Chhapra: शहर के डाकबंगला रोड स्थित एसएसपी आवास के पास रविवार को बारिश और हल्की आंधी के दौरान एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से सड़क पर चारपहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। घटना के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और न ही किसी के हताहत होने की सूचना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में डाकबंगला रोड पर नाला और फुटपाथ निर्माण कार्य के दौरान पेड़ों की जड़ों के आसपास की मिट्टी हटा दी गई थी। इसके कारण पेड़ों की पकड़ कमजोर हो गई और हल्की आंधी में ही पेड़ सड़क पर गिर गया। लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य के दौरान पेड़ों की सुरक्षा को लेकर पर्याप्त सावधानी नहीं बरती गई।
डाकबंगला रोड छपरा की प्रमुख सड़कों में से एक है, जिसकी पहचान सड़क के दोनों ओर लगे पुराने और बड़े पेड़ों से रही है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में यहां कई पुराने पेड़ गिर चुके हैं। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने शहर में हरित संरक्षण और शहरी विकास के बीच संतुलन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि पुराने पेड़ गिर रहे हैं, तो उसी अनुपात में नए पौधे लगाए जाने चाहिए। लेकिन शहर में वृक्षारोपण की गति बेहद धीमी दिखाई दे रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्यों के दौरान पेड़ों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और डाकबंगला रोड सहित शहर के अन्य इलाकों में बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए।
फिलहाल प्रशासन द्वारा सड़क से गिरे हुए पेड़ को हटा दिया गया है, यातायात सामान्य हो गया है।




















