Chhapra: जिले के रिवीलगंज में मूर्ति विसर्जन को लेकर विधि व्यवस्था का जायजा लेने सारण के जिलाधिकारी अमन समीर एवं पुलिस अधीक्षक डा कुमार आशीष रिवीलगंज पहुंचे।

दोनों अधिकारियों ने द्वारा रिवीलगंज थाना अंतर्गत महावीरी अखाड़ा जुलूस शोभा यात्रा में विधि व्यवस्था संधारण के दृष्टिगत गौतम स्थान, घाटों एवं अन्य संवेदनशील जगहों का निरीक्षण किया।

साथ ही पदाधिकारियों को पूरे मुस्तैदी के साथ विधि व्यवस्था को संभालने के निर्देश दिए। ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना ना घटे।

इस क्रम में पुलिस अधीक्षक, सारण द्वारा उचित दिशा निर्देश दिए गए तथा आम जनों से शांति एवं सौहार्दपूर्ण जुलूस सम्पन्न कराने की अपील की गई।

#SaranPolice #BiharPolice

Chhapra: शहर में भगवान बाजार भरत मिलाप आयोजन हुआ बृहस्पतिवार की रात में भाई श्री राम व भरत जब आपस में गले मिले तो सबकी आंखे नम हो गयी। राम और भरत ने एक दूसरे की कुशल पूछी। भरत ने पूछा भैया आप हमें छोड़कर क्यों चले आये। सभी अयोध्यावसी अनाथ हो गए हैं। यह कहकर भारत बिलख-बिलख कर रोने लगे भाई को रोता देख श्री राम भी भाव विहवल हो गये। चरणों से लगा लिया। दोनों की आंखों से प्रेम की आँसूधारा बह चली। आंखों की मूल भाषा ने एक दूसरे के दर्द और भाव को समझा।

इधर श्रद्धालुओं ने भी भातृप्रेम कि इस अनुपम दृश्य देख खुद को रोक नहीं पाये। कहीं तो बोल पड़े भाइयों का यह प्रेम अब तो दुर्लभ है। इधर व्याकुल भारत को समझाते हुए श्री राम ने रुंधे गले से माताओं- पिता का हाल पूछा। सबकी खैर जानी दोनों भाइयों देर तक गले लग रहे। इससे पहले भरत मिलाप को लेकर भब्य शोभायात्रा निकाली गयी। भरत जी, शत्रुघ्न जी के साथ भाई भगवान राम से मिलने के लिए के पूरे लाव लश्कर के साथ निकली। हाथी, घोड़ा बैंड बाजा के साथ भरत जी की शोभायात्रा निकली। रथ पर सवार होकर भरत जी, शत्रुघ्न जी एवं वशिष्ठ मुनि के साथ भाई राम से मिलने गये।

इनके साथ ही भगवान राम की आरती भी की गई इससे पहले मुख्य अतिथि छपरा नगर निगम पूर्व महापौर राखी गुप्ता एवं समाजसेवी ममता सिन्हा ने कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।

उन्होंने कहा की भाई भरत और मर्यादा पुरुषोत्तम राम का हमारे लिए आज भी आदर्श है। मौके पर वर्तमान उप महापौर रागिनी देवी, भरत मिलाप कमेटी के अध्यक्ष हरेंद्र यादव और अन्य लोग उपस्थित थे।

Chhapra: त्योहारों के अवसर पर नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को सुचारु करने को लेकर महापौर लक्ष्मी नारायण गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में शहर के सभी छठ पूजा घाटों की सफाई की समीक्षा की गईI

महापौर लक्ष्मीनारायण गुप्ता के द्वारा दिवाली एवं महा पर्व छठ पूजा को देखते हुए शहर शहर के सभी चिन्हित छठ घाट की ससमय सफाई कराने हेतु सभी वार्ड के सफाई निरीक्षक एवं सफाई एजेंसी को आदेश दिया गया। सभी घाटों के रास्तो में पोल पर स्ट्रीट लाइट लगाने एवं मरम्मती हेतु लाइट के नोडल पदाधिकारी अभय कुमार को आदेश दिया गया।

इसके साथ ही सभी घाटों की सफाई एवं व्रतियों के जाने हेतु सुगम आवागमन के साधन के लिए रास्ता बनाने के लिए सभी सफाई निरीक्षक एवं सफाई एजेंसी को आदेश दिया गया I

