Chhapra: वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार द्वारा शुक्रवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आम नागरिकों की शिकायतें सुनी गईं। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें एसएसपी के समक्ष रखीं।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। पुलिस कार्यालय की ओर से बताया गया कि प्राप्त सभी आवेदनों पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने जानकारी दी कि पुलिस कार्यालय, छपरा में प्रत्येक कार्य दिवस पर सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित की जाती है, ताकि आम नागरिक अपनी शिकायतें सीधे पुलिस अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कर सकें और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

















