Chhapra/Manjhi: सारण जिले के मांझी राम घाट पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर छपरा की विधायक छोटी कुमारी ने क्षेत्र की तीन महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की मांग रखी।
उन्होंने रिविलगंज से सिताबदियारा के बीच स्थायी पुल निर्माण को लेकर पत्र सौंपा और मौखिक रूप से भी आग्रह किया। इसके अलावा बिशुनपुरा से रिविलगंज तक मरीन ड्राइव का शीघ्र निर्माण कराने तथा भगवान हनुमान जी के ननिहाल के रूप में प्रसिद्ध अहिल्या स्थान गोदना को राम सर्किट से जोड़ने की मांग की।
रिविलगंज-सिताबदियारा पुल की मांग पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि अब यहां पीपापुल नहीं, बल्कि स्थायी पुल का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए वे शीघ्र ही केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर आवश्यक पहल करेंगे।
विधायक छोटी कुमारी ने कहा कि स्थायी पुल बनने से हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वहीं, बिशुनपुरा से रिविलगंज तक मरीन ड्राइव बनने से क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होगा और विकास को गति मिलेगी। अहिल्या स्थान गोदना को राम सर्किट से जोड़ने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री द्वारा अपने संबोधन में स्थायी पुल निर्माण का भरोसा दिए जाने से क्षेत्रवासियों में वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद जगी है।



















