बर्मिंघम/नई दिल्ली: भारत के लिए राष्ट्रमंडल खेल 2022 में छठां दिन भी काफी शानदार रहा। छठे दिन भारतीय एथलीटों ने कुल पांच पदक जीते। जूडो में जहां तूलिका मान ने रजत जीता, वहीं, स्क्वैश में सौरव घोषाल, भारोत्तोलन में लवप्रीत और गुरदीप व ट्रैक एंड फील्ड में तेजस्विन शंकर ने कांस्य पदक जीता। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी बारबडोस को 100 रन से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया

भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह और गुरदीप सिंह ने जीता कांस्य पदक
भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह ने बुधवार को पुरुषों के 109 किग्रा भारोत्तोलन में कांस्य पदक जीता, लवप्रीत ने भारोत्तोलन के 109 किग्रा भार वर्ग के स्नैच राउंड में कुल 163 किग्रा भार उठाया,वहीं, क्लीन एंड जर्क में उन्होंने 192 किग्रा भार के साथ दोनों राउंड मिलाकर कुल 355 किग्रा भार उठाया।

वहीं,गुरदीप सिंह ने 109 किलोग्राम भारवर्ग में कांस्य पदक जीता। उन्होंने कुल 390 किलो वजन (स्नैच राउंड में 167 और क्लीन एंड जर्क राउंड में 223 किलो) का वजन उठाया।

भारतीय स्क्वैश खिलाड़ी सौरव घोषाल ने जीता कांस्य पदक
पुरुष एकल स्क्वैश में, सौरव घोषाल ने इंग्लैंड के जेम्स विलस्ट्रॉप को 3-0 से हराकर राष्ट्रमंडल खेलों में भारत का पहला एकल पदक जीता। सौरव ने 11-6, 11-1,11-4 से विलस्ट्राप को हराया

भारत के हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने जीता कांस्य
भारतीय हाई जंपर तेजस्विन शंकर ने राष्ट्रमंडल खेलों में ट्रैक एंड फील्ड इवेंट में भारत के पदकों का खाता खोला। पुरुषों के हाई जंप इवेंट के फाइनल में तेजस्विन ने 2.22 मीटर के जंप के साथ कांस्य पदक अपने नाम किया। इसी के साथ वह राष्ट्रमंडल खेलों में हाई जंप में भारत के लिए पदक जीतने वाले पहले एथलीट बन गए।

मुक्केबाजी में तीन पदक पक्के
भारत के लिए मुक्केबाजी में भी आज का दिन शानदार रहा, मुक्केबाज निकहत जरीन (50 किग्रा), नीतू गंगस (महिला 48 किग्रा) और हुसाम उद्दीन मोहम्मद (पुरुष 57 किग्रा) ने सेमीफाइनल में प्रवेश करते हुए भारत के तीन और पदक पक्के किया। हालांकि, ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज लवलीना बोर्गोहेन लाइट मिडिल वेट क्वार्टर फाइनल में हार गईं, जबकि आशीष कुमार पुरुषों के लाइट हैवीवेट क्वार्टर फाइनल में हार गए।

सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय महिला क्रिकेट टीम
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भारत ने अपने तीसरे ग्रुप मैच में बारबाडोस को 100 रन से हराया। महिला टी20 क्रिकेट में भारत की यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इससे पहले उसने 2018 में मलेशिया को 142 रन से हराया था। भारतीय टीम इस जीत के बाद ग्रुप-ए में दूसरे स्थान पर पहुंच गई। ऑस्ट्रेलिया पहले पायदान पर काबिज है। वहीं, बारबाडोस और पाकिस्तान की टीम बाहर हो चुकी है।

स्क्वैश में जीता जोशना और हरिंदर पाल की जोड़ी
स्क्वैश में जोशना चिनप्पा और हरिंदर पाल सिंह संधू की जोड़ी ने श्रीलंका की कुरुप और रविंदू की जोड़ी को हरा दिया है। इसके साथ ही भारतीय जोड़ी ने प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

हॉकी में भी भारत का रहा जलवा
हॉकी में, भारतीय महिला टीम ने अपने आखिरी पूल ए मैच में कनाडा पर 3-2 से जीत के साथ सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं, पुरूष टीम ने कनाडा को 8-0 से रौंदते हुए पूल बी में शीर्ष स्तान हासिल किया।

लॉन बाउल्स में भी प्रदर्शन अच्छा रहा
लॉन बाउल्स के राउंड 2 में, लवली चौबे और नयनमोनी सैकिया की भारतीय महिला जोड़ी ने अपना मैच 23-6 से जीता, जबकि मृदुल बोरगोहेन ने अपने पुरुष एकल मैच में 21-5 से शानदार जीत दर्ज की।

