धवल क्रांति का ‘आनंद मॉडल’- भारत में श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन का जन्म 26 नवंबर 1921 को केरल के कोझिकोड में हुआ। सुप्रसिद्ध उद्योगपति डॉ. कुरियन ने अरबों रुपये के ब्रांड ‘अमूल’ की आधारशिला रखी। विश्व के सबसे बड़े कृषि विकास कार्यक्रम के लिए उन्हें ‘फादर ऑफ व्हाइट रिवोल्युशन’ कहा जाता है जिन्होंने ‘बिलियन लीटर आइडिया’ से भारत को दूध का सबसे बड़ा उत्पादक बना दिया। उनकी इन कोशिशों से डेयरी उद्योग भारत के सबसे बड़ा आत्मनिर्भर उद्योग में बदल गया।
चेन्नै से इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले कुरियन ने बेंगलुरू और मिशीगन स्टेट विवि अमेरिका में डेयरी इंजीनियरिंग में विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया। रोचक बात यह है कि दुग्ध क्रांति के लिए दुनिया भर में मशहूर डॉ. कुरियन स्वयं दूध नहीं पीते थे। 1970 में राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की योजना ने भारत में डेयरी की तस्वीर बदलकर रख दी। इससे पहले 1949 में डॉ. कुरियन ने स्वच्छा से सरकारी नौकरी छोड़कर कैरा जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ जो अमूल के नाम से प्रसिद्ध है, उससे जुड़ गए। उन्होंने इस संस्थान को देश का सबसे सफल संस्थान बनाने में सर्वाधिक योगदान दिया। उनकी इसी सफलता से प्रभावित होकर तत्कालीन प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री ने राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड का निर्माण किया और डॉ. कुरियन को बोर्ड का अध्यक्ष बनाया गया। दो दशकों बाद डॉ. कुरियन की अगुवाई में इस संस्थान का कार्यक्रम, श्वेत क्रांति का पर्याय बन गया। ऑपरेशन फ्लड तीन चरणों में पूरा हुआ।
भारत सरकार की तरफ से डॉ. कुरियन की अद्वितीय सेवाओं को देखते हुए पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया। उन्हे रेमन मैग्सायसाय पुरस्कार, कार्नेगी वाटलर विश्व शांति पुरस्कार मिले। उपलब्धियों तक पहुंचने से पहले डॉ.कुरियन के अथक परिश्रम और कड़े संघर्षों पर आधारित श्याम बेनेगल की मशहूर फिल्म ‘मंथन’ को लोगों ने काफी पसंद किया। 9 सितंबर 2012 में 90 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया।
अन्य अहम घटनाएं:
1917: उड़ीसा के पूर्व मुख्यमंत्री बीरेन मित्रा का जन्म।
1919: भारत के सुप्रसिद्ध इतिहासकार रामशरण शर्मा का जन्म।
1926: भारत के मशहूर वैज्ञानिक व शिक्षाविद यशपाल का जन्म।
1926: लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष और राजनीतिज्ञ रवि राय का जन्म।
1949: संविधान सभा के अध्यक्ष का स्वतंत्र भारत के संविधान पर हस्ताक्षर।
2008: मुंबई में कई स्थानों पर आतंकवादी हमले, आतंकियों ने की 166 लोगों की हत्या।
2012: अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी बनायी।