छठ पूजा को देखते हुए घाटों के रूट में नालो के ऊपर स्लैब टूटा या ख़राब होगा तो उसके बदलने हेतु आदेश दिया गया है I

बैठक में विद्यायक डॉ. सी.एन. गुप्ता ने सभी घाटों में साफ सफाई, स्ट्रीट लाइट, एवं महिलाओ के लिए ड्रेस चेंजिंग रूम का स्थापना करने हेतु सम्बंधित पदाधिकारी को आदेश दियाI

नगर आयुक्त सुनील कुमार पाण्डेय के द्वारा संबधित कर्मी एवं पदाधिकारी को सभी कार्य को यथाशिघ्र कराकर कार्यालय को सूचित करने के निर्देश दिएI

उप महापौर रागनी देवी द्वारा बताया गया कि पिछले साल जिस तरह से शहर के सभी घाटों की सफाई कराया गया था इस साल और सुंदर तरीके से करना है।

शहर के सभी 30 छठ घाट की सफाई कराने हेतु नगर आयुक्त सुनील कुमार पाण्डेय ने टीम को गठित कर दिया है। जिसके लिए नोडल पदाधिकारी उप नगर आयुक्त को आदेश दिया गया कि गठित टीम के माध्यम से शहर के 30 छठ घाटों की सफाई करा कर कार्यालय को सूचित करेंगे। जिसमे अजायब गंज घाट, ब्रह्मपुर नदी रेलवे घाट, 50 नंबर ढाला घाट, श्री घाट, काली घाट, सतघरवा घाट, सीढ़ी घाट, रावल टोला घाट, इत्यादि घाटों को सफाई ससमय कराया जायेगा।

महापौर ने कहा कि शहर के लोगों को सुविधा हेतु मै हमेशा तत्पर रहता हूँ, सफाई से सम्बंधित समस्या के लिए आवेदन के साथ कंट्रोल रूम के नम्बर 1800 345 6641 पर संपर्क कर सफाई का कार्य करा सकते है।

बैठक में उप नगर अजीत कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी, संजीव कुमार मिश्रा, सुमित कुमार, सिटी मैनेजर, वेद प्रकाश वर्णवाल, सिटी मिशन मैनेजर, सुधीर कुमार हिमांशु, लिपिक दीपक कुमार सफाई निरीक्षक, असगर अली, अखिलेश राय, राजनाथ राय, चंद्रमोहन यादव, आदि मौजूद थे I

आज का पंचांग
दिनांक 18/10/2024 शुक्रवार
कार्तिक कृष्णपक्ष प्रतिपदा
दोपहर 01:15 उपरांत द्वितीय
नक्षत्र अश्वनी
दोपहर 01:26 उपरांत भरणीं
विक्रम सम्वत :2081
चन्द्र राशि मेष सूर्योदय 05:50 सुबह
सूर्यास्त :05:19 संध्या,
चंद्रोदय :05:52 दोपहर
चंद्रास्त : 06:31 सुबह
ऋतू : शरद
चौघडिया,दिन
चौघड़िया :
चर 05:50 सुबह 07:16 सुबह,
लाभ 07:16 सुबह 08:42 सुबह
अमृत 08:42 सुबह 10:08 सुबह
काल 10:08 सुबह 11:34 सुबह
शुभ 11:34 सुबह 01:01 दोपहर
रोग 01:01 दोपहर 02:27 दोपहर
उद्देग 02:27 दोपहर 03:53 संध्या
चर 03:53 संध्या 05:19 संध्या
लगन :तुला
सुबह 08:05 उपरांत वृच्चिक लगन
राहुकाल
सुबह 10:08 से 11:34 सुबह
अभिजित मुहूर्त
सुबह 11:11 से 11:58 सुबह
दिशाशूल पच्छिम
यात्रा विचार : आज कही यात्रा पर जाने के पहले दही खाकर यात्रा करे यात्रा पूर्ण होगा.