बता दें कि राष्ट्रमंडल खेल 2022 आधे चरण में है और भारत ने अब तक वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है। भारत ने अब तक पांच स्वर्ण सहित कुल 18 पदक जीते हैं।

भारत के पदक विजेता
5 स्वर्णः मीराबाई चानू, जेरेमी लालरिनुंगा, अंचिता शेउली, महिला लॉन बॉल टीम, टेबल टेनिस पुरुष टीम
6 रजतः संकेत सरगरी, बिंदियारानी देवी, सुशीला देवी, विकास ठाकुर, भारतीय बैडमिंटन टीम, तूलिका मान
7 कांस्यः गुरुराजा पुजारी, विजय कुमार यादव, हरजिंदर कौर, लवप्रीत सिंह, गुरदीप सिंह, सौरभ घोषाल, तेजस्विन शंकर।

बर्मिंघम (एजेंसी): बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों-2022 में भारतीय भारोत्तोलकों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारोत्तोलकों ने भारोत्तोलन में भारत को एक और पदक दिला दिया है। भारोत्तोलक गुरदीप सिंह ने पुरुषों के 109 किलोग्राम भारवर्ग में कुल 390 किलो वजन उठाया और कांस्य पदक हासिल किया है। इसी के साथ यह भारत का बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन में 10वां पदक है।

गुरदीप ने स्नैच राउंड में तीन प्रयासों में 167 किलो का वजन उठाया। पहले प्रयास में 167 किग्रा का भार उठाने में असफल रहे। दूसरे प्रयास में उन्होंने 167 किग्रा का भार सफलतापूर्वक उठाया। तीसरे प्रयास में 173 किग्रा का भार उठाने की कोशिश, लेकिन सफल नहीं रहे।

इसके बाद क्लीन एंड जर्क राउंड के पहले प्रयास में गुरदीप 207 किग्रा का भार उठाने में सफल रहे। दूसरे प्रयास में 215 किग्रा का भार उठाने में सफल नहीं हो पाए। तीसरे प्रयास में 223 किग्रा का भार उठाने में सफल रहे। इस तरह कुल 390 किग्रा का कुल भार उठाने के साथ गुरदीप तीसरे स्थान पर रहे और कांस्य पदक अपने नाम किया।

पाकिस्तान के मुहम्मद नूह दस्तगीर बट ने कुल 405 किलो वजन उठाने के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि न्यूजीलैंड के डेविड एंड्रयू ने कुल 394 किलो वजन उठाने के साथ रजत पदक हासिल किया।

गुरुवार का राशिफल

युगाब्ध-5124, विक्रम संवत 2079, राष्ट्रीय शक संवत-1944
सूर्योदय 05.46, सूर्यास्त 06.46, ऋतु – वर्षा

श्रावण शुक्ल पक्ष सप्तमी, गुरुवार, 04 अगस्त 2022 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल।

मेष राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। कार्य विस्तार को लेकर आवश्यक निर्णय ले सकते हैं और नई योजनाओं की शुरुआत कर सकते हैं। कार्यों में अपने प्रयासों से सफल होंगे। सृजनात्मक शक्तियों में वृद्धि होगी। वैचारिक दृढ़ता एवं मानसिक स्थिरता के कारण कार्य सफलता में सरलता होगी। जीवनसाथी का पूर्ण सहयोग मिलेगा। किसी पर्यटन स्थल की सैर से मन अति प्रसन्न रहेगा। स्वजनों से निकटता बढ़ेगी। सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी।

वृषभ राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। व्यापार-धंधा अच्छा चलेगा और लाभ की स्थिति रहेगी। कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी और परिश्रम से कार्यों में सफलता मिलेगी, लेकिन अनावश्यक खर्च अधिक रहने से मन अशांत रह सकता है। क्रोध पर नियंत्रण और वाणी पर संयम रखें। स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतें और बाहर के खाने-पीने से बचें। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। सहकर्मियों से लाभ होगा। मन में नकारात्मक विचार न आने दें।

मिथुन राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। व्यावसायिक क्षेत्र में धनलाभ की स्थिति रहेगी। कारोबार विस्तार की नई योजनाएं शुरू कर सकते हैं। कार्यों में सफलता मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। शारीरिक व मानसिक रूप से स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। परिवार के साथ समय सुखपूर्वक बीतेगा। पुराने मित्रों से मुलाकात हो सकती है। किसी लम्बी यात्रा पर जाने का कार्यक्रम बन सकता है। कार्यक्षेत्र में सहयोगियों की मदद मिलेगी। वाहन चलाते समय सावधानी बरतें।

