सारण, 26 सितंबर (हि.स.)। रेलवे स्टेशन छपरा जंक्शन पर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सुरक्षा बलों को सफलता मिली है। आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने प्लेटफार्म संख्या 04/05 पर संदिग्ध रूप से घूम रहे तीन मोबाइल चोरों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी के चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने स्वीकार किया कि ये मोबाइल उन्होंने ट्रेन संख्या 11124, 15203 और 15232 एक्सप्रेस के सोए हुए यात्रियों से चुराए थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुदरी बाजार छपरा निवासी साहिल कुमार, भगवान बाजार छपरा निवासी अमन कुमार और कटिहार के आजमनगर निवासी मोनू कुमार सिंह के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपितों की निशानदेही पर टीम ने भगवान बाजार स्थित एक ढाबे पर छापेमारी की। वहाँ से चोरी का एक और मोबाइल बरामद करते हुए ढाबा संचालक व चोरी का सामान खरीदने वाले शिव बाजार छपरा निवासी धर्मेन्द्र चौधरी को भी गिरफ्तार कर लिया।इस प्रकार कार्रवाई में कुल 5 चोरी के मोबाइल फोन जब्त किए गए।
आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चारों आरोपितों को बरामद फोन के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु जीआरपी छपरा के सुपुर्द कर दिया गया। इस सफल अभियान में आरपीएफ के उप निरीक्षक विशाल, एएसआई रामनाथ, सीआईबी के हेड कांस्टेबल रामसूरत, कांस्टेबल दिलीप कुमार जीआरपी के कांस्टेबल रविंद्र कुमार भानु प्रताप सिंह और टास्क टीम के जवान शामिल थे।

