आज का राशिफल

मेष (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)
यात्रा लाभदायक रहेगी। राजकीय सहयोग मिलेगा। सरकारी कामों में सहूलियत होगी। जीवनसाथी से सहयोग मिलेगा। घर में सुख-शांति रहेंगे। कारोबारी अनुबंध हो सकते हैं। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। पार्टनरों से सहयोग मिलेगा।
लकी नंबर 4 लकी कलर गुलाबी

वृष (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी, वू, वे, वो)
ऐश्वर्य के साधनों पर खर्च होगा। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी। मातहतों का सहयोग प्राप्त होगा। स्थायी संपत्ति के कार्य बड़ा लाभ दे सकते हैं। भाग्योन्नति के प्रयास सफल रहेंगे। शारीरिक कष्ट संभव है। भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
लकी नंबर 8 लकी कलर महरुम

मिथुन (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)
यात्रा लाभदायक रहेगी। संतान पक्ष से बुरी खबर मिल सकती है। डूबी हुई रकम प्राप्त होगी। व्यापार-व्यवसाय से मनोनुकूल लाभ होगा। नौकरी में प्रशंसा मिलेगी। जल्दबाजी से काम बिगड़ सकते हैं। नए उपक्रम प्रारंभ करने संबंधी योजना बनेगी।
लकी नंबर 7 लकी कलर हरा

कर्क(ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)
चोट व दुर्घटना से बड़ी हानि हो सकती है। पुराना रोग उभर सकता है। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। किसी व्यक्ति विशेष से कहासुनी हो सकती है। स्वाभिमान को ठेस पहुंच सकती है। दौड़धूप रहेगी। नकारात्मकता हावी रहेगी।
लकी नंबर 2 लकी कलर सफेद

सिंह (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)
दुष्टजनों से सावधानी आवश्यक है। फालतू खर्च पर नियंत्रण नहीं रहेगा। हल्की मजाक करने से बचें। अपेक्षित काम में विलंब होगा। बेकार की बातों पर ध्यान न दें। अपने काम से काम रखें। लाभ के अवसर मिलेंगे। विवेक का प्रयोग करें।
लकी नंबर 9 लकी कलर फिरोजा

कन्या (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)
मान-सम्मान मिलेगा। मेहनत का फल मिलेगा। कारोबार में वृद्धि के योग हैं। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। निवेश शुभ रहेगा। नौकरी में अधिकारी प्रसन्न रहेंगे। शत्रु तथा ईर्ष्यालु व्यक्तियों से सावधानी आवश्यक है। समय की अनुकूलता है।
लकी नंबर 5 लकी कलर लाल

तुला (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)
सामाजिक कार्य करने में मन लगेगा। योजना फलीभूत होगी। कार्यस्थल पर परिवर्तन हो सकता है। कारोबार मनोनुकूल लाभ देगा। नौकरी में अधिकार बढ़ सकते हैं। शेयर मार्केट, म्युचुअल फंड से लाभ होगा। आय में वृद्धि होगी। मान-सम्मान मिलेगा।
लकी नंबर 8 लकी कलर पिला

वृश्चिक (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)
चोट व रोग से कष्ट हो सकता है। बेचैनी रहेगी। प्रेम-प्रसंग में अनुकूलता रहेगी। पूजा-पाठ में मन लगेगा। सत्संग का लाभ मिलेगा। राजकीय बाधा दूर होकर लाभ की स्थिति बनेगी। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा।
लकी नंबर 4 लकी कलर संतरी

धनु(ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)
भागदौड़ अधिक रहेगी। वाणी में हल्के शब्दों के प्रयोग से बचें। मेहनत अधिक होगी। लाभ में कमी रह सकती है। कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। व्यवसाय-व्यापार मनोनुकूल चलेगा। आय बनी रहेगी। स्वास्थ्य का पाया कमजोर रहेगा, सावधानी रखें।
लकी नंबर 4 लकी कलर नीला

मकर (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)
पुरानी संगी-साथियों से मुलाकात होगी। उत्साहवर्धक सूचना प्राप्त होगी। फालतू खर्च होगा। स्वास्थ्य कमजोर रह सकता है। आत्मसम्मान बना रहेगा। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। भाइयों का सहयोग मिलेगा। कारोबार से लाभ होगा।
लकी नंबर 4 लकी कलर आसमानी

कुंभ (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)
बेरोजगारी दूर करने के प्रयास सफल रहेंगे। भेंट व उपहार की प्राप्ति संभव है। व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। शेयर मार्केट व म्युचुअल फंड से मनोनुकूल लाभ होगा। नौकरी में प्रभाव वृद्धि होगी। कोई बड़ा काम होने से प्रसन्नता रहेगी।
लकी नंबर 3 लकी कलर केशरी