कर्क राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। कारोबार मध्यम रहेगा। कार्यक्षेत्र में छोटी-छोटी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। कार्यों की सफलता के लिए कड़ी मेहनत और भागदौड़ अधिक करनी पड़ेगी। मानसिक और शारीरिक रूप से थकान का अनुभव करेंगे। निर्णय लेने में सावदानी बरतें। क्रोध पर नियंत्रण रखें, अन्यथा परिजनों से अनबन हो सकती है। खान-पान का ध्यान रखें और यात्रा पर जाने से बचें। भाषा एवं व्यवहार में मृदुता कायम रखें।

सिंह राशि :- आज का दिन शुभ फलदायी रहेगी। कारोबार में आकस्मिक धनलाभ और नौकरी में तरक्की के योग रहेंगे। आय के स्रोत में बढ़ोतरी हो सकती है। सहयोगियों और मित्रों का पूरा सहयोग रहेगा, जिससे कार्यों में सफलता मिलेगी, जिस मन प्रसन्न रहेगा। परिवार का माहौल आनंदमय रहेगा। मित्रों से हुई मुलाकात लाभदायक सिद्ध होगी। शारीरिक एवं मानसिक आरोग्य अच्छा रहेगा। परिजनों के साथ किसी सुंदर पर्यटन स्थल पर जाने का आयोजन हो सकता है।

कन्या राशि :- आज का दिन अच्छा रहेगा। दृढ़ मनोबल एवं आत्मविश्वास से हर कार्य सफलतापूर्वक संपन्न होगा। व्यवसाय के क्षेत्र में आपकी प्रतिभा बढ़ सकती है। पदोन्नति की संभावना है। पिता की संपत्ति से लाभ होगा। कला एवं खेल-कूद में निपुण व्यक्तियों को अपनी प्रतिभा दर्शाने का मौका मिलेगा। सरकार के साथ धन का व्यवहार सफल रहेगा। जमीन या मकान के दस्तावेजी कार्यों के लिए समय योग्य है। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। सेहत का ध्यान रखें।

तुला राशि :- आज का आपका दिन बहुत शुभ है। कार्यक्षेत्र में आशानुकूल सफलता मिलेगी, जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। आकस्मिक धनलाभ के योग रहेंगे। धार्मिक कार्य एवं यात्रा के लिए समय बिल्कुल अनुकूल है। मित्रों एवं सम्बंधियों से हुई मुलाकात के कारण आनंद होगा। मित्रों से लाभ होगा। विदेश यात्रा के अवसर मिलेंगे। स्नेहीजनों के समाचार मिलने से आनंद होगा। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा।

वृश्चिक राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। आज के दिन आपको अपनी वाणी पर संयम रखना होगा। इसके साथ ही आपको सरकार विरोधी प्रवृत्तियों, क्रोध एवं कामवृत्तियों से परे रहने की आवश्यकता है। अन्यथा मुसीबत में पड़ सकते हैं। नए संबंध अनिष्टकारक हो सकते हैं। आर्थिक संकट आ सकता है। ऐसे समय में ईश्वर की आराधना एवं आध्यात्मिकता आपके मन को शांति प्रदान कर सकती है। परिवार में कलह हो सकती है। सेहत का ध्यान रखें।

धनु राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। व्यापार-धंधा मध्यम रहेगा। सामान्य दैनिक कार्यों को भुलाकर आनंद-प्रमोद में खोए रह सकते हैं। इसलिए कार्यक्षेत्र में छोटी-छोटी परेशानियां आ सकती हैं। सावधानी बरतें और सभी कार्य मन लगाकर करें। किसी मनोरंजन स्थल या पर्यटनस्थल पर जाने से मन अति प्रसन्न होगा। सामाजिक कार्यों में भाग लेने से सम्मान की प्राप्ति होगी। मित्रों व स्वजनों के साथ घूमना-फिरना आनंदप्रद हो सकता है।

मकर राशि :- आज का दिन हर्षोल्लास का रहेगा। परिवार में आनंद का वातावरण रहेगा, जिससे आपका मन प्रफुल्लित रहेगा। शारीरिक स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। व्यवसाय के लिए भी दिन लाभदायी रहेगा। सहकर्मियों का सहयोग मिलेगा और आर्थिक लाभ होगा। पुराने मित्रों से मुलाकात होगी, जो लाभदायक रहेगी। धर्म-कर्म के कार्यों के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में भाग लेंगे, जिससे समाज में प्रतिष्ठा बढ़ेगी। विद्यार्थियों के लिए समय बिलकुल अनुकूल रहेगा।

