Chhapra/Baniyapur: बनियापुर थाना पुलिस ने लूटपाट एवं छिनतई की योजना बना रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के पास से एक पिस्टल, तीन मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन एवं दो कैंची बरामद की है। मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त 2026 को बनियापुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि डाढ़ी-बाढ़ी चवर स्थित ब्रह्मस्थान के पास कुछ लोग चार मोटरसाइकिलों से जमा हैं और उनके पास अवैध हथियार हैं। सूचना थी कि सभी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए बनियापुर थाना पुलिस टीम तत्काल डाढ़ी-बाढ़ी चवर स्थित ब्रह्मस्थान के पास पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही वहां मौजूद लोग मोटरसाइकिलों से भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर दो लोगों को दो मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मेहताब आलम, पिता असगर साह, निवासी शेखपुरा, थाना सहाजितपुर, सारण तथा अमानत साह, पिता असरफ साह, निवासी शेखपुरा, थाना सहाजितपुर, सारण के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा जांच एवं तलाशी के दौरान एक पिस्टल, तीन मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन एवं दो कैंची बरामद की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपितों ने बताया कि वे लोग लूटपाट एवं छिनतई की योजना बना रहे थे। इसी उद्देश्य से सभी लोग वहां एकत्रित हुए थे। अंधेरा होने के बाद सुनसान रास्ते पर राहगीरों को आग्नेयास्त्र का भय दिखाकर लूटपाट एवं छिनतई करने की योजना थी।
इस मामले में बनियापुर थाना कांड संख्या-647/26, दिनांक 10 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4), 310(5), 3(5) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)1/26/35 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों के विरुद्ध अग्रतर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी:
- 01 पिस्टल
- 03 मोटरसाइकिल
- 02 मोबाइल फोन
- 02 कैंची



