मीन(दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)
पार्टी व पिकनिक का कार्यक्रम बनेगा। आनंद के साथ समय व्यतीत होगा। मनपसंद व्यंजनों का लाभ मिलेगा। रचनात्मक कार्य सफल रहेंगे। व्यापार मनोनुकूल लाभ देगा। नौकरी में प्रभाव वृद्धि होगी। किसी व्यक्ति से बहस हो सकती है।
लकी नंबर 1 लकी कलर भुरा

🙏आपका दिन मंगलमय हो🙏
🌺🌺🌺🌺🙏🌺🌺🌺🌺
ज्योतिषाचार्य संजीत कुमार मिश्रा
ज्योतिष , वास्तु एवं रत्न विशेषज्ञ 8080426594/9545290847

मुंबई, 17 अक्टूबर (हि.स.)। कंगना रनौत की बहुप्रतीक्षित फिल्म इमरजेंसी को आधिकारिक तौर पर सेंसर सर्टिफिकेट मिल गया है, जिससे इस फिल्म के जल्द रिलीज होने का रास्ता साफ़ हो गया है। इस फिल्म ने काफी चर्चा बटोरी है, जिसमें कंगना पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभाती नजर आएंगी।

सोशल मीडिया पर खबर शेयर करते हुए कंगना रनौत ने ट्वीट किया, “हमें यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हमें अपनी फिल्म इमरजेंसी के लिए सेंसर सर्टिफिकेट मिल गया है। हम जल्द ही रिलीज की तारीख की घोषणा करेंगे। आपके धैर्य और समर्थन के लिए धन्यवाद।”

कंगना रनौत के साथ फिल्म की टीम अब फिल्म की रिलीज की तैयारी कर रही है और जल्द ही आधिकारिक तारीख की घोषणा करेगी। फिल्म में कंगना रनौत के अलावा अनुपम खेर, महिमा चौधरी, मिलिंद सोमन, श्रेयस तलपड़े, विशाक नायर और दिवंगत सतीश कौशिक भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। ज़ी स्टूडियोज़ और मणिकर्णिका फ़िल्म्स द्वारा निर्मित, फ़िल्म का संगीत संचित बलहारा और जी वी प्रकाश कुमार ने तैयार किया है, जबकि पटकथा और संवाद रितेश शाह ने लिखे हैं।

नई दिल्ली, 17 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय रेलवे ने एडवांस टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब एडवांस रिजर्वेशन की समयसीमा 120 दिनों से घटा कर 60 दिन कर दी गयी है। यात्री अब 4 महीने की बजाय 2 महीने पहले से रिजर्वेशन करवा पाएंगे। हालांकि विदेशी पर्यटकों के लिए 365 दिनों की समयसीमा में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।

रेल मंत्रालय के अनुसार मंत्रालय ने 1 नवंबर से टिकटों के एडवांस आरक्षण की समय सीमा को यात्रा के दिन को छोड़कर 120 दिनों से घटाकर 60 दिन कर दिया है। रेलवे का ये नियम 1 नवंबर से लागू होगा।

अब तक जिन लोगों ने पहले से ही बुकिंग करवा रखी है, उनका रिजर्वेशन बरकरार रहेगा। 31 अक्‍टूबर तक लोग 120 दिनों के भीतर यात्रा के लिए रिजर्वेशन करवा सकते हैं, लेकिन उसके बाद नया नियम लागू हो जाएगा।

रेलवे के निदेशक यात्री विपणन-II संजय मनोचा ने परिपत्र में स्पष्ट किया कि विदेशी पर्यटकों के लिए 365 दिनों की समयसीमा में कोई परिवर्तन नहीं होगा। टिकट के एडवांस आरक्षण की कम अवधि का असर 31 अक्टूबर से पहले की गई बुकिंग पर भी नहीं पड़ेगा।

मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि ताज एक्सप्रेस और गोमती एक्सप्रेस जैसी कुछ एक्सप्रेस ट्रेनों के मामले में अग्रिम आरक्षण समय सीमा में कोई बदलाव नहीं होगा, जहां पहले से ही कम समय सीमा लागू है।