कुम्भ राशि :- आज का दिन मिला-जुला रहेगा। कारोबार अच्छा चलेगा, लेकिन भागदौड़ की अधिकता रहेगी। कार्यभार बढऩे से थकान का अनुभव कर सकते हैं। निर्णय लेने की क्षमता का अभाव और मन के चिंताग्रस्त होने से असमंजस की स्थिति रहेगी। स्वास्थ्य को लेकर सावधानी रखें। उच्च अधिकारियों की नाराजगी झेलनी पड़ सकती है। संतानों के साथ मतभेद होने की संभावना है व उनके आरोग्य की चिंता भी रहेगी। प्रतिस्पर्धियों के साथ विवाद में फंसने से बचना होगा।

मीन राशि :- आज का दिन सामान्य रहेगा। कार्यक्षेत्र में काम की अधिकता रहेगी और परिश्रम से कार्यों में सफलता मिलेगी, जिससे आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, लेकिन अनावश्यक खर्च भी अधिक होगा। मन बहुत संवेदनशील रहेगा एवं मानसिक रूप से अस्वस्थ्य रहेंगे। विद्योपार्जन करने वालों को विद्या प्राप्ति में सफलता मिलेगी। जमीन-मकान या वाहन आदि के दस्तावेजी कार्यों के दौरान खास सावधान रहें। परिवार का माहौल अच्छा रहेगा। खान-पान का ध्यान रखें।

निर्देशन, अभिनय और गायन में अभिनव प्रयोग करने वाले चुलबुले और हरदिल अजीज फनकार किशोर कुमार का जन्म 04 अगस्त 1929 को खंडवा (मध्य प्रदेश) में हुआ था। उन्हें हिन्दी सिनेमा में तमाम तरह के किरदारों को बखूबी निभाने के लिए भी जाना जाता है। उनके गायन की शैली और कॉमेडी को लोग आज भी याद करते हैं।

देश की पहली कॉमेडी फिल्म ‘चलती का नाम गाड़ी’ में किशोर कुमार ने अपने दोनों भाइयों अशोक कुमार और अनूप कुमार के साथ हास्य अभिनय के ऐसे आयाम स्थापित किए, जो आज भी मील का पत्थर हैं। हास्य फिल्मों की बात हो तो इस फिल्म को बेहतरीन फिल्मों में शुमार किया जाता है।

किशोर कुमार का असली नाम आभास कुमार गांगुली था। धनी परिवार में जन्मे किशोर कुमार का बचपन से एक ही सपना था। वह अपने बड़े भाई अशोक कुमार से ज्यादा पैसा कमाना चाहते थे। किशोर चार भाई-बहनों अशोक कुमार, सती देवी, अनूप कुमार में सबसे छोटे थे।

70 और 80 के दशक में किशोर कुमार सबसे महंगे सिंगर थे। खासकर राजेश खन्ना और अमिताभ बच्चन के लिए उनकी आवाज बेहद पसंद की जाती थी। राजेश खन्ना को सुपरस्टार बनाने में किशोर का बड़ा योगदान माना जाता है। हिंदी सिनेमा में कई गायक आए और गए लेकिन किशोर कुमार की आवाज का जादू आज भी बरकरार है। उनका निधन 13 अक्टूबर 1987 में हुआ था।

पटना: नेपाल में लगातार हो रही वर्षा के कारण बिहार की नदियां उफान पर हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने बिहार में अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है। बुधवार को पूरे बिहार में बारिश का पूर्वानुमान लगाया है। हल्की आंधी के साथ बिजली के चमकने की संभावना है।

मौसम विभाग ने पूरे बिहार में दो प्रकार के मौसम का पूर्वानुमान लगाया है। पहला मूसलाधार बारिश के साथ बिजली चमकने और बादल के गरजने वाले जिले। इन जिलों में सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज हैं। दूसरा मध्यम दर्जे की बारिश के साथ बिजली चमकने और बादल गरजने वाले जिले। इसमें पटना, दरभंगा, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर समेत बिहार के 34 जिले हैं। पूरे बिहार में मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिन में 3 बजे से 4 बजे और रात को 9 बजे के बाद रात भर बारिश होने की संभावना है।

पिछले दो दिनों से बिहार के कुछ जिलों में मूसलाधार बारिश तो कुछ जिलों में मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। कोसी, गंडक और बागमती नदियां खतरे के निशान से ऊपर हैं। पटना में भी गंगा का जल-स्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग हाई अलर्ट पर है।

कोसी नदी पानी सुपौल और सहरसा के निचले इलाकों में घुसा ा
कोसी नदी में जल-स्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। इसलिए सुपौल के वीरपुर बराज के 56 में से 35 फाटक खोल दिये गये हैं। बराज से 2 लाख 29 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है। तटबंध पर पानी का भारी दबाव है। इससे सुपौल और सहरसा के निचले इलाकों में घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। सुपौल के किशनपुर प्रखंड में दुबियाही मौजहा मुख्य सड़क टूट गई है। निर्मली प्रखंड में 200 एकड़ क्षेत्र में धान की फसल डूब गई है। सुपौल में पश्चिमी कोसी तटबंध के रिटायर बांध का स्पर ध्वस्त हो गया है।

