी मिली। 1984 में पार्टी को लोकसभा में केवल दो सीटें मिलीं। उसके बाद पार्टी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। खासतौर पर 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में जबर्दस्त प्रदर्शन और इस दौरान कई राज्यों में पार्टी की सरकार या सत्ता में भागीदारी, पार्टी को नये ढंग से रेखांकित करती है। इसके प्राथमिक सदस्यों की संख्या के लिहाज से यह दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है।
 
अन्य अहम घटनाएंः
 
1906- पहले एनिमेटेड कार्टून के लिए कॉपीराइट हासिल किया गया।
1917- प्रथम विश्वयुद्ध में अमेरिका ने जर्मनी के विरुद्ध युद्ध की घोषणा की।
1919- गांधीजी ने रॉलेट एक्ट के खिलाफ पहली बार अखिल भारतीय हड़ताल का आह्वान किया।
1930- गांधीजी को नमक कानून के उल्लंघन पर गिरफ्तार किया गया।
1955- अमेरिका ने परमाणु परीक्षण किया।
 
1957- सोवियत संघ ने परमाणु परीक्षण किया।
 
1966- भारतीय तैराक मिहिर सेन ने पाक जलडमरूमध्य तैरकर पार किया।
 
हि.स

 

0Shares
A valid URL was not provided.