भोपाल, 17 अक्टूबर (हि.स.)। देश वासियों ने शरदोत्‍सव बुधवार की रात्रि में खीर खाकर मना लिया हो, लेकिन वैज्ञानिक रूप से शरद पूर्णिमा गुरुवार की रात मनाई गई। इस दौरान चांद अपनी अधिकतम चकम के साथ चमकता हुआ नजर आया। खासकर खगोल विज्ञान में रुचि रखने वाले लोगों के लिए यह पल इसलिए भी खास बन गया, क्योंकि चंद्रमा इस दौरान साल की सबसे तेज चमक के साथ आकाश में चमक रहा है। यह रात भर इसी तेज चमक के साथ अपनी चांदनी बिखेरेगा।

नेशनल अवार्ड प्राप्‍त विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने शरद पूर्णिमा के चांद की चमक के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रमा आज गुरुवार की शाम इस साल के लिये पृथ्‍वी के सबसे नजदीक आकर मात्र तीन लाख 57 हजार 364 किलोमीटर की दूरी पर मौजूद था। खगोल विज्ञान में सुपरमून कही जाने वाले इस घटना में नजदीकियों के कारण यह माईक्रोमून की तुलना में लगभग 14 प्रतिशत बड़ा और 30 प्रतिशत ज्‍यादा चमक के साथ आकाश में अपनी चांदनी बिखेर रहा है। शाम को उदित होता चंद्रमा विशाल लाल गोले के रूप में था, तो कुछ देर बाद यह चांदी की तरह चमकने लगा। इसकी चमक माईनस 12. 76 मैग्‍नीटयूड है।

क्‍या होता है सुपरमून

विज्ञान प्रसारक सारिका ने बताया कि पृथ्‍वी के चारों ओर परिक्रमा करता चंद्रमा गोलाकार पथ में नहीं घूमता, बल्कि अंडाकार पथ में चक्‍कर लगाता है। इस कारण उसकी पृथ्‍वी से दूरी बढ़कर कभी 406,700 किमी हो जाती है तो कभी यह 356,500 किमी तक पास भी आ जाता है। जब चंद्रमा पृथ्‍वी के पास आया हो और उस समय पूर्णिमा आती है तो चंद्रमा लगभग 14 प्रतिशत बड़ा और 30 प्रतिशत अधिक चमकदार दिखाई देता है। इसे ही सुपरमून कहा जाता है। आज हमें शरद पूर्णिमा पर साल का सबसे नजदीकी सुपरमून देखने का अवसर मिला है। उन्होंने क‍हा कि अब अगले निकटतम सुपरमून के लिए 05 नवम्‍बर 2025 का इंतजार करना होगा।

वाराणसी 17 अक्टूबर,2024: रेलवे की रेल मदद सुविधा यात्रियों की यात्रा को सुविधाजनक बना रही है। रेल यात्रा के दौरान किसी भी सहायता के लिए रेल यात्री इसके माध्यम से मदद मांग रहे हैं और रेलवे द्वारा मदद पहुंचाई भी जा रही है।

दिनांक 17 अक्टूबर 2024 को दोपहर गाड़ी सं 04652 अमृतसर –जयनगर क्लोन हमसफर एक्सप्रेस गाड़ी के वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के B-4 कोच में बर्थ सं 1 एवं 2 पर अम्बाला कैंट से समस्तीपुर की यात्रा कर रहे अल्बसार आलम एवं उनकी पत्नी द्वारा रेल मदद के माध्यम से अपने छोटे बच्चे को फिड कराने के लिए एक बोतल गर्म दूध उपलब्ध कराने की मांग किया।

यह सूचना उक्त गाड़ी में कोई पैंट्री कार नहीं होने के करण गाड़ी के छपरा पहुंचने के पूर्व रेल मदद के माध्यम से वाराणसी मंडल के कमर्शियल कंट्रोल को मिली । कन्ट्रोल ने छपरा रेलवे स्टेशन पर कार्यरत टिकट परीक्षक प्रतिमा कुमारी को इस बाबत सूचित किया जिसके बाद उन्होंने गाड़ी पहुंचने से पहले दूध की व्यवस्था की और गाड़ी के छपरा पहुंचते ही यात्री अल्बसार आलम को गर्म दूध पहुंचाया।

इस कार्य के लिये अल्बसार आलम एवं उनकी पत्नी ने रेलवे द्वारा मदद की गुहार पर त्वरित कार्यवाही के लिए आभार प्रकट किया और रेल कर्मचारी को धन्यवाद दिया।