कटिहार के कई गांव में महानंदा नदी का पानी घुसा
सीमांचल इलाके में महानंदा नदी भी कई जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। कटिहार के आजमनगर के आधा दर्जन से अधिक गांवों में महानंदा का पानी घुस गया है। कनकई और परमान नदियों के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि हो रही है।

वाल्मीकिनगर के गंडक बराज से छोड़ा गया पानी, गाेपालगंज के कई गांव डूबे
गंडक नदी में पानी के भारी दबाव से बाल्मीकिनगर बराज पर मंडराते खतरा को देखते हुए उसके सभी 36 फाटक खोल दिए गए हैं। बाल्मीकिनगर बराज से लगाातर तीन लाख क्यूसेक से अधिक पानी का डिस्चार्ज हो रहा है। देर रात यह 3.17 लाख क्यूसेक हो गया था। इससे गाेपालगंज में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। सदर व मांझा प्रखंडों के कई गांव डूब गए हैं। दोनों प्रखंडों के कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। पतराहा छरकी, मसान थाना छरकी व ग्रामीण तटबंध पर नदी का भारी दबाव है। बाल्मीकिनगर टाइगर रिजर्व (वीटीआर) में भी गंडक का पानी घुसने के कारण जंगली जानवर रिहायशी इलाकों में घुस रहे हैं। पश्चिम चंपारण के गौनाहा में कटहा नदी पर बना पुल दो भागों में बंट जाने से दो गांवों का संपर्क कट गया है।

पटना, भागलपुर और मुंगेर में गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी
पटना के गांधी घाट में गंगा खतरे के निशान की ओर बढ़ रहा है। सोन और पुनपुन नदियां भी उफान पर हैं।गंगा नदी के जलस्तर में भी लगातार बढ़ोतरी होती दिख रही है। भागलपुर के कहलगांव में गंगा खतरे के निशान से महज 31 सेंटीमीटर नीचे है। मुंगेर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 2.83 मीटर नीचे है। तेज कटाव के कारण तीन दर्जन से ज्यादा गांव खतरे में हैं। हालांकि, जल संसाधन विभाग अलर्ट है।

Chhapra : छपरा रेलवे जंक्शन पर आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने ट्रेनों में सघन जांच की करवाई की. जिसमें पूर्वाचल एक्सप्रेस के एसी कोच से एक लावारिस बैग में अंग्रेजी शराब बरामद हुई. जिसकी कीमत लगभग नौ हजार रुपये बताई जा रही है। इसमे मुख्य रूप से आठ बोतल अंग्रेजी शराब और पांच टेट्रा पैक शामिल है.

75वे आजादी महोत्सव को लेकर जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था बढाई गई है, इसीको लेकर ट्रेनों में सुरक्षा के मद्देनजर जाँच टीम लगाई गई है. चेकिंग के दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेस जो सीमार्वती उतर प्रदेश के बलिया होकर आती है, उसी ट्रेन एसी कोच में लावारिस बैग पाया गया, जिसे खोल कर चेक किया गया, प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि इस दौरान तस्कर भागने या छिपने में सफल रहा.

…मैं जिंदगी का साथ निभाता चला गयाः जिंदगी की भूलभुलैया, भटकाव और भ्रम के बावजूद संगीतकार जयदेव, अपने फन की ऐसी ऊंचाइयां गढ़ गए, जिस तक पहुंचना दूसरों के लिए आसान नहीं। शास्त्रीयता में पगे, लोक परंपरा में सजे जयदेव के संगीत जादुई दुनिया रचते हैं जिसका असर कभी कम न होगा- ‘अभी न जाओ छोड़ कर कि दिल अभी भरा नहीं।’ (फिल्मः हम दोनों)

पंजाब के लुधियाना में 3 अगस्त 1919 को जन्मे जयदेव का मूल नाम जयदेव वर्मा था। बाल अभिनेता के तौर पर फिल्मों में काम करने के लिए 15 साल की उम्र में घर से भागकर मुंबई पहुंच गए लेकिन जल्द ही मोहभंग हो गया। लुधियाना वापस आकर प्रोफेसर बरकत राय से संगीत की तालीम ली। बाद में मुंबई में कृष्णराव जावकर और जनार्दन जावकर के साथ-साथ लखनऊ में विख्यात सरोद वादक उस्ताद अली अकबर खान से भी संगीत की तालीम हासिल की।

