Chhapra: लोक आस्था, सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ रविवार को अपने सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंचेगा। चार दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे दिन आज छठव्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए छपरा सहित पूरे सारण जिले के विभिन्न नदी घाटों, तालाबों और जलाशयों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी।
सूर्यास्त के समय व्रती पारंपरिक तरीके से सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल तथा अन्य पूजन सामग्री सजाकर जल में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इस दौरान छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की जाएगी।
घाटों पर दिखेगा आस्था का अद्भुत संगम
छठ को लेकर घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, सजावट और सुरक्षा की व्यवस्थाएं की गई हैं। घरों से लेकर बाजारों तक छठ गीतों की गूंज सुनाई दे रही है। व्रतियों के साथ परिवार के सदस्य भी पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ अनुष्ठान में जुटे हैं।
कल उदीयमान सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य
सोमवार की सुबह उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती पारण कर 36 घंटे के निर्जला उपवास का समापन करेंगे।



