वहीं दूसरी ओर आनन्द विहार टर्मिनल से रक्सौल जा रही परेशान महिला यात्री ने जब रास्ते में मदद मांगी तो छपरा में उसकी सीट पर सेनेटरी पैड (नैपकिन) पहुंच गया। रेल मदद के माध्यम से कंट्रोल रूम से मिली सूचना के बाद छपरा रेलवे स्टेशन स्थित टी सी कार्यालय ने संकोच नहीं किया, बल्कि अपने दायित्व बोध का परिचय कराया। रेलकर्मियों ने मानव संवेदना दिखाते हुए बाजार से पैड खरीदकर सद्भावना एक्सप्रेस ट्रेन के छपरा जं पहुंचने पर महिला यात्री को उपलब्ध कराया। साथ ही यात्री का कुशलक्षेम भी जाना। रेलवे की इस पहल पर यात्री ने आभार तो जताया ही, साथ चल रहे लोगों ने भी सराहना की।

महिला यात्री 17 अक्टूबर को गाड़ी सं-14018 आनन्द विहार टर्मिनल-रक्सौल सद्भावना एक्सप्रेस के वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के B-1 कोच के बर्थ नंबर 11 पर यात्रा कर रही थी। ट्रेन बलिया से आगे बढ़ी तो यात्री की मुश्किलें बढ़ गईं। वह अपने आप को असहज महसूस करने लगी। यात्रियों की भीड़ के बीच जब कुछ भी नहीं सूझा तो उन्होंने रेल मदद एप के माध्यम से रेलवे से सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने की गुहार लगा दी। उनकी मांग कंट्रोल रूम होते हुए छपरा स्टेशन स्थित टी सी कार्यालय पहुंच गई। टी सी कार्यालय को यह मांग कुछ अटपटी लगी, लेकिन टी सी श्रीमती प्रतिमा कुमारी ने स्त्री सुलभ संवेदनाओं को ध्यान में रखते हुए कोई संकोच नहीं किया। कार्यालय सहयोगी को बाजार भेजकर पैड मंगाकर रख लिया। जैसे ही प्लेटफार्म नंबर तीन पर पहुंची उन्होंने स्वयं जाकर महिला यात्री को निर्धारित सीट पर पैड उपलब्ध करा दिया।

बकौल टी सी छपरा महिला यात्री ने रेलवे को थैंक्स बोला और पैड की कीमत भी दे दी। रेल मदद एप व अन्य माध्यमों से यात्री अपनी समस्याएं और शिकायतें रेलवे तक पहुंचाते रहते हैं, लेकिन यह पहला अवसर है जब किसी महिला यात्री ने पैड की मांग की गई।

पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में रेल मदद एप पर मिली शिकायतों का 15 से 30 मिनट में निस्तारण कर दिया जाता है। वाराणसी मंडल रेल मदद के माध्यम से पानी ,दूध, बेबी फ़ूड,जीवन रक्षक मेडिसिन, चिकित्सा सेवाएँ एवं सेनेटरी पैड भी उपलब्ध करा रहा है ।

वाराणसी, 17 अक्टूबर, 2024: रेलवे प्रशासन द्वारा पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के गोरखपुर-गोंडा रेल खंड पर स्थित डोमिनगढ़-जगतबेला के मध्य आटोमेटिक सिगनलिंग कार्य एवं गोरखपुर कैंट-गोरखपुर तीसरे लाइन के परिप्रेक्ष्य में डोमिनगढ़ स्टेशन पर 14 से 25 अक्टूबर, 2024 तक प्री-नान इंटरलाॅकिंग कार्य तथा 26 एवं 27 अक्टूबर, 2024 को नाॅन इंटरलाॅकिंग कार्य किये जाने के कारण गाड़ियों का शार्ट टर्मिनेशन/शार्ट ओरिजिनेशन, निरस्तीकरण, मार्ग परिवर्तन, रि-शिड्यूलिंग एवं नियंत्रण किया गया था, जिनमें कुछ गाड़ियों का ट्रेन संचलन की बहाली, शार्ट टर्मिनेशन/शार्ट ओरिजिनेशन में संशोधन, मार्ग परिवर्तन में संशोधन तथा नियंत्रण में संशोधन निम्नवत् किया जायेगा।