जयदेव की जिंदगी को गौर से देखें तो कई भटकाव मिलते हैं। वे कहीं ठहरे नहीं, बस चलते रहे। बचपन में फिल्म अभिनेता बनने के लिए घर से निकले तो जल्द ही दिल उचाट हुआ और वापस आकर संगीत साधना में लग गए। कभी अल्मोड़ा जाकर उदय शंकर की नृत्य मंडली में शामिल हुए तो कभी मन की शांति के लिए ऋषिकेश में स्वामी शिवानंद के आश्रम में रहने लगे। ताउम्र शादी नहीं करने वाले जयदेव की जिंदगी, उनके संगीत की तरह निरंतर बहती निर्मल धारा की मानिंद थी।

जयदेव ने हिंदी सिनेमा जगत को कई अमर संगीत दिए। जिनमें ‘ؑआपकी याद आती रही रातभर’, ‘कभी खुद पे कभी हालात पे रोना आया’, ‘अल्ला तेरो नाम ईश्वर तेरो नाम’, ‘आजा सांवरिया तेहे गरवा लगा लूं’, ‘तुझे हो न हो मुझको तो इतना यकीं है’ जैसे गीतों के संगीत जयदेव की विशिष्टता को प्रमाणित करते हैं। 6 दिसंबर 1987 को इस महान संगीतकार का निधन हो गया।

अन्य अहम घटनाएंः

1886ः हिंदी के सुप्रसिद्ध कवि मैथिलीशरण गुप्त का जन्म।
1916ः सुप्रसिद्ध शायर और गीतकार बदायूंनी का जन्म।
1933ः गुजरे जाने की फिल्मी खलनायिका शशिकला का जन्म।
1936ः दिग्गज शास्त्रीय गायक छन्नू लाल मिश्र का जन्म।
1985ः भारतीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी बनारसी दास का निधन
1993ः वेदांत दर्शन के विश्व प्रसिद्ध विद्वान स्वामी चिन्मयानंद का निधन।

लखनऊ (एजेंसी): उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार साइबर अपराध को लेकर लोगों को जागरूक करती रहती है। इसी क्रम में एक बार फिर साइबर अपराध से जुड़ी अहम जानकारी साझा करते हुए इससे सतर्क रहने को कहा है।

अपर पुलिसमहानिदेक कानून एवं व्यवस्था प्रशांत कुमार ने बताया कि साइबर क्राइम सेल से यह जानकारी हुई है कि साइबर अपराधियों ने अब ठगी का नया तरीका तलाशा है। वे लोग अब ऑनलाइन प्रतिष्ठित कंपनियों के लिंक भेज रहे हैं। जिसका प्रयाेग वायरस, मैलवेयर डाउनलोड करने के लिए या धोखाधड़ी के आशय से उनकी व्यक्तिगत और संवेदनशील जानकारी चुराने के लिए किया जा रहा है।

अपराधी व्हाट्सएप के माध्यम से प्रसिद्ध वेबसाइट जैसे फ्लिपकार्ट, अमेजन आदि के खास अवसर पर अपने ग्राहकों को उपहार दिये जाने का लिंक प्राप्त करा रहे हैं। महंगे गिफ्ट आईफोन देने की बात कहकर यह लिंक को खोलने को कहते हैं। बताए गए ऑप्शन पर तीसरी बार क्लिक करने पर आईफोन या अन्य उपहार जीतने की बधाई मिलती है। इसके बाद यह कहा जाता है कि यह गिफ्ट क्लेम तभी हो पाएगा जब इस लिंक को आप अपने जानने वालों को व्हाट्सएप या अन्य किसी माध्यम से शेयर करते हैं। इस तरह के लिंक के माध्यम से सिर्फ उस व्यक्ति का डेटा चोरी कर लिया जाता है, जिसे स्कैमर्स इकट्ठा कर डार्क वेब पर बेचते हैं, जो आपके विरुद्ध ठगी करने मे भविष्य में प्रयोग किया जा सकता है।

अगर ऐसा लिंक किसी के पास आता है तो उसे बिल्कुल न छुएं। यदि आपने किसी प्रसिद्ध कंपनी का गिफ्ट लिंक ओपन कर लिया है तो यह अवश्य जांचे कि वह लिंक आपको उस कम्पनी की अधिकृत वेबसाइट पर ले गया है या फिर किसी मिलते जुलते नाम की वेबसाइट ओपन हुई है। यदि आपको यह दिखता है कि यह लिंक अधिकृत वेबसाइट का नहीं है तो उस लिंक को अपने किसी भी ग्रुप या कॉन्टेक्ट को कदापि फारवर्ड न करें। किसी भी प्रसिद्ध कम्पनी के गिफ्ट देने वाले लिंक की सत्यता उस कम्पनी की अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से किया जाना चाहिए। उस कंपनी की अधिकृत वेबसाइट पर ऐसा कोई अनाउंसमेंट है या नहीं इसकी जानकारी अवश्य करनी चाहिये।

