पटना साहिब में राष्ट्रपति ने टेका मत्था

पटना साहिब में राष्ट्रपति ने टेका मत्था

पटना (बिहार), 18 अक्टूबर (हि.स.)। तीन दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बापू सभागार में बुधवार को शाम में बिहार के चौथे कृषि रोड मैप का शुभारंभ करने के बाद सिक्खों के दसवें गुरु श्री गुरुगोविंद सिंह की जन्मस्थली पटना साहिब गुरुद्वारा पहुंचीं, जहां उन्होंने तख्त श्री हरिमंदिर में गुरु के दरबार में मत्था टेका।

मौके पर गुरुद्वारा प्रबंधक ने उन्हें उपहार स्वरूप सरोपा सौंपा। साथ ही उन्हें गुरुगोविंद सिंह का अस्त्र-शस्त्र भी दिखाया। राष्ट्रपति ने देश की तरक्की के साथ शांति और सद्भाव की कामना की। मुर्मू के साथ राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर भी मौजूद रहे। यहां आधा घंटा रुकने के बाद वे राजभवन चली गईं। राजभवन में राज्यपाल का रात्रि भोज है, जिसमें गण्यमान्य लोग भी शामिल होंगे। राष्ट्रपति राजभवन में ही रात्रि विश्राम करेंगी।

राष्ट्रपति के अगले दो दिनों का कार्यक्रम

19 अक्टूबर को राष्ट्रपति सुबह 9:15 बजे चौपर के माध्यम से मोतिहारी जाएंगी, जहां पूर्वाह्न 10:45 से 11:45 बजे तक महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद वे वापस पटना पहुंचेंगी और शाम 5:30 बजे पटना एम्स के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। कार्यक्रम के बाद वे राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी। अगले दिन 20 अक्टूबर को वे गया जाएंगी, जहां दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में शामिल होने के बाद मुर्मू गया से ही दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगी।

0Shares
A valid URL was not provided.

छपरा टुडे डॉट कॉम की खबरों को Facebook पर पढ़ने कर लिए @ChhapraToday पर Like करे. हमें ट्विटर पर @ChhapraToday पर Follow करें. Video न्यूज़ के लिए हमारे YouTube चैनल को @ChhapraToday पर Subscribe करें