ट्रेन संचलन की बहाली-
– पूर्व में 16 से 26 अक्टूबर, 2024 तक निरस्त की गयी 11123 ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस का संचलन 16 से 22 अक्टूबर, 2024 तक बहाल कर दिया गया है।

– पूर्व में 17 से 27 अक्टूबर, 2024 तक निरस्त की गयी 11124 बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस का संचलन 17 से 23 अक्टूबर, 2024 तक बहाल कर दिया गया है।

शार्ट टर्मिनेशन/शार्ट ओरिजिनेशन में संशोधन-
– गोरखपुर से 16 एवं 23 अक्टूबर, 2024 को चलने वाली 09112 गोरखपुर-वडोदरा विशेष गाड़ी परिवर्तित मार्ग गोमतीनगर-ऐशबाग-मानकनगर के रास्ते गोरखपुर के स्थान पर गोमतीनगर से 09.30 बजे चलकर ऐशबाग से 10.32 बजे छूटेगी। यह गाड़ी गोरखपुर से लखनऊ के मध्य निरस्त रहेगी।

– आनन्द विहार टर्मिनस से 16 एवं 23 अक्टूबर, 2024 को चलने वाली 15058 आनन्द विहार टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग आलमनगर के रास्ते गोरखपुर के स्थान पर लखनऊ जं. स्टेशन पर 02.00 बजे पहुँच कर यात्रा समाप्त करेगी। यह गाड़ी लखनऊ से गोरखपुर के मध्य निरस्त रहेगी।

– गोरखपुर से 17 एवं 24 अक्टूबर, 2024 को चलने वाली 15057 गोरखपुर-आनन्द विहार टर्मिनस एक्सप्रेस परिवर्तित मार्ग आलमनगर के रास्ते गोरखपुर के स्थान पर लखनऊ जं. से 02.22 बजे चलायी जायेगी। यह गाड़ी गोरखपुर से लखनऊ के मध्य निरस्त रहेगी।

– दौराई से 19 एवं 26 अक्टूबर, 2024 को चलने वाली 09657 दौराई-बढ़नी विशेष गाड़ी बढ़नी के स्थान पर गोमतीनगर स्टेशन पर 08.50 बजे पहुँचकर यात्रा समाप्त करेगी। यह गाड़ी गोमतीनगर से बढ़नी के मध्य निरस्त रहेगी।

– छपरा से 14 से 27 अक्टूबर, 2024 तक चलने वाली 15105 छपरा-नौतनवा एक्सप्रेस नौतनवा के स्थान पर गोरखपुर कैंट स्टेशन पर 09.45 बजे पहुँचकर यात्रा समाप्त करेगी। यह गाड़ी गोरखपुर कैंट से नौतनवा के मध्य निरस्त रहेगी।

संशोधित मार्ग परिवर्तन-
– कटिहार से 16 अक्टूबर, 2024 को चलने वाली 05736 कटिहार-अमृतसर विशेष गाड़ी निर्धारित गोरखपुर-बस्ती-गोण्डा के स्थान पर परिवर्तित मार्ग गोरखपुर-बढ़नी-गोण्डा के रास्ते चलायी जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव बस्ती स्टेशन पर नहीं दिया जायेगा।

– लोकमान्य तिलक टर्मिनस से 13 से 26 अक्टूबर, 2024 तक चलने वाली 20103 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस निर्धारित मार्ग गोण्डा-बस्ती के स्थान पर परिवर्तित मार्ग गोण्डा-बढ़नी के रास्ते चलायी जायेगी। मार्ग परिवर्तन के फलस्वरूप इस गाड़ी का ठहराव मसकनवा, बभनान, बस्ती, खलीलाबाद स्टेशनों पर नहीं दिया जायेगा।

संशोधित नियंत्रण-
– अमृतसर से 27 अक्टूबर, 2024 को चलने वाली 12204 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस अमृतसर से 120 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलायी जायेगी।

– गोरखपुर से 16 अक्टूबर, 2024 को चलने वाली 09044 गोरखपुर-दहानू रोड विशेष गाड़ी गोरखपुर से 30 मिनट विलम्ब से चलायी जायेगी।

बेंगलुरु, 17 अक्टूबर (हि.स.)। बेंगलुरू के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन गुरुवार को भारत 46 रन पर आउट हो गया, जो घरेलू मैदान पर उसका न्यूनतम स्कोर है।