बेगूसराय: नाबालिग लड़की से जबरन देह व्यापार कराने के मामले में बेगूसराय पोक्सो न्यायालय ने दो महिला सहित चार आरोपियों को दस-दस साल के सश्रम कारावास एवं 50-50 का जुर्माना किया है।

जिला पोक्सो न्यायालय के विशेष न्यायाधीश महेश प्रसाद सिंह ने पॉक्सो वाद संख्या 35/2020 की सुनवाई पूरी करते हुए 31 जुलाई को सभी को दोषी करार दिया था। जिसके बाद आज इस मामले के आरोपी नगर थाना के कपस्या चौक निवासी अनीता देव एवं रानी देवी को पोक्सो एक्ट की धारा-चार में दोषी पाकर दस साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई एवं 50-50 हजार जुर्माना किया।

इसके साथ ही दोनों को अनैतिक देह व्यापार अधिनियम की धारा-तीन में एक साल जेल एवं एक हजार जुर्माना, धारा-चार मे एक साल जेल एवं एक हजार जुर्माना, धारा-छह में तीन साल जेल एवं एक हजार जुर्माना एवं धारा-छह में सात साल जेल एवं दस हजार जुर्माना की सजा सुनाई है।

जबकि, नगर थाना द्वारा छापेमारी के दौरान देह व्यापार के लिए लाई गई नाबालिग लड़की के साथ जबरन संबंध बनाने वाले चार ग्राहकों अमरजीत कुमार, गौरव कुमार, हिमांशु कुमार एवं सुमित कुमार को पोक्सो एक्ट की धारा-चार में दोषी पाकर दस साल सश्रम कारावास एवं पचास हजार का जुर्माना किया गया है। अभियोजन की ओर से स्पेशल पीपी कुमारी मनीषा ने 11 गवाहों की गवाही कराई, जिसमें सभी ने घटना का समर्थन किया।

इन लोगों पर आरोप था कि देह व्यापार की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची नगर थाना की पुलिस ने कपस्या चौक के समीप स्थित देह व्यापार का धंधा करने वाली दो महिलाओं के घर से नाबालिग लड़की को गिरफ्तार किया था। मौके पर से ग्राहक बताए गए चार युवक भी पकड़े गए थे, जिसके बाद करीब दो वर्षो के अंदर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए न्यायालय ने कड़ी सजा सुनाकर ”न्याय सबके लिए” की अवधारणा को और मजबूती दिया है।

आमिर खान की ‘लाल सिंह चड्ढा’ के बाद अब अक्षय कुमार की फिल्म ‘रक्षाबंधन’ के बॉयकॉट की मांग सोशल मीडिया पर उठने लगी है। दरअसल सोशल मीडिया पर इस समय अक्षय कुमार के कुछ पुराने इंटरव्यू में दिए गए उनके बयान वायरल हो रहे हैं। अपने इन बयानों ने अक्षय कुमार ने हिंदुत्व पर बात की है। अक्षय कुमार ने अपने एक बयान में मंदिर का मतलब समझाते हुए कहा था कि -”किसी ने मुझे समझाया था कि इसका अर्थ होता है, मन अंदर यानी मन के अंदर। भगवान हमारे अंदर हैं। हमें कहीं जाने की जरूरत नहीं है, ये पूछने की जरुरत नहीं है कि वो कहां हैं।’ वहीं अक्षय कुमार अपने एक बयान में शिवलिंग पर दूध चढ़ाने की परंपरा पर भी सवाल उठाते हैं। वो कहते हैं- ‘शिवलिंग पर दूध चढ़ाकर बर्बाद करने की क्या जरुरत है, सारा दूध बहकर और बर्बाद हो जाता है। अगर यही दूध हम किसी गरीब को दे दें तो उसका सही इस्तेमाल होगा। यही जरुरी है।’

इस तरह के अक्षय कुमार के कई बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। अक्षय कुमार के इन बयानों के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स का गुस्सा फूट पड़ा है और वे अक्षय कुमार को पाखंडी बताते हुये कह रहे हैं कि कृपा फिल्म देखकर पैसे बर्बाद न करे बल्कि किसी गरीब को दान दे दें!’ इस तरह की कई प्रतिक्रियाएं यूजर्स सोशल मीडिया पर दे रहे हैं और साथ ही अक्षय कुमार की आगामी फिल्म ‘रक्षाबंधन’ के बॉयकॉट की मांग कर रहे हैं।

