Chhapra: महाराजगंज संसदीय क्षेत्र के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल के प्रयास से पैगंबरपुर से सिकटिया तक प्रस्तावित सड़क को पथ निर्माण विभाग की कार्य योजना में शामिल कर लिया गया है।
इस संबंध में पथ निर्माण मंत्री दिलीप जायसवाल ने सांसद के लिखित आग्रह पर विभागीय सचिव को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
प्रस्तावित सड़क पैगंबरपुर स्थित एनएच-331 से जनता बाजार होते हुए सिकटिया तक जाएगी, जिसकी कुल लंबाई 15.385 किलोमीटर होगी। सांसद की अनुशंसा पर इस मार्ग के मजबूतीकरण एवं चौड़ीकरण के लिए विभाग द्वारा लगभग 46 करोड़ 65 लाख 46 हजार रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है।
सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद पैगंबरपुर, जनता बाजार और महाराजगंज के बीच आवागमन सुगम हो जाएगा। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा और स्थानीय व्यापार एवं आवागमन को भी गति मिलने की उम्मीद है।
योजना को स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाने की संभावना है।















