पटना, 30 जून (हि.स.)। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने पटना में जन संवाद के दौरान शुक्रवार को तंज कसते हुए कहा कि बिहार में कांग्रेस कहीं नहीं है। न कोई नेता जमीन पर है। बस सरकार में शामिल है। उन्होंने कहा कि कर्नाटक के बाद लोकसभा में जीत होगी, ऐसा नहीं है। वर्ष 2018 में कांग्रेस तीन राज्यों में जीती थी। इसके ठीक चार महीने बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में कई राज्यों में खाता तक नहीं खुला।
प्रशांत किशोर ने कहा कि इस बार कांग्रेस कर्नाटक का चुनाव जीती है तो मैं कहना चाहूंगा कि कर्नाटक में मिली जीत को कांग्रेस 2024 के लोकसभा चुनाव की जीत के तौर पर न देखे। पिछले चुनावों की बानगी देते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि कर्नाटक विधानसभा के लिए 2013 में हुए चुनाव में कांग्रेस जीतकर आई, उसके एक साल बाद ही 2014 के आम चुनाव में भाजपा सबसे अधिक लोकसभा की सीटें जीतकर आई।
उन्होंने याद दिलाया कि 2018 के दिसंबर में राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों में कांग्रेस जीतकर आई लेकिन इसके ठीक चार महीने बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का प्रदर्शन बहुत बुरा रहा और खाता तक नहीं खुला। इसलिए मैं कांग्रेस या अन्य पार्टियों को भी बता रहा हूं कि देश में हर चुनाव एक अलग चुनाव होता है।