गौरतलब है कि भाई-बहन के रिश्ते पर आधारित फिल्म रक्षाबंधन में अक्षय और भूमि के अलावा सहजमीत कौर, दीपिका खन्ना, सादिया खातीब और स्मृति श्रीकांत भी अहम भूमिका में होंगी। रिपोर्ट्स के अनुसार ये चारों फिल्म में अक्षय की बहन के किरदार में नजर आयेंगी। यह एक कॉमेडी ड्रामा फिल्म होगी। फिल्म ‘रक्षाबंधन’ को अक्षय कुमार ने अपनी बहन अलका हीरानंदानी को समर्पित किया है। फिल्म को अक्षय कुमार की बहन अलका हीरानंदानी फिल्ममेकर आनंद एल रॉय संग मिलकर प्रोड्यूस कर रही हैं। फिल्म को हिमांशु शर्मा ने लिखा है। निर्देशक आनंद एल रॉय हैं। फिल्म 11 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।

बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान और करीना कपूर खान की आगामी फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ इसी महीने 11 अगस्त को रिलीज होने वाली है। लेकिन फिल्म के रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर बीते कुछ दिनों से लगातार इस फिल्म के बॉयकॉट की मांग चल रही है। इस बीच मेकर्स ने मंगलवार को फिल्म का नया पोस्टर जारी किया है। खास बात यह है कि फिल्म के इस नए पोस्टर में एक्टर के चेहरे की जगह उनके पैर नजर आ रहे हैं।फिल्म के इस पोस्टर के जरिये मेकर्स ने सभी का ध्यान अभिनेता द्वारा पहने गए जूते की तरफ खींचने को कोशिश की है। फिल्म के इस पोस्टर को आमिर खान प्रोडक्शन हाउस ने सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा-‘ लाल सिंह चड्ढा की मम्मी कहती थी कि जूते बंदे का आईडेंटिटी कार्ड होता है। जानिए क्यों, नौ दिनों में! 11 अगस्त को आपके नजदीकी सिनेमाघरों में।’

गौरतलब है,फिल्म लाल सिंह चड्ढा में आमिर खान के साथ अभिनेत्री करीना कपूर खान और साउथ सुपरस्टार नागा चैतन्य लीड रोल में नजर आएंगे। फिल्म में अभिनेत्री मोना सिंह भी अहम भूमिका में होंगी। फिल्म में वह आमिर की माँ का किरदार निभा रही हैं। वहीं फिल्म में मानव विज भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आयेंगे।

फिल्म ‘लाल सिंह चड्ढा’ हॉलीवुड की साल 1994 में रिलीज हुई हिट फिल्म ‘फॉरेस्ट गम्प’ पर आधारित है। इस फिल्म की कहानी फॉरेस्ट गंप नामक किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है। जो दिमागी तौर पर भले ही पूरी तरह विकसित नहीं है, लेकिन उसने जीवन में कई मोड़ ऐसे आते हैं, जहां वो खुद को सर्वश्रेष्ठ साबित कर आगे बढ़ता जाता है। फिल्म लाल सिंह चड्ढा का निर्माण आमिर खान की प्रोडक्शन हाउस ने किया है, जबकि फिल्म के निर्देशक अद्वैत चंदन हैं।

पटना: केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कोर्ट से राजद प्रमुख को बड़ी राहत मिली है। उनका सिंगापुर में इलाज का रास्ता साफ हो गया है। लालू यादव के पासपोर्ट के नवीकरण की अनुमति मिल गयी है। इसके बाद अब वे जल्द ही इलाज के लिए सिंगापुर जा सकते हैं।

चारा घोटाला मामले की सुनवाई कर रही सीबीआई के पटना सिविल कोर्ट स्थित विशेष अदालत ने लालू प्रसाद को अपने पासपोर्ट के नवीकरण की अनुमति दे दी है। लालू के वकील सुधीर कुमार सिन्हा ने न्यायाधीश महेश कुमार की अदालत में लालू के पासपोर्ट के नवीकरण कराने की परमिशन मांगी थी, ताकि वे सिंगापुर जाकर बेहतर इलाज ले सके। सीबीआई के विशेष न्यायाधीश महेश कुमार की अदालत में एक आवेदन दाखिल कर लालू प्रसाद के वकील सुधीर कुमार सिन्हा ने इसकी अनुमति मांगी थी, क्योंकि पासपोर्ट की वैधता समाप्त हो गयी थी।

उल्लेखनीय है कि चारा घोटाले का एक मामला पटना के विशेष अदालत में लंबित है, जिसमें लालू प्रसाद भी आरोपित हैं। लालू प्रसाद यादव को भी आरोपित करार किया गया है। इस मामले को लेकर 10 अगस्त को अगली सुनवाई होने वाली है।

 

फाइल फोटो