यह टेस्ट मैचों में भारत का तीसरा सबसे कम स्कोर है। मैट हेनरी और विलियम ओ’रूर्के ने भारतीय पारी को समेटने में मुख्य भूमिका निभाई, जिन्होंने क्रमशः पांच और चार विकेट लिए, और भारतीय टीम को दो सत्रों के भीतर ही समेट दिया।

केवल ऋषभ पंत (20) और यशस्वी जायसवाल (13) ही दोहरे अंक का स्कोर बना पाए, जबकि भारत के पांच बल्लेबाज – विराट कोहली, सरफराज खान, केएल राहुल, रायचंद्रन अश्विन और जसप्रीत बुमराह – शून्य पर आउट हो गए।

घरेलू मैदान पर भारत का सबसे कम टेस्ट स्कोर-

1) 46 बनाम न्यूजीलैंड, बेंगलुरु, 2024

2) 75 बनाम वेस्टइंडीज, दिल्ली, 1987

3) 76 बनाम दक्षिण अफ्रीका, अहमदाबाद, 2008

Chhapra: नगर विकास आवास विभाग के द्वारा प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना 2.0 के अंतर्गत लाभार्थी आधारित आवास निर्माण घटक हेतु पात्र लाभुकों का सर्वेक्षण करने करने का आदेश दिया है। जिसके लिए छपरा नगर निगम की ओर से टीम का गठन किया गया है।

नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडे ने विभिन्न वार्डों के लिए नोडल पदाधिकारी, निरीक्षी पदाधिकारी और सर्वेक्षण कर्ता की सूची जारी कर दी है। इस सभी को एक हफ्ते के अंदर सर्वेक्षण कर कार्यालय को सूचित करने का आदेश दिया गया है।

 

चंडीगढ़, 17 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने लाडवा के विधायक नायब सैनी को 15वीं विधानसभा के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही राज्यपाल ने 11 कैबिनेट और दाे राज्यमंत्रियाें काे भी शपथ दिलाई।

पंचकूला के दशहरा मैदान में गुरुवार काे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई कई राज्यों के मुख्यमंत्री और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

समाराेह में राज्यपाल दत्तात्रेय ने सबसे पहले नायब सैनी को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इसके बाद प्रोटोकॉल के अनुसार नंबर दो पर अंबाला छावनी के विधायक अनिल विज ने बतौर कैबिनेट मंत्री शपथ ग्रहण ली।

इसके बाद तीसरे नंबर पर इसराना के विधायक कृष्ण लाल पंवार, चौथे नंबर पर बादशाहपुर के विधायक राव नरबीर सिंह को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। राज्यपाल ने पांचवें नंबर पर पानीपत ग्रामीण के विधायक महीपाल ढांडा, छठे नंबर पर फरीदाबाद के विधायक विपुल गोयल, सातवें नंबर पर गोहाना के विधायक डॉ. अरविंद कुमार शर्मा, आठवें नंबर पर रादौर के विधायक श्याम सिंह राणा, नौवें नंबर पर बरवाला के विधायक रणबीर गंगवा, दसवें नंबर पर नरवाना विधानसभा हलके से विधायक कृष्ण कुमार बेदी को मंत्री पद की शपथ दिलाई।

इसके बाद 11वें नंबर पर तोशाम से विधायक श्रुति चौधरी, 12वें नंबर पर अटेली से विधायक एवं केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की बेटी आरती सिंह राव, 13वें नंबर पर तिगांव हलके से विधायक राजेश नागर को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार तथा 14वें नंबर पर पलवल के विधायक गौरव गौतम को राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार के पद पर शपथ दिलाई गई।

समाराेह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडऩवीस, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिसवा सरमा, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुषकर धामी, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, रामदास अठावले, मनोहर लाल, नितिन गडकरी, अश्वनी वैष्णव, कृष्ण पाल, राव इंद्रजीत समेत कई लोकसभा, राज्यसभा के सांसद मौजूद रहे। शपथ ग्रहण समारोह की खास बात यह रही कि खिलाड़ी, किसान, उद्योगपति, कर्मचारी, मजदूर, ड्रोन दीदी आदि के लिए अलग-अलग ब्लाक बनाए गए थे।