Chhapra: सक्रिय पुलिसिंग के तहत सारण पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में STF टीम एवं मकेर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 10 वर्षों से फरार वांछित नक्सली पंकज राय को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 21 मार्च 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मकेर थाना कांड संख्या 50/16 (दिनांक 02 मई 2016) के वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। उक्त कांड में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम तथा यूएपीए एक्ट की गंभीर धाराएं दर्ज हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पंकज राय (पिता स्व. सुरेंद्र राय), निवासी ग्राम पृथ्वीपुर, थाना पानापुर, जिला सारण के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा मामले में अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध पानापुर थाना में वर्ष 2011 एवं 2012 में दर्ज कई मामलों में हत्या के प्रयास, हिंसा, विस्फोटक पदार्थों के उपयोग सहित अन्य गंभीर आरोप शामिल हैं। अन्य आपराधिक इतिहास का सत्यापन किया जा रहा है।
इस संयुक्त अभियान में मकेर थाना के थानाध्यक्ष एवं अन्य पुलिस कर्मियों के साथ-साथ STF टीम के जवान शामिल थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी इसी प्रकार सघन अभियान जारी रहेगा।















